विश्व स्वास्थ्य दिवस पर ई-टेस्ट का आयोजन
राष्ट्र की उन्नति के लिए स्वस्थ जीवन अत्यंत आवश्यक – राजकुमार भोला
जींद :- जींद विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर महात्मा गांधी शिक्षा एवं समाज विकास संगठन के सहयोग से हरियाणा नॉलेज कारपोरेशन लिमिटेड (एचकेसीएल) द्वारा पूरे हरियाणा में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने हेतु ई-टेस्ट का आयोजन किया गया। इसी कड़ी में मंगलवार को अर्बन एस्टेट स्थित प्रशिक्षण केंद्र, जींद में भी सफलतापूर्वक ई-टेस्ट आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित राजकुमार भोला अध्यक्ष, महात्मा गांधी शिक्षा एवं समाज विकास संगठन एवं निदेशक, एचकेसीएल जींद ने कहा कि विश्व स्वास्थ्य दिवस प्रत्येक वर्ष 7 अप्रैल को मनाया जाता है, जो विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) की स्थापना (1948) के उपलक्ष्य में मनाया जाता है।
उन्होंने कहा स्वास्थ्य मानव जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है। किसी भी राष्ट्र की उन्नति के लिए नागरिकों का स्वस्थ होना अत्यंत आवश्यक है। स्वस्थ व्यक्ति ही समाज और देश के विकास में अधिक योगदान दे सकता है।
राजकुमार भोला ने आगे बताया कि इस ई-टेस्ट का उद्देश्य विद्यार्थियों और आमजन को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें बीमारियों से बचाव के प्रति सजग बनाना है। इस टेस्ट में स्वास्थ्य से जुड़े वस्तुनिष्ठ प्रश्न शामिल किए गए हैं तथा सभी प्रतिभागियों को टेस्ट पूर्ण करने के तुरंत बाद ईमेल के माध्यम से सहभागिता प्रमाणपत्र प्रदान किया जा रहा है।
आईटी प्रमुख अंकिता खटकड़ ने अपने वक्तव्य में कहा डिजिटल माध्यम से आयोजित यह ई-टेस्ट विद्यार्थियों के लिए एक नई सीख का अवसर है। इससे न केवल उनकी स्वास्थ्य संबंधी जानकारी बढ़ेगी, बल्कि वे तकनीक के माध्यम से सीखने के लिए भी प्रेरित होंगे। उन्होंने बताया कि एचकेसीएल द्वारा आईटी साक्षरता एवं कौशल विकास को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न कंप्यूटर कोर्स ऑनलाइन एवं ऑफलाइन माध्यम से संचालित किए जा रहे हैं, जिससे युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त हो सकें। इस अवसर पर अजय वर्मा, मीणा, पिंकी, सिमरन, मेघा सहित अन्य स्टाफ सदस्य एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
No comments:
Post a Comment