Breaking

Thursday, February 26, 2026

हरियाणा को फाटक रहित रेलवे क्रॉसिंग राज्य बनाने की दिशा में तेजी : रणबीर गंगवा

हरियाणा को फाटक रहित रेलवे क्रॉसिंग राज्य बनाने की दिशा में तेजी

जरूरत वाले स्थानों पर आरओबी/आरयूबी निर्माण के लिए रेलवे मंत्रालय से समन्वय जारी
चंडीगढ़— हरियाणा के लोक निर्माण (भवन एवं सड़कें) मंत्री श्री रणबीर गंगवा ने कहा कि प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के संकल्प के अनुरूप राज्य में यातायात ढांचे को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन-जिन स्थानों पर रेलवे फाटकों के स्थान पर आरओबी (रेलवे ओवरब्रिज) या आरयूबी (रेलवे अंडर ब्रिज) की आवश्यकता है, वहां निर्माण कार्य को प्राथमिकता दी जा रही है। इस दिशा में रेलवे मंत्रालय के साथ अधिकारियों की नियमित बैठकें हो रही हैं, ताकि हरियाणा को फाटक रहित रेलवे क्रॉसिंग वाला राज्य बनाया जा सके।

श्री रणबीर गंगवा आज हरियाणा विधानसभा में बजट सत्र के दौरान प्रश्नकाल में विधायक श्री राजेश जून द्वारा पूछे गए प्रश्न का उत्तर दे रहे थे। उन्होंने सदन को अवगत कराया कि बहादुरगढ़ क्षेत्र में रेलवे क्रॉसिंग नंबर 21-सी (छोटू राम नगर), 22-सी (परनाला) तथा 24-सी (बराही) पर आरओबी/आरयूबी निर्माण का प्रस्ताव सरकार के विचाराधीन है।

उन्होंने बताया कि इन तीनों रेलवे फाटकों पर लगभग 30 से 33 फीट राइट ऑफ वे (आरओडब्ल्यू) उपलब्ध है। साथ ही, दोनों ओर घनी आबादी होने के कारण सामान्य आरयूबी का निर्माण तकनीकी दृष्टि से संभव नहीं है। ऐसी स्थिति में रेलवे की भूमि पर यू-आकार का आरयूबी बनाना ही व्यावहारिक विकल्प है। इसके लिए रेलवे मंत्रालय से आवश्यक अनुमति और समन्वय की प्रक्रिया जारी है।

लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य न केवल यातायात को सुगम बनाना है, बल्कि रेलवे फाटकों पर होने वाली दुर्घटनाओं को भी समाप्त करना है। उन्होंने आश्वस्त किया कि सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण होते ही इन परियोजनाओं को गति प्रदान की जाएगी।

No comments:

Post a Comment