छह पटवारियों के निलंबन के विरोध में जींद में पटवारियों का सांकेतिक धरना, बहाली नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी
जींद : दी रेवेन्यू पटवारी एवं कानूनगो एसोसिएशन हरियाणा के आह्वान पर हरियाणा सरकार द्वारा प्राकृतिक आपदा से खराब हुई फसलों के मुआवज़ा वितरण से संबंधित क्षतिपूर्ति पोर्टल पर फोटो अपलोड करने के मामले में छह पटवारियों को निलंबित किए जाने के विरोध में जिला जींद के सभी पटवारी एवं कानूनगो ने पटवार भवन जींद में एक दिवसीय सांकेतिक धरना दिया।
धरना प्रदर्शन की अध्यक्षता जिला प्रधान बहन सर्वेश पटवारी ने की, जबकि मंच संचालन पूर्व जिला प्रधान नरेश पटवारी ने किया। इस दौरान वक्ताओं ने हरियाणा सरकार के निर्णय को अनैतिक बताते हुए उसकी कड़ी निंदा की।
धरने में विशेष रूप से आमंत्रित राज्य कोषाध्यक्ष सनी डागर पटवारी ने सरकार से निलंबित किए गए सभी पटवारियों को तुरंत बहाल करने की मांग की और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को बिना गलती के दंडित करना अन्यायपूर्ण है।
इस सांकेतिक धरने को AHPCWU के शहरी प्रधान राजेश तथा सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के जिला जींद के ब्लॉक प्रधान मंदीप नेहरा और जिला प्रधान संजीव ढांडा ने भी समर्थन दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते निलंबन वापस नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
राज्य कार्यकारिणी के आह्वान पर पूरे हरियाणा में पटवारी एवं कानूनगो ने सरकार को दो दिन का अल्टीमेटम देते हुए मांग की कि निलंबित पटवारियों को तुरंत बहाल किया जाए। मांग पूरी न होने की स्थिति में 2 फरवरी 2026 से 4 फरवरी 2026 तक सभी जिला मुख्यालयों पर धरना प्रदर्शन जारी रखने की चेतावनी दी गई।
एसोसिएशन ने कहा कि यदि सरकार ने जल्द निर्णय नहीं लिया तो आम जनमानस को होने वाली असुविधा के लिए हरियाणा सरकार स्वयं जिम्मेदार होगी।
No comments:
Post a Comment