Breaking

Monday, September 22, 2025

अग्रोहा धाम के पदाधिकारियों ने शहर के व्यापारियों को 7 अक्टूबर को अग्रोहा धाम में लगने मेले में सपरिवार शामिल होने का दिया निमंत्रण

अग्रोहा धाम के पदाधिकारियों ने शहर के व्यापारियों को 7 अक्टूबर को अग्रोहा धाम में लगने मेले में सपरिवार शामिल होने का दिया निमंत्रण
जीन्द : आगामी 7 अक्टूबर को अग्रोहा धाम में लगने वाले राष्ट्रीय मेले की तैयारियाँ जोरों पर हैं। इस अवसर पर अग्रोहा विकास ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने अग्रोहा विकास ट्रस्ट जिला जीन्द के प्रधान ईश्वर गोयल की अध्यक्षता में शहर के मुख्य बाजार, व्यापारिक प्रतिष्ठानों और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों से मुलाकात कर उन्हें मेले में सपरिवार शामिल होने का निमंत्रण दिया। इस अवसर पर व्यापार मंडल के जिला प्रधान महावीर कम्प्यूटर, अग्रोहा धाम हरियाणा के प्रेस प्रवक्ता राजकुमार गोयल, सालासर धर्मार्थ ट्रस्ट के प्रधान रामप्रकाश काहनोरिया, एसडी स्कूल के प्रधान श्रीचंद जैन, अनाज मंडी के पूर्व प्रधान जय भगवान मितल, अग्रोहा विकास ट्रस्ट के प्रधान अशोक गोयल, प्रमुख व्यापारी नेता पवन गर्ग, साड़ी एसोसिएशन के प्रधान सावर गर्ग, व्यापार मंडल के सचिव सुरेश गर्ग, युवा मित्र मंडल के प्रधान पवन सिंगला, कपड़ा एसोसिएशन से सोनू जैन इत्यादि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
जनता बाजार में व्यापारी नेता कृष्ण बिंदल के प्रतिष्ठान पर बातचीत करते हुए ईश्वर गोयल ने बताया कि इस राष्ट्रीय मेले में महा ब्रह्मर्षि श्री कुमार स्वामी, देश के जाने माने भजन गायक कन्हैया मित्तल, अग्रवाल समाज के राष्ट्रीय नेता व जी मीडिया ग्रुप के चेयरमैन सुभाष चंद्रा इत्यादि हस्तियां समारोह की शोभा होगी। यह राष्ट्रीय मेला अग्रोहा धाम के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बजरंग दास गर्ग की देख रेख में आयोजित किया जा रहा है। गोयल ने बताया कि इस दिन 07 अक्टूबर को सुबह शक्ति सरोवर स्नान, भव्य कलश यात्रा, छप्पन भोग का कार्यक्रम रहेगा। इसी दिन दोपहर को विशाल भंडारे का आयोजन होगा। उसके बाद ध्वजारोहण के साथ विशाल सम्मेलन का आयोजन होगा। इस सम्मेलन में समाज के राष्ट्रीय प्रतिनिधि शामिल होंगे जो समाज हित और राष्ट्र हित को लेकर गहन मंथन करेंगे। मेले में समाज हित में कार्य करने वाली देश प्रदेश की विशिष्ठ प्रतिभाओं को सम्मानित भी किया जाऐगा।
इस अवसर पर महावीर कम्प्यूटर व राजकुमार गोयल ने बताया कि यह मेला केवल धार्मिक आयोजन ही नहीं बल्कि समाज की एकता, सेवा और सांस्कृतिक धरोहर का महापर्व भी है। यहाँ आने वाले श्रद्धालु महाराजा अग्रसेन जी के आदर्शों एकता, परोपकार और सहयोग को आत्मसात करते हैं। इन्होने कहा कि अग्रोहा धाम देश का पांचवा धाम है जो करोड़ो देश वासियों की आस्था का केन्द्र है। हजारों श्रद्धालु हर रोज यहां पूजा अर्चना करने के लिए आते हैं। हर साल शरद पूर्णिमा के उपलक्ष्य में इस धाम में ऐतिहासिक मेला लगता है जिसमें सभी जातियों और धर्मों के लाखों लोग भाग लेते है। इस कड़ी में इस बार 07 अक्टूबर को इस ऐतिहासिक मेले का आयोजन होने जा रहा है।
इस अवसर पर अशोक गोयल ने बताया कि यह मेला हर वर्ष की तरह इस बार भी भव्य और आकर्षक रहेगा। मेले में धार्मिक अनुष्ठान, सांस्कृतिक कार्यक्रम, भजन संध्या के साथ साथ बच्चों के झूले, भव्य भंडारा और अन्य रोचक गतिविधियां आयोजित की जाएँगी। इन सभी पदाधिकारियों ने व्यापारियों से आग्रह किया कि वे अधिक से अधिक संख्या में अपने परिजनों व मित्रों के साथ 7 अक्टूबर को अग्रोहा धाम पहुँचकर महाराजा अग्रसेन जयंती का उत्सव मनाएँ और इस ऐतिहासिक आयोजन को सफल बनाएं। अग्रोहा धाम विकास ट्रस्ट ने सभी श्रद्धालुओं और नगर वासियों से अपील की है कि वे इस पावन अवसर पर अग्रोहा धाम पहुँच कर पुण्य लाभ प्राप्त करें और सामाजिक एकता का संदेश फैलाएँ।

No comments:

Post a Comment