रोहतक : महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (एमडीयू) के गणित विभाग की सहायक प्रोफेसर डॉ. पूनम रेढू को गुरुग्राम स्थित के.आर. मंगलम विश्वविद्यालय में आयोजित इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस ऑन मैथमेटिक्स फॉर सस्टेनेबल डेवलपमेंट एंड रियल-लाइफ इनोवेशंस में यंग रिसर्चर अवार्ड से सम्मानित किया गया।
सम्मेलन के समापन सत्र में वरिष्ठ शिक्षाविद प्रो. सी.बी. गुप्ता ने गणितीय मॉडलिंग एवं अनुप्रयुक्त गणित के क्षेत्र में वास्तविक जीवन की समस्याओं के समाधान हेतु किए गए उनके उत्कृष्ट शोध योगदान के लिए यह अवॉर्ड देकर सम्मानित किया।
डॉ. पूनम रेढू ने इस प्रतिष्ठित सम्मेलन में ट्रैफिक फ्लो प्रेडिक्शन यूजिंग मशीन लर्निंग अप्रोच एंड स्पैरो सर्च एल्गोरिदम विषय पर अपना शोध पत्र प्रस्तुत किया, जिसे उसकी व्यावहारिक उपयोगिता, नवीन दृष्टिकोण और विश्लेषणात्मक गहराई के लिए प्रतिभागियों एवं विशेषज्ञों ने सराहा।
डॉ. पूनम रेढू का शोध कार्य ट्रैफिक मॉडलिंग, प्रेडिक्टिव सिस्टम्स और कम्प्यूटेशनल गणित जैसे उभरते क्षेत्रों पर केंद्रित है। उनके कार्य को मजबूत सैद्धांतिक आधार और समाजोपयोगी दृष्टि के कारण सम्मेलन में विशेष सराहना मिली।
इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में भारत सहित विभिन्न देशों के शोधकर्ताओं, शिक्षाविदों और उद्योग विशेषज्ञों ने भाग लिया। सतत विकास, डेटा एनालिटिक्स, ऑप्टिमाइजेशन और गणित के अंतर्विषयक अनुप्रयोग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर व्यापक चर्चा हुई।
No comments:
Post a Comment