घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी पर पुलिस व फूड एंड सप्लाई विभाग की संयुक्त कार्रवाई, अवैध गैस भराई का भंडाफोड़*
जींद : पुलिस अधीक्षक जींद श्री कुलदीप सिंह, आईपीएस के कुशल दिशा-निर्देश में जिला जींद में अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी क्रम में घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी व अवैध गैस भराई पर रोक लगाने के उद्देश्य से थाना सदर जींद व पुलिस चौकी सी.एस.आर.यू की टीम द्वारा फूड एंड सप्लाई विभाग के साथ मिलकर एक संयुक्त कार्रवाई की गई।
थाना सदर जींद के प्रभारी पीएसआई मनीष कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस चौकी सी.एस.आर.यू की टीम महिला उप निरीक्षक राजेश कुमारी के नेतृत्व में फूड एंड सप्लाई विभाग के साथ मिलकर एक संयुक्त टीम दौराने गश्त पड़ताल थी इसी दौरान पुलिस टीम को सूचना प्राप्त हुई थी कि सुरेन्द्र उर्फ बॉडर वासी गांव बिशनपुरा अपने मकान के पास खाली प्लॉट में बने कमरे के पीछे अलग-अलग कंपनियों के गैस सिलेंडरों को अवैध रूप से एकत्रित कर उनमें गैस भरकर सप्लाई करने का कार्य कर रहा है।
सूचना को विश्वशनीय मानते हुए पुलिस टीम व फूड एंड सप्लाई विभाग के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना नाम सुरेन्द्र उर्फ बोडर वासी गांव बिशनपुरा बताया। मौके की तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से कुल 5 गैस सिलेंडर बरामद किए गए, जिनमें सभी सिलेंडर भरे हुए पाए गए। इसके अलावा मौके से एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा (लगभग 100 किलोग्राम क्षमता), गैस निकालने के लिए पाइप जिसमें दो नोजल लगे हुए थे तथा एक मशीन भी बरामद की गई, जिसके माध्यम से भरे हुए सिलेंडरों से गैस निकालकर दूसरे खाली सिलेंडरों में भरी जा रही थी।
पुलिस द्वारा मौके पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए आरोपी के कब्जे से बरामद सामान को नियमानुसार कब्ज़ा पुलिस में लिया गया। आरोपी द्वारा गैस सिलेंडरों को अवैध रूप से अपने पास रखना व गैस की अवैध भराई करना आवश्यक वस्तु अधिनियम (EC Act) की धारा 7 के तहत मामला दर्ज करके आगामी कार्यवाही नियमानुसार अमल में लाई जा रही है ।
जिला पुलिस द्वारा आमजन से भी अपील की गई है कि यदि कहीं भी घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी या अवैध गैस भराई जैसी गतिविधियों की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते ऐसी अवैध गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
जिला पुलिस जींद द्वारा अवैध गतिविधियों पर लगातार कड़ी निगरानी रखी जा रही है तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए भविष्य में भी ऐसे संयुक्त अभियान जारी रहेंगे।
No comments:
Post a Comment