राजकुमार गोयल ने जताया आभार : फिरौती मांगकर अपहरण की कोशिश का पर्दाफाश, सेना का हवलदार गिरफ्तार
जींद/जुलाना: जिला पुलिस द्वारा अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार की जा रही प्रभावी कार्रवाई के तहत जुलाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। फिरौती मांगकर अपहरण करने के प्रयास के मामले में पुलिस ने सेना के एक हवलदार को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई पर हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के प्रेस प्रवक्ता राजकुमार गोयल ने पुलिस अधीक्षक का आभार जताया है।
पुलिस अधीक्षक जींद कुलदीप सिंह भा.पु.से. के कुशल निर्देशन में थाना जुलाना पुलिस ने तत्परता और सूझबूझ का परिचय देते हुए इस वारदात का खुलासा किया।
थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रम जोशन ने जानकारी देते हुए बताया कि शिकायतकर्ता सुशील निवासी जुलाना ने शिकायत दी थी कि वह सुबह सैर के लिए रेलवे स्टेशन रोड पर जा रहा था। इसी दौरान एक सफेद रंग की कार में सवार तीन युवकों ने उसे रोककर 5 लाख रुपये की फिरौती की मांग की और जबरन अपहरण करने का प्रयास किया।
शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गए और जाते समय जान से मारने की धमकी भी दी।शिकायत के आधार पर थाना जुलाना में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक द्वारा विशेष जांच टीम का गठन किया गया, जिसमें डिटेक्टिव स्टाफ, एवीटी स्टाफ तथा साइबर सेल की टीमों को शामिल किया गया।
जांच के दौरान चौकी जुलाना इंचार्ज उप निरीक्षक अजय कुमार के नेतृत्व में तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी विक्की निवासी गांव मालवी को 21 मार्च 2026 को गिरफ्तार किया गया। आरोपी सेना में हवलदार के पद पर अरुणाचल प्रदेश में तैनात है। पुलिस ने आरोपी को माननीय अदालत में पेश कर एक दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया है और मामले में आगामी कार्रवाई जारी है।
पुलिस अधीक्षक ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि आपकी नजर, हमारी ताकत है—यदि कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। हम सब मिलकर सुरक्षित समाज का निर्माण कर सकते हैं।”
अंत में हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के प्रेस प्रवक्ता राजकुमार गोयल ने जींद पुलिस अधीक्षक एवं पूरी टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पुलिस की तत्परता से एक बड़ी वारदात टल गई। उन्होंने पुलिस टीम की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सख्त कदमों से अपराधियों में भय बना रहेगा और आमजन में सुरक्षा का विश्वास बढ़ेगा।
No comments:
Post a Comment