Breaking

Friday, December 19, 2025

पितरों को खुश करने के लिए विशेष फलदायी पौष अमावस्या आज

पिंडारा तीर्थ में श्रद्धालु आज लगाएंगे श्रद्धा की डुबकी
पितरों को खुश करने के लिए विशेष फलदायी पौष अमावस्या आज
पितरों को खुश करने के लिए पौष अमावस्या पर पितृ तर्पण अवश्य करें : नवीन शास्त्री
जींद : साल की अंतिम और पौष माह की अमावस्या शुक्रवार 19 दिसंबर को है। इस अमावस्या पर श्रद्धालुओं को विशेष संयोग मिलेगा। पौष अमावस्या का शुक्रवार के दिन पडऩा माता लक्ष्मी की कृपा से जुड़ा शुभ संयोग भी बना रहा है। मान्यताओं के अनुसार शुक्रवार को श्रद्धा भाव से किया गया दान और पुण्य कर्म आर्थिक स्थिरता, सुख और समृद्धि का मार्ग प्रशस्त करता है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार अमावस्या के दिन पितर धरती पर आते हैं और अपने वंशजों के किए गए कमों से प्रसन्न होकर सुख, समृद्धि का आशीर्वाद देते हैं। ऐसे में पौष अमावस्या पर बनने वाले शुभ योग और मुहूर्त का महत्व और भी बढ़ जाता है।
*पौष अमावस्या पर रहेंगे विशेष संयोग*

जयंती देवी मंदिर के पुजारी नवीन शास्त्री ने बताया कि पंचांग के अनुसार पौष अमावस्या तिथि की शुरुआत 19 दिसंबर सुबह चार बजकर 59 मिनट पर शुरू होगी और इसका समापन 20 दिसंबर सुबह सात बजकर 12 मिनट पर होगा। ऐसे में श्रद्धालुओं द्वारा अमावस्या से जुड़े पितृ तर्पण, स्नान और दान जैसे शुभ कार्य शुक्रवार को ही किए जाएंगे। हिंदू धर्म में पौष माह की अमावस्या का विशेष महत्व है। इस पौष अमावस्या के दिन कई शुभ मुहूर्त बनेंगे। जिनमें धार्मिक कार्य करना विशेष फलदायी माना जाता है। शुक्रवार को पौष अमावस्या के दिन बहा मुहूर्त सुबह 5 बजकर 19 मिनट से 6 बजकर 14 मिनट तक। इस समय स्नान, ध्यान, जप और तर्पण करना अत्यंत शुभ माना जाता है। वहीं अमृत काल सुबह 9 बजकर 43 से 11 बजकर 01 मिनट तक। इस समय किए गए शुभ कार्यों का विशेष फल मिलता है व कार्यों को विशेष सिद्धि प्राप्त होती है। वहीं अभिजीत मुहूर्त दोपहर 11 बजकर 58 मिनट से 12 बजकर 39 मिनट तक रहेगा। यह समय सार्वभौमिक रूप से शुभमाना जाता है। राहुकाल 11 बजकर 01 मिनट से 12 बजकर 18 मिनट तक रहेग। इस दौरान शुभ कार्यों से बचने की सलाह दी जाती है।
पिंडारा तीर्थ में आज लगेगी श्रद्धा की डुबकी
पांडू पिंडारा स्थित पिंडतारक तीर्थ पर शुक्रवार को पौष अमावस्या पर श्रद्धालु ठंड के बीच सरोवर में स्नान, पिंडदान करके करके तर्पण करेंगे। पिंडतारक तीर्थ के संबंध में किदवंती है कि महाभारत युद्ध के बाद पूर्वजों की आत्मा की शांति के लिए पांडवों ने यहां 12 वर्ष तक सोमवती अमावस्या की प्रतीक्षा में तपस्या की। बाद में सोमवती अमावस के आने पर युद्ध में मारे गए परिजनों की आत्मा की शांति के लिए पिंडदान किया। तभी से यह माना जाता है कि पांडु पिंडारा स्थित पिंडतारक तीर्थ पर पिंडदान करने से पूर्वजों को मोक्ष मिल जाता है। महाभारत काल से ही पितृ विसर्जन की अमावस्या, विशेषकर सोमवती अमावस्या पर यहां पिंडदान करने का विशेष महत्व है। 
*साल 2025 की अंतिम पौष अमावस्या आज : नवीन शास्त्री*

जयंती देवी मंदिर के पुजारी नवीन शास्त्री ने बताया कि साल 2025 की अंतिम पौष अमावस्या शुक्रवार है। यह अमावस्या पितरों को समर्पित होती है। इस दिन स्नान, दान, तर्पण और जप का विशेष महत्व होता है। ऐसी मान्यता है कि इस दिन किए गए पितृ कर्मों से पितर प्रसन्न होते हैं और अपने वंशजों को आशीर्वाद प्रदान करते हैं। अमावस्या तिथि पितृ कार्यों के लिए विशेष रूप से श्रेष्ठ मानी गई है।

No comments:

Post a Comment