जींद : गांव असरफगढ़ में माजरा खाप पंचायत की ओर से नशामुक्ति अभियान को लेकर जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में माजरा खाप पंचायत के अंतर्गत आने वाले 14 गांवों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में जींद के पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे।
इस दौरान समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए गांव खोखरी निवासी एवं पंजाब केसरी टीवी के पत्रकार अमनदीप पिलानिया को सम्मानित किया गया। अमनदीप पिलानिया ने 30वीं बार रक्तदान किया है। उनकी इस सामाजिक पहल के लिए माजरा खाप पंचायत और पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह ने उन्हें रक्तदाता सम्मान से नवाजा।
सम्मान मिलने पर पत्रकार अमनदीप पिलानिया ने माजरा खाप पंचायत और पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह का आभार जताया। उन्होंने कहा कि रक्तदान हर युवा को करना चाहिए, क्योंकि रक्तदान से किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन मिल सकता है। उन्होंने कहा कि रक्त ऐसा है जिसे कृत्रिम रूप से बनाया नहीं जा सकता और इसकी पूर्ति केवल इंसान के शरीर से ही होती है। इसलिए इंसानियत के नाते प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए।
माजरा खाप के प्रधान गुरविंद्र संधु और पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह ने कहा कि अमनदीप पिलानिया पत्रकारिता के साथ-साथ सामाजिक कार्यों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेते हैं और समाज को सकारात्मक संदेश देने का काम कर रहे हैं। उन्होंने युवाओं से रक्तदान के साथ-साथ नशे से दूर रहने की अपील की।
उन्होंने कहा कि नशा नाश की जड़ है, जो केवल व्यक्ति को ही नहीं बल्कि पूरे परिवार को बर्बाद कर देता है। ऐसे में युवाओं को नशे से दूर रहकर समाजहित के कार्यों में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए।
No comments:
Post a Comment