ऑपरेशन हॉटस्पॉट डोमिनेशन के तहत स्पैशल डिटेक्टिव स्टाफ को मिली बड़ी सफलता
स्पेशल सेल ने हथियारों से लैस बदमाश को किया गिरफ्तार, बदमाश से 4 देसी पिस्तौल व 11 रौंद किए बरामद
आरोपी के खिलाफ हत्या का प्रयास, लूट, डकैती, चोरी, अवैध हथियार, अवैध शराब, धोखाधड़ी आदि धाराओं के तहत 17 आपराधिक मामले हैं दर्ज
आरोपी 2 युवकों की हत्या करने के इरादे से खरीद कर लाया था हथियार
रोहतक : पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र सिंह भौरिया के निर्देशों के अनुसार रोहतक पुलिस की स्पैशल डिटेक्टिव स्टाफ की टीम ने ऑपरेशन हॉटस्पॉट डोमिनेशन अभियान के तहत अपराध पर बड़ी चोट करते हुए एक बदमाश को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार बदमाश की पहचान रोहतक जिले के गांव टिटौली निवासी नवीन उर्फ मोनू पुत्र महाबीर के रूप में हुई है। आरोपी के पास से 4 स्वदेशी रिवॉल्वर और 11 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। सदर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया गया है। आरोपी से गहनता से पूछताछ की जा रही है।
इस मामले की जानकारी देते हुए रोहतक पुलिस के डीएसपी (मुख्यालय) रवि खुंडिया ने पत्रकार वार्ता में उपरोक्त जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी राजस्थान, दिल्ली और हरियाणा में कई आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे चुका है और लंबे समय से पुलिस की निगाह में था।
उन्होंने बताया कि स्पैशल डिटेक्टिव स्टाफ, रोहतक के प्रभारी उप.नि. अश्वनी कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि एक युवक ड्रेन नंबर 8 के पास एक बैग में अवैध असला लेकर घूम रहा है और किसी बड़ी वारदात की फिराक में है। उप.नि. अश्वनी कुमार ने सूचना पर तुरंत कार्यवाही करते हुए स.उप.नि. कृष्ण के नेतृत्व मे पुलिस टीम का गठन कर रवाना किया। स्पेशल सेल की टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए इलाके की घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके बैग से 4 स्वदेशी रिवॉल्वर और 11 जिंदा राऊंड बरामद हुए।
पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि आरोपी अपने ही गांव के 2 युवकों की हत्या की साजिश रच रहा था। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आपसी रंजिश और पुरानी दुश्मनी के चलते वह वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा था। समय रहते पुलिस की कार्रवाई से एक बड़ी घटना टल गई।
डीएसपी (मुख्यालय) रवि खुंडिया के अनुसार आरोपी का पुराना आपराधिक रिकार्ड रहा है। आरोपी के खिलाफ हत्या का प्रय़ास, लूट, डैकती, चोरी, धोखाधड़ी, अवैध हथियार, अवैध शराब आदि धाराओ के तहत 17 मामले दर्ज हैं।उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ जिला रोहतक मे 10 मामले दर्ज हैं। इसके अतिरिक्त आरोपी के खिलाफ जीन्द में 2 व करनाल, कुरूक्षेत्र, गुड़गांव, दिल्ली व राजस्थान में एक-एक मामला दर्ज है। आरोपी के खिलाफ अपहरण का एक, हत्या के प्रयास का एक, चोरी/लूट/डकैती के 7, अवैध हथियार के 3, अवैध शराब के 3 व पी.ओ. के 2 मामले दर्ज हैं।
उन्होंने कहा कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर उसे जिला अदालत में पेश किया। पुलिस ने अदालत से आरोपी का 5 दिन का रिमांड मांगा है। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि रिमांड के दौरान आरोपी से पूछताछ में कई और गंभीर वारदातों का खुलासा हो सकता है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि उसे ये हथियार कहां से मिले और उसके पीछे किसी संगठित गिरोह का हाथ तो नहीं है।
डीएसपी रवि खुंडिया ने पत्रकार वार्ता में कहा कि जिले में अपराध और अवैध हथियारों के खिलाफ पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि किसी भी कीमत पर अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा।
No comments:
Post a Comment