जींद डिपो को मिली पांच नई एसी बसों का रूट तय
जयपुर, गुरूग्राम तथा चंडीगढ़ रूट पर चलाई जाएंगी तीन बसें
एक-एक बस सफीदों व नरवाना उपकेंद्र में भेजी गई
जींद : पिछले सप्ताह डिपो में आई नई पांच बसों का रूट तय हो गया है। इसमें से एक बस जयपुरए दूसरी बस गुरुग्राम तो तीसरी बस 152 डी के रास्ते चंडीगढ़ चलाई गई है। जबकि एक-एक बस सफीदों व नरवाना उपकेंद्र में भेजी गई है। सफीदों वाली बस को दिल्ली तो नरवाना वाली बस को वाया हिसार से चंडीगढ़ चलाए जाने की योजना है। जींद बस स्टैंड से जयपुर जाने वाली बस सुबह पांच बजकर 20 मिनट, 152डी के रास्ते चंडीगढ़ जाने वाली बस सुबह छह बजकर 40 मिनट और गुरुग्राम जाने वाली बस सुबह 11 बजकर 20 मिनट पर जींद से रवाना होगी। एसी बस में जींद से चंडीगढ़ का किराया 340 रुपये, जींद से गुरुग्राम का किराया 251 रुपये व जींद से जयपुर के लिए 649 रुपये लगेगा। जींद डिपो में अब एसी बसों की संख्या 10 हो गई है। ऐसे में यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा मिलेगी। इससे पहले 16 अगस्त को डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिड्ढा व रोडवेज महाप्रबंधक राहुल जैन ने एसी बसों को हरी झंडी दिखा कर रवाना किया था। जींद डिपो में लगभग 170 साधारण बसें हैं। पहले डिपो में एसी बस नही थी। यात्रियों द्वारा लंबे रूटों पर एसी बसों की डिमांड की जा रही थी। जींद से चंडीगढ़, दिल्ली, गुरुग्राम के अलावा हरिद्वार, रिषिकेश, देहरादून, पांवटा साहिब, सालासर, बालाजी, अमृतसर और लुधियाना जैसे लंबे रूटों पर भी साधारण बसें ही जा रही हैं। इन रूटों पर यात्रियों के लिए गर्मी के मौसम में एसी बस की जरूरत महसूस की जा रही थी। जींद डिपो प्रबंधन ने भी एसी बसों की डिमांड मुख्यालय भेजी हुई थी। हरियाणा रोडवेज संयुक्त कर्मचारी महासंघ के राज्य उपप्रधान संदीप रंगा, कर्मचारी नेता अनूप लाठर ने बताया कि अब डिपो में 10 एसी बस आ चुकी हैं। एसी बस चलने से यात्रियों को काफी राहत मिलेगी। रोडवेज में स्थाई भर्ती की जानी चाहिए, जिससे युवाओं को रोजगार मिल सके।
*यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा देने का प्रयास*
जींद डिपो के डीआई जसमेर ने बताया कि यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा देने का डिपो अधिकारी लगातार प्रयास कर रहे हैं। डिपो में यात्रियों के लिए 10 एसी बस आ चुकी हैं। जो पिछले सप्ताह पांच नई बस आई थी, उसमें से एक-एक बस नरवाना व सफीदों उपकेंद्र भी भेजी गई है। इसके अलावा गुरुग्राम, जयपुर व 152 डी के रास्ते एसी बसों का संचालन शुरू किया गया है।
No comments:
Post a Comment