चरखी दादरी : पुलिस अधीक्षक लोगेश कुमार के कुशल निर्देशन में चरखी दादरी पुलिस ने नई अनाज मंडी में सरसों के कट्टे चोरी करने की वारदात का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की गई सरसों, चोरी की रकम में से बची नकदी तथा वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद करने में सफलता हासिल की है।
पुलिस प्रवक्ता योगेश कुमार ने बताया कि 29 जून 2026 को अनिल निवासी गांव मौड़ी, हाल दुकान नंबर-227, नई अनाज मंडी चरखी दादरी द्वारा थाना शहर चरखी दादरी में शिकायत दी गई थी कि उसकी दुकान पर रखे सरसों के कट्टों में से अज्ञात व्यक्तियों ने चोरी कर ली है। शिकायतकर्ता ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखने पर दो युवकों को मोटरसाइकिल पर सरसों के कट्टे ले जाते हुए देखा। रिकॉर्ड मिलान करने पर शिकायतकर्ता के करीब छह कट्टे सरसों चोरी होना पाया गया, जिनकी कीमत लगभग 18 हजार रुपये थी।
शिकायत के आधार पर थाना शहर चरखी दादरी में मामला दर्ज कर जांच हेड कांस्टेबल बबलू द्वारा शुरू की गई। जांच के दौरान मोटरसाइकिल के मालिक से पूछताछ की गई, जिसने बताया कि उक्त बाइक उसके रिश्तेदार मुकेश के पास थी, जो नई सब्जी मंडी में सब्जी बेचने का कार्य करता है।
पुलिस टीम ने लगातार छापेमारी एवं तकनीकी जांच के आधार पर मुकेश निवासी पातुवास महराणा, हाल नई सब्जी मंडी चरखी दादरी तथा निखिल निवासी गामड़ी, जिला चरखी दादरी को रामबाग क्षेत्र से नियमानुसार गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपियों से वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, चोरी किये दो कट्टे सरसों बरामद की गई। इसके अलावा चोरी की गई सरसों बेचकर प्राप्त राशि में से आरोपी मुकेश के कब्जे से 600 रुपये तथा आरोपी निखिल के घर से 700 रुपये बरामद किए गए। पूछताछ एवं आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के उपरांत दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
No comments:
Post a Comment