Breaking

Friday, January 23, 2026

वुड स्टॉक पब्लिक स्कूलमें बसंत पंचमी एवं नेताजी सुभाष चंद्र बोस जयंती पर विशेष हवन का आयोजन

*वुड स्टॉक पब्लिक स्कूलमें बसंत पंचमी एवं नेताजी सुभाष चंद्र बोस जयंती पर विशेष हवन का आयोजन*
जींद : आज वुड स्टॉक पब्लिक स्कूल में बसंत पंचमी के पावन अवसर एवं महान स्वतंत्रता सेनानी नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती के उपलक्ष्य में विशेष प्रार्थना सभा एवं हवन का आयोजन अत्यंत श्रद्धा, अनुशासन और उत्साह के साथ किया गया।कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ हवन द्वारा हुई। हवन में विद्यालय के निदेशक डॉक्टर नरेंद्र नाथ शर्मा जी,सहायक निदेशक श्री आशुतोष शर्मा जी,प्रधानाचार्या श्रीमती सुकीर्ति गौतम जी,शिक्षकगण एवं विद्यार्थियों ने आहुति अर्पित कर माँ सरस्वती से ज्ञान, सद्बुद्धि और उज्ज्वल भविष्य की कामना की और प्रसाद वितरित किया गया। हवन के दौरान पूरा वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा और सकारात्मकता से भर गया।
इसके पश्चात माँ सरस्वती की वंदना प्रस्तुत की गई। पीले वस्त्रों में सजे विद्यार्थियों ने मधुर स्वर में वंदना गाकर बसंत पंचमी के महत्व को सुंदर रूप में प्रस्तुत किया। वक्ताओं ने बताया कि बसंत पंचमी ज्ञान, विद्या और नवचेतना का पर्व है।
इसके बाद विद्यार्थियों द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियाँ प्रस्तुत की गईं। छात्रों ने समूह गीत, कविता पाठ एवं लघु सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से बसंत ऋतु और ज्ञान के महत्व को सुंदर रूप में दर्शाया। नन्हे विद्यार्थियों ने पीले वस्त्र धारण कर आकर्षक नृत्य एवं कविता प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।वरिष्ठ विद्यार्थियों ने चित्रकला, पोस्टर निर्माण, विचार लेखन एवं हस्तलेखन गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लिया। इन सभी गतिविधियों में विद्यार्थियों की रचनात्मकता, आत्मविश्वास और अनुशासन स्पष्ट रूप से दिखाई दिया। बसंत पंचमी से जुड़ी इन प्रस्तुतियों ने पूरे कार्यक्रम को रंगों और सकारात्मक ऊर्जा से भर दिया।
इसके पश्चात विद्यार्थियों द्वारा नेताजी सुभाष चंद्र बोस के जीवन और बलिदान पर प्रभावशाली भाषण प्रस्तुत किए गए। देशभक्ति विचारों के माध्यम से छात्रों ने नेताजी के प्रेरणादायक संदेशों को जीवंत कर दिया।
माननीय निदेशक डॉक्टर नरेंद्र नाथ शर्मा जी ने विद्यार्थियों को बसंत पंचमी की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि ज्ञान ही वह शक्ति है जो व्यक्ति को सही मार्ग दिखाती है। विद्यार्थियों को चाहिए कि वे अनुशासन और समर्पण के साथ अपने लक्ष्य की ओर अग्रसर हों। उपनिदेशक श्री आशुतोष शर्मा जी ने कहा कि“इस प्रकार की गतिविधियाँ विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, संस्कार और सांस्कृतिक चेतना का विकास करती हैं।” स्कूल प्रधानाचार्या श्रीमती सुकीर्ति गौतम जी ने अपने उद्बोधन में कहा कि
“बसंत पंचमी जैसे पर्व विद्यार्थियों को सकारात्मक सोच और रचनात्मकता की ओर प्रेरित करते हैं।”उन्होंने सभी विद्यार्थियों और शिक्षकों को सफल आयोजन के लिए बधाई दी।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। यह विशेष प्रार्थना सभा सभी के लिए प्रेरणादायक एवं स्मरणीय रही।

No comments:

Post a Comment