करनाल के जिला सिविल अस्पताल को हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण की जमीन पर सैक्टर-32 ए करनाल में शिफ्ट किया जाएगा : आरती सिंह राव
चंडीगढ़ , 19 दिसंबर - हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा करनाल के जिला सिविल अस्पताल को हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण की जमीन पर सैक्टर-32 ए करनाल में शिफ्ट किया जाएगा , इस जमीन पर 200 बेड का नया अस्पताल तैयार किया जाएगा।
स्वास्थ्य मंत्री आज हरियाणा विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान सदन के एक सदस्य द्वारा पूछे गए सवाल का जवाब दे रही थी।
हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण की जमीन पर अस्पताल बनाने के लिए 9.90 एकड़ जमीन की एक नई जगह तय की गई है। क्योंकि पहले जो जमीन चिन्हित की थी उसके ऊपर से हाई टेंशन तार गुजर रही थी। अब जमीन का सीमांकित हस्तांतरण किया जा रहा है।
आरती सिंह राव ने जानकारी दी कि सैक्टर-32 ए, करनाल में 13 एकड़ (52609.10 प्रति वर्ग मीटर) जमीन डायरेक्टर जनरल, हेल्थ सर्विसिज, पंचकूला के नाम पर 23 नवंबर 2021 को 16,000 रुपये प्रति वर्ग मीटर की दर से अलॉट की गई थी और 30 मार्च 2022 के पत्र अनुसार अलॉटी विभाग ने समय बढ़ाने का अनुरोध किया। इसके बाद 27 जनवरी 2023 को सिविल सर्जन, करनाल के ऑफिस ने बताया कि कुल 13 एकड़ जमीन में से 4 एकड़ जमीन के ऊपर से हाई टेंशन तार गुजर रहीं है और जमीन उपयुक्त नहीं है।
उन्होंने बताया कि इसके बाद 16 नवंबर 2022 को हरियाणा सरकार के एडिशनल चीफ सेक्रेटरी, टाउन एंड कंट्री प्लानिंग डिपार्टमेंट की अध्यक्षता में हुई मीटिंग में पहले से अलॉट की गई जमीन से सटी हुई 9.90 एकड़ जमीन की दोबारा डिमारकेशन करने का निर्देश दिया गया है। यही नहीं उस 9.90 एकड़ जमीन की संशोधित डिमारकेशन को हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के चीफ टाउन प्लानर ने भी मंजूरी दे दी है। इस जमीन का ट्रांसफर जल्द कर दिया जाएगा और फिर अस्पताल का नया भवन बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
No comments:
Post a Comment