Breaking

Saturday, June 13, 2026

बोर्ड अध्यक्ष ने विभिन्न शाखाओं, छात्र सुविधा केन्द्र व कैंटीन का किया औचक निरीक्षण

बोर्ड अध्यक्ष ने विभिन्न शाखाओं, छात्र सुविधा केन्द्र व कैंटीन का किया औचक निरीक्षण
- कर्मचारी/अधिकारी बोर्ड के कार्यों में पारदर्शिता और समयबद्धता को दें सर्वोच्च प्राथमिकता
भिवानी : हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड, भिवानी के अध्यक्ष श्री शंकर लाल धूपड़ ने आज बोर्ड कार्यालय की विभिन्न शाखाओं, छात्र सुविधा केन्द्र व कैंटीन का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया एवं अधिकारियों व कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करें और जनता से संवाद के दौरान विनम्र एवं सहयोगपूर्ण व्यवहार बनाए रखें। निरीक्षण के दौरान श्री शंकर लाल धूपड़ ने कहा कि बोर्ड के कार्यों में पारदर्शिता और समयबद्धता कर्मचारियों और अधिकारियों के लिए सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कार्यालय की विभिन्न शाखाओं में जाकर लंबित मामलों का जायजा लिया तथा अधिकारी/कर्मचारियों को समय रहते कार्यों के निपटान हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बोर्ड अध्यक्ष ने बोर्ड परिसर स्थित कार्यालय कैंटीन का निरीक्षण करते हुए भोजन/चाय एवं अन्य खाद्य पदार्थों का सेवन कर स्वयं गुणवत्ता की जांच की तथा उपस्थित कर्मचारियों को कैंटीन की साफ सफाई के साथ-साथ बेहतर गुणवत्ता वाले पदार्थों को तैयार करने बारे निर्देश दिए।
इसके अतिरिक्त बोर्ड अध्यक्ष द्वारा छात्र सुविधा केन्द्र का भी निरीक्षण किया गया। बोर्ड कार्यालय में अपने-अपने कार्यों से आए विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों से भी संवाद किया तथा बोर्ड की कार्यशैली, कर्मचारियों के व्यवहार, शिकायत निवारण व्यवस्था व अन्य सुविधाओं बारे विस्तार से बातचीत की तथा उनकी राय भी जानी। आगन्तुकों ने बोर्ड अध्यक्ष से अपने अनुभव साझा किए, जिनमें से कई ने बोर्ड की कार्यप्रणाली की सराहना की, वहीं कुछ ने सुधार संबंधी सुझाव भी दिए। उन्होंने आगे कहा कि हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड प्रदेशभर के विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों के हित में पारदर्शी, जवाबदेह और जनहितकारी प्रशासन देने के लिए प्रतिबद्ध है।

No comments:

Post a Comment