Breaking

Tuesday, March 17, 2026

यदि किसी ग्राम पंचायत की जनसंख्या 10,000 से अधिक हो जाती है, तो उसे ‘महाग्राम’ घोषित किया जा सकता है : कृष्ण लाल पंवार

यदि किसी ग्राम पंचायत की जनसंख्या 10,000 से अधिक हो जाती है, तो उसे ‘महाग्राम’ घोषित किया जा सकता है : कृष्ण लाल पंवार 
चंडीगढ़– हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री श्री कृष्ण लाल पंवार ने बताया  कि रेवाड़ी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत अकेड़ा और घातल महनियावास में लिक्विड वेस्ट वाटर मैनेजमेंट प्लांट के निर्माण के मुद्दे पर विचार करने और समाधान तलाशने के लिए एक अंतर-विभागीय समिति का गठन किया गया है। इस समिति की अध्यक्षता अतिरिक्त उपायुक्त-सह-मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जिला परिषद रेवाड़ी कर रहे हैं।

हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री श्री कृष्ण लाल पंवार ने यह जानकारी आज हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र के दौरान एक सदस्य द्वारा पूछे गए प्रश्न के उत्तर में दी।

उन्होंने बताया कि गांव अकेड़ा की जनसंख्या 5,814 तथा गांव घातल महनियावास की जनसंख्या 4,629 है। दोनों गांव आपस में सटे हुए हैं और विकास कार्यों के लिए आसपास पर्याप्त ग्राम पंचायत भूमि उपलब्ध नहीं है। नियमों के अनुसार यदि किसी ग्राम पंचायत की जनसंख्या 10,000 से अधिक हो जाती है, तो उसे ‘महाग्राम’ घोषित किया जा सकता है, जिससे वहां सीवरेज प्रणाली स्थापित करने की पात्रता मिलती है। इसी के मद्देनजर दोनों गांवों को मिलाकर महाग्राम श्रेणी में शामिल करने का प्रस्ताव रखा गया है, ताकि सीवरेज सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।

उन्होंने आगे बताया कि अतिरिक्त उपायुक्त-सह-मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जिला परिषद रेवाड़ी की अध्यक्षता में गठित समिति को 15 दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। समिति की बैठक सोमवार को आयोजित की गई, जिसमें उपायुक्त (डीसी) को भी समिति में शामिल करने की सिफारिश की गई।

पाइपलाइन से संबंधित मुद्दे पर मंत्री ने कहा कि समिति की रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

No comments:

Post a Comment