चंडीगढ़ : हरियाणा सरकार ने गरीबी रेखा (BPL) से नीचे जीवन यापन करने वाले वरिष्ठ नागरिकों के लिए बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार प्रदेश सरकार गरीब परिवारों के बुजुर्गों को निशुल्क श्री सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के दर्शन करवाएगी। इसके लिए 8 जून को कुरुक्षेत्र रेलवे जंक्शन से एक स्पेशल ट्रेन रवाना होगी, जिसे मुख्यमंत्री स्वयं हरी झंडी दिखाएंगे।
सरकारी प्रवक्ता के अनुसार, इस यात्रा का लाभ लेने के इच्छुक श्रद्धालु 6 जून तक सरल पोर्टल पर आवेदन कर सकते हैं। यात्रा “पहले आओ-पहले पाओ” के आधार पर उपलब्ध होगी। यह विशेष ट्रेन कुरुक्षेत्र से करनाल, पानीपत, सोनीपत और दिल्ली होते हुए श्री सोमनाथ ज्योतिर्लिंग तक पहुंचेगी। यह पहल भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय द्वारा आयोजित “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व-1000 वर्ष की शौर्य एवं धैर्यगाथा, अटूट आस्था” कार्यक्रम के तहत की जा रही है। सरकार का उद्देश्य गरीब परिवारों के बुजुर्गों के तीर्थ दर्शन के सपने को साकार करना है।
प्रवक्ता ने बताया कि यात्रा के लिए पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य होगा। श्रद्धालुओं को मेडिकल हिस्ट्री की जानकारी देनी होगी और अधिकृत चिकित्सक द्वारा प्रमाणित मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र लगाना जरूरी रहेगा। यात्रा के दौरान रहने, खाने और स्थानीय परिवहन की व्यवस्था सरकार द्वारा की जाएगी।
स्पेशल ट्रेन में किसी भी प्रकार का नशा पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। पंजीकरण के बाद ही यात्रियों को ट्रेन में बैठने की अनुमति मिलेगी और जिला स्तर पर सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा आईडी कार्ड जारी किए जाएंगे।
*यात्रा के लिए पात्रता क्या है?*
योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक का हरियाणा का स्थायी निवासी होना, परिवार पहचान पत्र (PPP) होना और वैध फोटो पहचान पत्र जमा करना आवश्यक है। आवेदक की आयु 60 वर्ष से अधिक तथा वार्षिक आय 1.80 लाख रुपये तक होनी चाहिए। साथ ही, पिछले तीन वर्षों में तीर्थ यात्रा योजना का लाभ नहीं लेने का स्वयं घोषणा पत्र देना होगा। वरिष्ठ नागरिक अपने जीवनसाथी को भी इस निशुल्क यात्रा में साथ ले जा सकेंगे।
No comments:
Post a Comment