*“डिजिटल हथियारबंदी नहीं चलेगी!” – सोशल मीडिया पर अपराध की नौटंकी अब पड़ेगी भारी*
*– पुलिस की दो टूक चेतावनी: अपराध को ग्लैमर दिखाने की हर कोशिश पर होगी कड़ी कानूनी कार्रवाई*
*– युवाओं को सोशल मीडिया के जाल से बचाने के लिए चल रहा विशेष साइबर अभियान*
फतेहाबाद: *पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धांत जैन, आईपीएस* के नेतृत्व में फतेहाबाद पुलिस ने सोशल मीडिया पर अपराध के प्रचार-प्रसार को रोकने के लिए सख्त मोर्चा खोल दिया है। कुछ असामाजिक तत्व Instagram, Facebook, YouTube जैसे प्लेटफॉर्म्स पर हथियारों के साथ वीडियो डालकर खुद को 'डॉन' या 'गैंगस्टर' के रूप में प्रस्तुत कर रहे हैं। यह प्रवृत्ति कानून और समाज दोनों के लिए गंभीर खतरा बनती जा रही है।
*फतेहाबाद पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि "अगर सोशल मीडिया पर हथियार लहराओगे, तो क़ानून की आहट सुनने को जरूर मिलेगी।"*
*256 सोशल मीडिया अकाउंट बंद, 596 युवाओं को दी गई चेतावनी*
सीआईए उपनिरीक्षक वेदपाल व साइबर टीम प्रभारी उपनिरीक्षक अशोक कुमार के संयुक्त नेतृत्व में पुलिस द्वारा IT Act की धारा 79(3)(B) के तहत अब तक 256 आपराधिक सोशल मीडिया अकाउंट्स को डिएक्टिवेट/रिपोर्ट कराया गया है।
इन खातों को फॉलो कर रहे 596 युवाओं की पहचान कर उनसे व्यक्तिगत रूप से संवाद किया गया। उन्हें लिखित चेतावनी दी गई और भविष्य में ऐसे आपत्तिजनक खातों से दूरी बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया।
पुलिस अधीक्षक श्री जैन ने युवाओं को स्नेहपूर्वक चेताया कि गैंगस्टर संस्कृति या अपराध से जुड़ा कोई भी कंटेंट फॉलो करना, शेयर करना या प्रमोट करना आपके डिजिटल इतिहास में जुड़ जाता है, जो आगे चलकर सरकारी नौकरी, पासपोर्ट, वीज़ा, पुलिस वेरिफिकेशन जैसी प्रक्रियाओं में बाधा बन सकता है।
*अपराधियों को सख्त चेतावनी*
*पुलिस अधीक्षक* ने कहा कि "जो कोई भी सोशल मीडिया पर अपराध, हिंसा या गैंग कल्चर को बढ़ावा देगा, उसके विरुद्ध IT एक्ट, साइबर कानून और BNS / IPC की धाराओं के अंतर्गत सख्त कार्रवाई की जाएगी।" हर संदिग्ध डिजिटल गतिविधि की डिजिटल फॉरेंसिक जांच जारी है और कानून से बच पाना असंभव होगा।
*पुलिस की अपील – समाज और अभिभावकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण*
• अभिभावकों से निवेदन: कृपया बच्चों के सोशल मीडिया व्यवहार पर सतर्क नजर रखें और उनके साथ संवाद करते रहें।
• युवाओं से आग्रह: किसी भी वीडियो, स्टेटस या पोस्ट को लाइक/शेयर करने से पहले सोचें –
• सभी नागरिकों से अनुरोध: किसी भी संदिग्ध सोशल मीडिया गतिविधि की सूचना तुरंत नज़दीकी थाना या साइबर सेल को दें। आपकी पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
*फतेहाबाद पुलिस का लक्ष्य – कानून का सम्मान और युवाओं को सही दिशा देना*
फतेहाबाद पुलिस केवल अपराध पर कार्रवाई ही नहीं कर रही, बल्कि समाज के भविष्य युवाओं को गुमराह होने से पहले जागरूक करने के लिए प्रयासरत है। "हम चाहते हैं कि अगली पीढ़ी मोबाइल की स्क्रीन से नहीं, अपने कर्मों से नायक बने।"
No comments:
Post a Comment