अग्रवाल समाज के प्रधान राजकुमार गोयल ने लगाया आरोप, नई अनाजमंडी के सामने 22 फुटा रोड़ पूरी तरह से बदहाल स्थिति में, कई सालों से है कच्चा रोड़, गोयल ने नगर परिषद चैयरमेन से इस रोड़ को जल्द पक्का करवाने की कि मांग
जीन्द : अखिल भारतीय अग्रवाल समाज हरियाणा के प्रधान एवं प्रमुख समाजसेवी डॉ. राजकुमार गोयल ने आरोप लगाया है कि रोहतक रोड पर नई अनाज मंडी के मैन गेट के बिल्कुल सामने स्थित रघुनगर की लगभग 22 फीट चौड़ी मैन गली कई सालों से कच्ची पड़ी है। इस मैन गली के पक्का न होने के कारण आसपास के क्षेत्र के लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
गोयल ने कहा कि विकास के बड़े बड़े दावे किए जा रहे हैं लेकिन रघुनगर की यह गली कई वर्षों से बदहाल स्थिति में है। यह सड़क आसपास के क्षेत्र की मुख्य सड़क है इसके बावजूद कच्ची होने के कारण राहगीरों को रोजाना कठिनाइयों से गुजरना पड़ रहा है। विशेष रूप से बारिश के दिनों में हालात और भी भयावह हो जाते हैं। पूरी सड़क दलदल में तब्दील हो जाती है जिससे आवागमन लगभग पूरी तरह ठप्प हो जाता है। दोपहिया वाहन तो चल ही नहीं पाते वहीं पैदल चलना भी जोखिम भरा हो जाता है।
गोयल ने नगर परिषद चैयरमेन अनुराधा सैनी से मांग की है कि इस सड़क को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पक्का कराया जाए ताकि कालोनी वासियों को राहत मिल सके और आवागमन सुचारु हो सके।
राजकुमार गोयल का यह भी कहना है कि रघुनगर क्षेत्र में इस कच्ची सड़क के साथ साथ अन्य अव्यवस्थाओं का भी बोलबाला है। हालात इतने खराब हैं कि यहां सीवरेज की कोई ठोस व्यवस्था तक मौजूद नहीं है। जगह-जगह गंदा पानी जमा रहता है जिससे बीमारी फैलने का खतरा बना हुआ है। क्षेत्र की अन्य सड़कें भी अभी तक कच्ची हालात में है जिससे रोजमर्रा का आवागमन परेशानी भरा हो गया है। वहीं पीने के साफ पानी की भी कोई उचित व्यवस्था नहीं है। कॉलोनी वासियों का कहना है कि कई बार संबंधित विभागों को अवगत कराया जा चुका है लेकिन अब तक सिर्फ आश्वासन ही मिले हैं समाधान नहीं जिसके चलते कॉलोनी वासियों में प्रशासन की उदासीनता को लेकर भारी रोष व्याप्त है। कॉलोनी वासियों में पिछले दिनों इन समस्याओं को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की थी।
No comments:
Post a Comment