Breaking

Wednesday, June 10, 2026

टैगोर थिएटर में गूंजा सफीदों का नाम! ‘संविधान के नायक’ ने लोकसभा अध्यक्ष से लेकर CM सैनी तक को किया प्रभावित

टैगोर थिएटर में गूंजा सफीदों का नाम! ‘संविधान के नायक’ ने लोकसभा अध्यक्ष से लेकर CM सैनी तक को किया प्रभावित
चंडीगढ़ :  कॉमनवेल्थ पार्लियामेंटरी एसोसिएशन (CPA) नॉर्थ ज़ोन सम्मेलन के दौरान टैगोर थिएटर में हरियाणा के सफीदों स्थित रास कला मंच ने ऐसा मंचन किया कि पूरा सभागार तालियों से गूंज उठा। कलाकारों ने अंकिता द्वारा लिखित और रवि मोहन द्वारा निर्देशित नाटक ‘संविधान के नायक’ की शानदार प्रस्तुति देकर संविधान के आदर्शों और लोकतांत्रिक मूल्यों का सशक्त संदेश दिया।
कार्यक्रम में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला, हरियाणा के राज्यपाल प्रो. आशीम कुमार घोष, पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ प्रशासक गुलाब चंद कटारिया, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, राज्यसभा उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह, विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण सहित 15 राज्यों की विधानसभाओं के अध्यक्ष और कई गणमान्य हस्तियां मौजूद रहीं।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने नाटक की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी प्रस्तुतियां संविधान के मूल्यों और राष्ट्रीय चेतना को मजबूत करने का कार्य करती हैं। वहीं शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने कहा कि इस प्रकार के नाटक विद्यार्थियों और युवाओं में संविधान, नागरिक कर्तव्यों और राष्ट्रप्रेम की भावना विकसित करने का प्रभावी माध्यम हैं।
नाटक की शुरुआत संविधान की प्रस्तावना के शब्द "हम भारत के लोग..." से हुई। कलाकारों ने समानता, स्वतंत्रता, न्याय और बंधुत्व जैसे संवैधानिक मूल्यों को जीवंत अभिनय के माध्यम से मंच पर उतारा। साथ ही "वसुधैव कुटुम्बकम्" और "सर्वे भवन्तु सुखिनः" जैसे भारतीय जीवन मूल्यों को संविधान की भावना से जोड़ते हुए सामाजिक समरसता और मानवता का संदेश दिया।
नाटक का अंतिम दृश्य इतना भावुक और प्रेरणादायक रहा कि दर्शक भाव-विभोर हो गए। कलाकारों ने संदेश दिया कि संविधान केवल कानूनों की किताब नहीं, बल्कि भारत की आत्मा और हर नागरिक का मार्गदर्शक है।
हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण मिड्ढा ने कहा कि रास कला मंच ने अपनी प्रतिभा से पूरे क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। वहीं विधायक रामकुमार गौतम ने इसे राष्ट्रीय स्तर पर सफीदों और क्षेत्र का नाम रोशन करने वाली प्रस्तुति बताया। दोनों जनप्रतिनिधियों ने मांग की कि ‘संविधान के नायक’ नाटक का मंचन प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों में कराया जाए ताकि संविधान का संदेश जन-जन तक पहुंचे।

No comments:

Post a Comment