धार्मिक आयोजन न केवल हमारी संस्कृति को मजबूत करते हैं बल्कि समाज को जोड़ने का कार्य भी करते हैं : राजकुमार गोयल
जींद : धार्मिक आयोजन न केवल हमारी संस्कृति को मजबूत करते हैं बल्कि समाज को जोड़ने का कार्य भी करते हैं। यह वक्तव्य अखिल भारतीय अग्रवाल समाज हरियाणा के अध्यक्ष एवं प्रमुख समाजसेवी डा. राजकुमार गोयल ने दिया। गोयल जयंती देवी मंदिर में श्री श्याम दीवाना मंडल जीन्द द्वारा पहली बार आयोजित विशाल पैदल ध्वज यात्रा में मुख्य अतिथि के तौर पर पहुंचे थेे। उन्होंने हरी झंडी दिखाकर इस यात्रा को रवाना किया। इस अवसर पर आशीष जिंदल, गौरव अग्रवाल, मयंक शर्मा, हैप्पी दुग्गल, सोनू सावरा, साहिल तायल, सावर गर्ग, पवन बंसल, मनजीत कुमार, सोनू जैन, सुशील सिंगला, विशाल शर्मा, इत्यादि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
इस पैदल ध्वज यात्रा में काफी संख्या में महिलाओं, पुरुषों और बच्चों ने भाग लिया। महिलाओं की संख्या अच्छी खासी थी। यह यात्रा जयंती मंदिर से शुरू हुई जो शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए रूपया चौक, झांझ गेट, बैड मार्किट, रामराय गेट, बैक रोड, पालिका बाजार, रानी तालाब होते हुए बनखंड महादेव मंदिर पर संपन्न हुई। यात्रा के दौरान पूरा शहर भक्तिरस में डूबा नजर आया। श्रद्धालु हाथों में लाल ध्वज लेकर जय श्री राम और जय बजरंगबली के जयघोष करते हुए आगे बढ़ते रहे। ढोल-नगाड़ों, भजन-कीर्तन और धार्मिक नारों की गूंज से पूरा शहर गूंज उठा और वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया। कार्यक्रम की सबसे बड़ी आकर्षण भगवान हनुमान की भव्य एवं मनमोहक झांकियां रहीं जिन्हें देखने के लिए जगह-जगह लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
इस अवसर पर अपने संबोधन में राजकुमार गोयल ने कहा कि जींद में इस तरह की भव्य ध्वज यात्रा का आयोजन वास्तव में गर्व की बात है। युवाओं को ऐसे आयोजनों से जुड़कर अपनी सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाना चाहिए और समाज सेवा के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होने कहा कि संस्था द्वारा शहर में पहली बार निकली इस भव्य ध्वज यात्रा ने जींद की धार्मिक और सामाजिक एकता का शानदार उदाहरण प्रस्तुत किया। इस अवसर पर संस्था के पदाधिकारियों आशीष जिंदल, गौरव अग्रवाल, मयंक शर्मा और हैप्पी दुग्गल ने कहा कि पहली बार हनुमान जन्मोत्सव की खुशी में भव्य शोभा यात्रा निकाली गई जो काफी कामयाब रही। इन सबने कहा कि आगे भी श्री श्याम दिवाना मंडल इसी प्रकार धार्मिक कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।
No comments:
Post a Comment