इनकम टैक्स में कोई राहत न देने से व्यापारियों को निराशा
जींद : हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के प्रदेश प्रवक्ता एवं प्रमुख समाजसेवी डॉ. राजकुमार गोयल का कहना है कि केंद्रीय बजट में इनकम टैक्स को लेकर व्यापारियों को जिस राहत की उम्मीद थी वह पूरी नहीं हो सकी। इनकम टैक्स स्लैब में कोई बदलाव न किया जाना मध्यम वर्ग और व्यापार जगत दोनों के लिए निराशाजनक है।
गोयल ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई, ब्याज दरों और व्यापारिक लागत के बीच सरकार से अपेक्षा थी कि इनकम टैक्स में ठोस राहत दी जाएगी ताकि उपभोग बढ़े और बाजार में गति आए। लेकिन बजट में इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने कहा कि छोटे और मध्यम व्यापारियों पर पहले ही अनुपालन का बोझ बढ़ता जा रहा है। ऐसे में इनकम टैक्स में राहत न मिलना व्यापारिक गतिविधियों और निवेश के माहौल पर नकारात्मक असर डाल सकता है। राजकुमार गोयल ने केंद्र सरकार से आग्रह किया कि आगामी नीतिगत निर्णयों में व्यापारियों और मध्यम वर्ग की वास्तविक समस्याओं को ध्यान में रखते हुए इनकम टैक्स में व्यावहारिक और प्रभावी राहत प्रदान की जाए ताकि आर्थिक विकास को मजबूती मिल सके।
No comments:
Post a Comment