Breaking

Monday, March 16, 2026

*घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी पर पुलिस व फूड एंड सप्लाई विभाग की संयुक्त कार्रवाई*

*घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी पर पुलिस व फूड एंड सप्लाई विभाग की संयुक्त कार्रवाई*
जींद : पुलिस अधीक्षक जींद श्री कुलदीप सिंह, आईपीएस के दिशा-निर्देश में ज़िला जींद में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए थाना शहर नरवाना पुलिस द्वारा फूड एंड सप्लाई विभाग के साथ मिलकर एक संयुक्त अभियान चलाया गया।
थाना शहर नरवाना के प्रभारी उप निरीक्षक आत्माराम ने जानकारी देते हुए बताया कि थाना शहर नरवाना की टीम ने फूड एंड सप्लाई विभाग के साथ मिलकर गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी की सूचना के आधार पर जोगिंदर वासी पंजाबी चौक नरवाना के मकान व दुकान पर छापेमारी की। मौके पर जोगिंदर अपने मकान के बाहर फल व सब्जियों की दुकान पर मौजूद मिला।
तलाशी के दौरान जोगिंदर के मकान से कुल 8 घरेलू गैस सिलेंडर बरामद हुए। इनमें से 1 सिलेंडर भरा हुआ चूल्हे पर उपयोग में लगा हुआ था, जबकि 7 सिलेंडर खाली अवस्था में घर के अंदर रखे हुए पाए गए। पूछताछ के दौरान जोगिंदर द्वारा भगवती गैस एजेंसी की दो कॉपियां पेश की गईं, जिनके अनुसार वह केवल 4 सिलेंडर रखने का अधिकृत उपभोक्ता है।
फूड एंड सप्लाई विभाग के निरीक्षक रोहित तथा उप निरीक्षक विकास की उपस्थिति में अतिरिक्त पाए गए 4 गैस सिलेंडरों को भगवती गैस एजेंसी में जमा करवा दिया गया तथा मामले की नियमानुसार जांच की जा रही है।
पुलिस व संबंधित विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया है कि घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी, अवैध भंडारण तथा दुरुपयोग पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। आमजन से भी अपील की गई है कि यदि कहीं भी गैस सिलेंडरों की अवैध बिक्री या कालाबाजारी की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस या संबंधित विभाग को सूचित करें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
जिला पुलिस द्वारा इस प्रकार की अवैध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए भविष्य में भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे।

No comments:

Post a Comment