*डीआईजी वीरेंद्र विज, आईपीएस (RTC भोंडसी, गुरुग्राम) की अध्यक्षता में फतेहाबाद में उच्चस्तरीय अपराध गोष्ठी आयोजित*
*– पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन, आईपीएस व एएसपी दिव्यांशी सिंगला, आईपीएस सहित सुपरवाइजरी अधिकारियों के साथ कानून व्यवस्था, नशा नियंत्रण व अपराध समीक्षा पर फोकस*
फतेहाबाद - जिला फतेहाबाद में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने, अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा नशा तस्करी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के उद्देश्य से डीआईजी श्री वीरेंद्र विज, आईपीएस (RTC भोंडसी, गुरुग्राम) की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। यह गोष्ठी एनजीओ मेस फतेहाबाद में आयोजित हुई, जिसमें पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन, आईपीएस, एएसपी दिव्यांशी सिंगला, आईपीएस सहित अन्य सुपरवाइजरी अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में जिले की कानून व्यवस्था, आपराधिक गतिविधियों, लंबित मामलों तथा नशा तस्करी से जुड़े प्रकरणों की बारीकी से समीक्षा की गई।
अपराध गोष्ठी के दौरान डीआईजी वीरेंद्र विज, आईपीएस ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में कानून व्यवस्था पर कड़ी निगरानी रखें तथा सक्रिय अपराधियों, हिस्ट्रीशीटरों व संगठित गिरोहों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई करें। उन्होंने नशा तस्करी को गंभीर चुनौती बताते हुए कहा कि इस पर पूर्ण रूप से अंकुश लगाने के लिए इंटेलिजेंस आधारित कार्रवाई को और मजबूत किया जाए तथा नशा सप्लाई चेन को जड़ से समाप्त किया जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि नशा तस्करों की संपत्ति की पहचान कर उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि अपराधियों में सख्त संदेश जाए।
इसके साथ ही चोरी, लूट, वाहन चोरी, साइबर अपराध व अन्य संगीन मामलों में त्वरित, प्रभावी एवं पेशेवर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। लंबित मामलों के शीघ्र निपटान, वांछित आरोपियों की धरपकड़ तथा अपराधों की रोकथाम के लिए निरंतर विशेष अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन, आईपीएस ने जिले में चल रहे नशा विरोधी अभियानों एवं अन्य पुलिस पहलों की प्रगति की जानकारी देते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे आमजन के साथ बेहतर तालमेल स्थापित करें और युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए जागरूकता अभियान तेज करें। उन्होंने कहा कि पुलिस की सक्रियता, पारदर्शिता और टीम वर्क से ही अपराधों एवं नशे पर प्रभावी नियंत्रण संभव है।
अंत में डीआईजी वीरेंद्र विज, आईपीएस ने सभी अधिकारियों को निष्ठा, अनुशासन और जवाबदेही के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि जिले में शांति, कानून व्यवस्था और जनविश्वास बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने दोहराया कि नशा तस्करी के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत निरंतर सख्त कार्रवाई जारी रखी जाएगी तथा किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
No comments:
Post a Comment