Breaking

Monday, September 29, 2025

एवीटी टीम ने सात तोले सोना-200 ग्राम चांदी बरामद कर जीता विश्वास, ग्रामीणों ने किया सम्मानित

एवीटी टीम ने सात तोले सोना-200 ग्राम चांदी बरामद कर जीता विश्वास, ग्रामीणों ने किया सम्मानित
कैथल: एंटी व्हीकल स्टाफ (एवीटी) टीम की कार्रवाई से पुलिस का मान बढ़ा दिया है। गांव भागल में हुए चोरी के एक मामले में एवीटी टीम ने न केवल छह आरोपियों को पकड़ लिया, बल्कि चोरी हुआ सात तोले सोना और 200 ग्राम चांदी भी रिकवर कर लिया। पुलिस की इस उपलब्धि पर रविवार को गांव भागल के ग्रामीणों ने एवीटी टीम को सम्मानित कर आभार जताया। ग्रामीणों ने कहा कि ऐसे मामलों से लोगों की पुलिस के प्रति धारणा बदलनी चाहिए और समाज को पुलिस का सहयोग करना चाहिए।
यह मामला एक मई 2025 का है, जब गांव भागल निवासी लाल सिंह के घर से चोर सात तोले सोना और 200 ग्राम चांदी चुराकर ले गए थे। घटना के बाद ग्रामीणों ने एसपी से मिलकर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। एसपी ने तुरंत इस केस की जांच का जिम्मा एवीटी टीम इंचार्ज एसआई प्रदीप कुमार को सौंप दिया। टीम ने 14 मई को ही लाखन माजरा इंद्रगढ़ निवासी सुनील और पिहोवा निवासी बलविंद्र को गिरफ्तार कर लिया। लगातार जांच में टीम ने अब तक छह आरोपियों को पकड़ लिया है और चोरी किए गए सभी आभूषण भी बरामद कर लिए गए हैं।
इसके बाद ग्रामीणों का एक प्रतिनिधिमंडल एवीटी स्टाफ में पहुंचा। वहां डीएसपी क्राइम सुशील प्रकाश के नेतृत्व में एसआई प्रदीप कुमार, एसआई शुभकरण, एसआई जयभगवान, एएसआई मनोज, जसमेर, अशोक, एचसी लखविंद्र, सुनील, कांस्टेबल कैलाश, महिला एचसी सुदेश, साइबर सेल कर्मचारी अनिल, ईएचसी संदीप, सुभाष, होमगार्ड मनोज, विकास, सतीश, एसपीओ राजेश और अमित सहित पूरी टीम को सम्मानित किया गया।
सम्मान समारोह में पूर्व ब्लॉक समिति चेयरमैन रामेश्वर दास, मकान मालिक लाल सिंह, रामदिया नंबरदार, किसान नेता पाला राम, दरबारा पूनिया, रामकुमार मास्टर, सत्यवान, पूर्व सरपंच नर सिंह और धनपत पूनिया मौजूद रहे। ग्रामीणों ने कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि चोरी हुआ सामान वापस मिलेगा, लेकिन एवीटी टीम ने उनकी सोच बदल दी। उन्होंने कहा कि पुलिस के कर्मचारी दिन-रात मेहनत करते हैं, इसलिए लोगों को पुलिस पर विश्वास करना चाहिए और उनका हौसला बढ़ाना चाहिए।
इस उपलब्धि पर एसपी ने भी टीम को बधाई दी और ग्रामीणों द्वारा पुलिस का सम्मान करने पर खुशी जाहिर की। एसपी ने कहा कि जनता और पुलिस का तालमेल बेहतर होगा तो अपराध पर लगाम लगाना और आसान हो जाएगा।

No comments:

Post a Comment