मंत्री विपुल गोयल ने ‘दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना’ के लिए मुख्यमंत्री का जताया आभार
पात्र महिलाएं ऐप के माध्यम से घर बैठे ही कर पाएंगी आवेदन
चंडीगढ़ : हरियाणा सरकार ने महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और उनकी सामाजिक स्थिति को मजबूत करने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए ‘दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना’ को कैबिनेट की मंजूरी प्रदान की है। इस योजना के तहत राज्य की पात्र महिलाओं को प्रतिमाह 2100 रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी, जिसका शुभारंभ 25 सितंबर 2025 से पंडित दीन दयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर किया जाएगा। कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने इस योजना को महिला उत्थान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का धन्यवाद ज्ञापित किया।
‘दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना’ का मुख्य उद्देश्य हरियाणा की महिलाओं को आर्थिक स्वतंत्रता प्रदान करना, लैंगिक समानता को बढ़ावा देना और उनके जीवन स्तर में सुधार लाना है। कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा, “यह योजना न केवल महिलाओं को वित्तीय सहायता प्रदान करेगी, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर बनाकर समाज में उनकी सक्रिय भागीदारी को सुनिश्चित करेगी। यह हरियाणा सरकार की उस प्रतिबद्धता का हिस्सा है, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के चार स्तंभों में महिलाओं की अहम भूमिका को रेखांकित करती है।
उन्होंने आगे कहा कि यह योजना भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधानसभा चुनावों के दौरान किए गए वादों का हिस्सा है, जिसे सरकार ने अपने संकल्प पत्र को ‘गीता के समान’ मानते हुए लागू करने का निर्णय लिया है। इस योजना के लिए पहले चरण में 5000 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया गया है।
कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने योजना की प्रमुख विशेषताओं पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह योजना चरणबद्ध तरीके से लागू की जाएगी। जिसमें पात्र महिलाओं को हर माह 2100 रुपये की राशि सीधे उनके बैंक खाते में डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से हस्तांतरित की जाएगी। पहले चरण में उन परिवारों की महिलाओं को लाभ मिलेगा, जिनकी वार्षिक आय 1 लाख रुपये तक है। इसमें विवाहित और अविवाहित दोनों प्रकार की महिलाएं शामिल हैं। लाभ लेने के लिए महिला या उसके पति का हरियाणा में कम से कम 15 वर्ष का स्थायी निवास होना अनिवार्य है। उन्होंने बताया कि योजना का लाभ 23 वर्ष या उससे अधिक आयु की महिलाओं को मिलेगा।
No comments:
Post a Comment