Breaking

Wednesday, December 31, 2025

जीन्द विकास संगठन के अध्यक्ष राजकुमार गोयल का आरोप, नई अनाज मंडी के सामने रघु नगर में आज तक सीवरेज व्यवस्था की सुविधा तक नहीं

जीन्द विकास संगठन के अध्यक्ष राजकुमार गोयल का आरोप नई अनाज मंडी के सामने रघु नगर में आज तक सीवरेज व्यवस्था की सुविधा तक नहीं

आजादी के 78 साल के बाद भी लोग कुई खोदकर काम चलाने पर मजबूर, टैक्स हजारों में और सुविधाओं के नाम पर जीरो
जीन्द : जीन्द विकास संगठन के अध्यक्ष एवं प्रमुख समाजसेवी डा. राजकुमार गोयल का आरोप है कि रोहतक रोड पर नई अनाज मंडी के सामने स्थित रघु नगर में आज तक सीवरेज व्यवस्था तक की सुविधा नहीं है। आजादी के 78 साल के बाद भी इस कालोनी के लोग कुई खोदकर काम चलाने पर मजबूर है। यहां के लोग टैक्स हजारों में देते है जबकि सुविधाओं के नाम पर यहां कुछ भी नही है। जहां यहां सीवरेज व्यवस्था तक नही है वही यहां की अधिकतर गलियां कच्ची पड़ी हैं। पीने के पानी तक की यहां कोई उचित व्यवस्था नही है। गोयल ने प्रशासन और सरकार से इस कालोनी की तुरंत सुध लेने की मांग की है।  
गोयल का कहना है कि यहां के लोग मूलभूत सुविधाओं को लेकर तरस रहे है। कहने को तो यह एरिया जीन्द शहर में आता है लेकिन यहां सुविधाएं गांवों से भी बदतर है। यहां कोई भी उचित मूलभूत सुविधा सरकार और प्रशासन द्वारा उपलब्ध नहीं करवाई गई है। यहां लोगों के हाऊस टैक्स का बिल हजारों में आता है लेकिन सुविधाएं जीरो है जिसके चलते यहां के लोग भारी परेशान है और लगातार सरकार और प्रशासन का रोना रो रहे है। यहा के बासिंदों ने तंग होकर सरकार और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर अपनी नाराजगी जाहिर की और क्षेत्र में लंबित पड़ी बुनियादी सुविधाओं की और सरकार का ध्यान आकर्षित करवाने की कोशिश की है। गोयल का कहना है कि यह तो नाराजगी का एक ट्रायल पेश किया गया है अगर जल्द ही कोई सुनवाई नही हुई तो यहां के लोग बड़ा आंदोलन करने से भी पीछे नही हटेंगे।
यहां के निवासियों रविन्द्र, राजपति, नरेन्द्र, राजू सैनी इत्यादि का कहना है कि कितने बड़े दुर्भाग्य की बात है कि नई अनाज मंडी जैसे महत्वपूर्ण व्यावसायिक क्षेत्र के सामने बसा रघु नगर आज भी बुनियादी सुविधाओं से वंचित है। कॉलोनी वासियों का कहना है कि रघु नगर में आज तक न तो गलियां पक्की की गई हैं न ही बरसाती पानी की निकासी की कोई उचित व्यवस्था की गई है। यहां न ही सीवरेज सिस्टम मौजूद है। हर साल बरसात के मौसम में गलियां तालाब बन जाती हैं और गंदा पानी कई-कई दिनों तक जमा रहता है जिससे लोगों का आवागमन पूरी तरह बाधित हो जाता है। इन्होने बताया कि जलभराव के कारण व्यापार प्रभावित होता है और क्षेत्र में बीमारियों का खतरा बना रहता है। बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को रोजमर्रा के कार्यों के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
राजकुमार गोयल का कहना है कि यहां की प्रमुख मांगे निम्न है। यहां पूरे क्षेत्र में जल्द से जल्द सीवरेज व्यवस्था लागू की जाए। सभी गलियों को शीघ्र पक्का किया जाए। पूरे क्षेत्र में पीने के पानी की पाइप लाइन बिछाई जाए। बरसाती पानी की निकासी के लिए नालियों का पक्का निर्माण हो। यहां बिजली के खंभे और तारों को सही सिस्टम से लगाया जाए। क्षेत्र में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाए। राजकुमार गोयल ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही इस क्षेत्र का कोई समाधान नहीं हुआ तो जींद विकास संगठन स्थानीय लोगों के साथ मिलकर आंदोलनात्मक कदम उठाएगा जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। उन्होंने कहा कि शहर का विकास तभी संभव है जब हर क्षेत्र को समान सुविधाएं मिलें।

No comments:

Post a Comment