गरीब की बेटी का घर बसाना सबसे बड़ा पुण्य: कर्मवीर सैनी
अर्जुन स्टेडियम में मानवता का अनूठा उत्सव; 32 बेटियों को मिला सपनों का नया घर
जींद : शहर के अर्जुन स्टेडियम में रविवार को सामाजिक संस्था युवा मित्र मंडल की ओर से भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में 32 कन्याओं का विवाह हिंदू रीति-रिवाज के साथ हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में संपन्न कराया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में हरियाणा राज्य सूचना आयुक्त कर्मवीर सैनी पहुंचे और नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद दांपत्य जीवन की कामना की। अपने संबोधन में कर्मवीर सैनी ने कहा कि यह आयोजन केवल विवाह समारोह नहीं बल्कि मानवता, करुणा और सामाजिक संवेदना का एक प्रेरणादायक उदाहरण है। जिन माता-पिता के मन में वर्षों से बेटियों के विवाह की चिंता थी, आज वह चिंता खुशी और संतोष में बदल गई है। कर्मवीर सैनी ने कहा कि भारतीय संस्कृति में बेटियों को देवी का रूप माना गया है। बेटी घर की खुशियों की वह रोशनी होती है जो पूरे परिवार को प्रेम और संस्कारों के सूत्र में बांधकर रखती है। लेकिन कई गरीब परिवारों के लिए बेटी का विवाह एक बड़ी चिंता बन जाता है। ऐसे में युवा मित्र मंडल जैसे सामाजिक संगठनों द्वारा सामूहिक विवाह जैसे आयोजन समाज सेवा की सर्वोत्तम मिसाल बनकर सामने आते हैं। कर्मवीर सैनी ने समारोह के आयोजक युवा मित्र मंडल,समाजसेवियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से कई परिवारों के जीवन में खुशियों का दीप जला है। मानवता का अनुपम उदाहरण बने इस प्रकार के समारोह समय-समय पर होते रहने चाहिए। बेटियों के बारे बताते हुए उन्होंने कहा कि...
"बेटियां भगवान की सबसे सुंदर सौगात होती हैं,घर की खुशियों की मीठी सी मुस्कान होती हैं।
नवविवाहित जोड़ों को संदेश देते हुए राज्य सूचना आयुक्त कर्मवीर सैनी ने कहा कि विवाह केवल दो व्यक्तियों का नहीं बल्कि दो परिवारों का मिलन होता है। इस रिश्ते की सबसे बड़ी शक्ति विश्वास, सम्मान और प्रेम है। यदि ये तीनों जीवन में बने रहें तो हर कठिनाई आसान हो जाती है। उन्होंने बेटियों को अपने संस्कारों और प्रेम से नए घर को खुशियों से भरने का संदेश दिया, वहीं बेटों से कहा कि जीवनसाथी का सम्मान करना ही अच्छे संस्कारों की पहचान है क्योंकि पत्नी केवल जीवनसंगिनी ही नहीं बल्कि सबसे अच्छी मित्र और सच्ची साथी भी होती है। नव विवाहित जोड़ों से आह्वान करनते हुए कर्मवीर सैनी ने कहा कि वे अपने दांपत्य जीवन को ऐसा सुखद और प्रेरणादायक बने,जिससे उनकी आने वाली पीढ़ियां याद रखें। समारोह में हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण मिड्ढा के प्रतिनिधि रुद्राक्ष मिड्ढा, नगर परिषद चेयरपर्सन डॉ. अनुराधा सैनी, आम आदमी पार्टी की नेता डॉ. रजनीश जैन कांग्रेसी नेता पवन गर्ग, राजेंद्र सैनी, राजू लखीना, सुभाष सैनी, सेवा सिंह सैनी, सूरजभान समेत बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, समाजसेवी और नवयुगलों के परिवारजन उपस्थित रहे तथा नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
वहीं, संस्था के प्रधान पवन सिंगला एवं उपप्रधान सोनू जैन ने बताया कि सामूहिक विवाह समारोह में युवा मित्र मंडल की ओर से दुल्हनों को दीवान बेड, गद्दा, संदूक, अलमारी, मेज, कुर्सी, सिलाई मशीन, टीवी, पंखा, गैस चूल्हा, बर्तन सेट, दीवार घड़ी, कंबल, चद्दर, तकिये, अटैची, मेकअप किट, लहंगा, दूल्हे का सफारी सूट, पैंट शर्ट, सूट, साड़ी, पांच किलो मिठाई, कन्यादान के लिए 500 रुपये, मंगलसूत्र इत्यादि जरूरत का हर सामान दिया गया है।
No comments:
Post a Comment