Breaking

Friday, May 23, 2025

महिला महाविद्यालय जींद और जिला बार एसोसिएशन के मध्य ऐतिहासिक MoU पर हस्ताक्षर

महिला महाविद्यालय जींद और जिला बार एसोसिएशन के मध्य ऐतिहासिक MoU पर हस्ताक्षर
जींद — प्रियदर्शिनी इंदिरा गांधी राजकीय महिला महाविद्यालय, जींद और जिला बार एसोसिएशन, जींद के मध्य आज एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। इस MoU का उद्देश्य छात्राओं को न्यायिक प्रक्रिया, विधिक सहायता, नागरिक अधिकारों एवं कर्तव्यों के बारे में व्यावहारिक जानकारी प्रदान करना है।
इस अवसर पर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अधिवक्ता विकास लोहान ने कहा:
"यह साझेदारी छात्राओं को अदालत की कार्यप्रणाली और विधिक प्रणाली को समझने का अनूठा अवसर देगी। इससे उनमें व्यावहारिक समझ और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित होगी। हम छात्राओं के लिए एक सकारात्मक वातावरण तैयार करने हेतु प्रतिबद्ध हैं।"
सचिव अधिवक्ता संदीप कौशिक ने कहा:
"इस MoU के माध्यम से छात्राएं केवल पाठ्यक्रम की पढ़ाई तक सीमित नहीं रहेंगी, बल्कि न्याय व्यवस्था के विभिन्न पहलुओं से भी परिचित होंगी। यह कदम उनके आत्मविश्वास और व्यावसायिक विकास में सहायक सिद्ध होगा।"
महाविद्यालय के प्राचार्य जय नारायण गहलावत ने कहा:
"यह सहयोग राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 की भावना के अनुरूप है, जो अनुभवजन्य शिक्षा और वास्तविक जीवन से जुड़ाव पर बल देती है। छात्राओं को सामाजिक न्याय, विधिक चेतना और व्यावहारिक ज्ञान का समावेश इसी प्रकार की पहल से संभव होता है।"
इस अवसर पर जितेन्द्र कुमार, बर्सर और मोहित रांगी, प्लेसमेंट सेल कोऑर्डिनेटर भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। दोनों ने इस पहल की सराहना की और इसे छात्राओं के भविष्य निर्माण की दिशा में सशक्त कदम बताया।
इस MoU के अंतर्गत छात्राओं को न्यूनतम 120 घंटे की इंटर्नशिप, अदालतों का अवलोकन, विधिक दस्तावेजों की तैयारी, केस स्टडीज़ और लोक अदालतों में भागीदारी जैसे अनुभव प्राप्त होंगे। यह MoU एक वर्ष के लिए प्रभावी रहेगा, जिसे आवश्यकतानुसार आगे बढ़ाया जा सकेगा।

No comments:

Post a Comment