Breaking

Thursday, September 10, 2026

साइबर जागरूकता ही डिजिटल सुरक्षा की पहली ढाल : राजकुमार भोला

साइबर फ्रॉड से बचाव के लिए विद्यार्थियों को किया जागरूक, शिक्षकों के लिए निःशुल्क प्रशिक्षण शुरू

साइबर जागरूकता ही डिजिटल सुरक्षा की पहली ढाल : राजकुमार भोला
जींद : हरियाणा नॉलेज कॉरपोरेशन लिमिटेड (एचकेसीएल) के 14 वें स्थापना दिवस पर महात्मा गांधी शिक्षा एवं समाज विकास संगठन, जींद द्वारा साइबर सिक्योरिटी सप्ताह के अंतर्गत विद्यार्थियों के लिए साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में संस्था के माध्यम से एचकेसीएल के अंतर्गत कंप्यूटर प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा, ऑनलाइन धोखाधड़ी, डिजिटल फ्रॉड तथा सुरक्षित इंटरनेट उपयोग के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संस्था के अध्यक्ष राजकुमार भोला ने कहा कि डिजिटल तकनीक ने हमारे जीवन को आसान और सुविधाजनक बनाया है, लेकिन इसके साथ साइबर अपराधों का खतरा भी तेजी से बढ़ा है। उन्होंने कहा आज केवल डिजिटल रूप से सक्षम होना पर्याप्त नहीं है, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति का डिजिटल रूप से जागरूक और सुरक्षित होना भी जरूरी है। थोड़ी-सी सतर्कता हमें बड़े साइबर नुकसान से बचा सकती है। उन्होंने विद्यार्थियों को सलाह दी कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, संदिग्ध कॉल या मैसेज पर विश्वास न करें तथा ओटीपी, एटीएम पिन, सीवीवी, पासवर्ड और बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं जागरूक बनने के साथ-साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
फर्जी कॉल और लिंक से रहें सावधान : अंकिता खटकड़

संस्था की आईटी प्रमुख अंकिता खटकड़ ने विद्यार्थियों को साइबर फ्रॉड के विभिन्न तरीकों और उनसे बचाव के व्यावहारिक उपायों की जानकारी दी। उन्होंने कहा, साइबर अपराधी फर्जी कॉल, केवाईसी अपडेट, नौकरी के ऑफर, बैंकिंग मैसेज, सोशल मीडिया लिंक और आकर्षक इनाम जैसी योजनाओं का लालच देकर लोगों को अपना शिकार बनाते हैं। किसी भी संदिग्ध संदेश या लिंक पर तुरंत प्रतिक्रिया देने के बजाय उसकी सत्यता की जांच करना बेहद जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों को मजबूत एवं अलग-अलग पासवर्ड रखने, Two-Factor Authentication सक्रिय करने, संदिग्ध वेबसाइट एवं लिंक से बचने तथा सोशल मीडिया अकाउंट की Privacy Settings को सुरक्षित रखने की सलाह दी। साथ ही उन्होंने कहा कि साइबर अपराध का शिकार होने की स्थिति में घबराने के बजाय तुरंत उचित माध्यम से शिकायत दर्ज करवानी चाहिए।
शिक्षकों के लिए निःशुल्क ऑनलाइन साइबर सुरक्षा प्रशिक्षण

साइबर सिक्योरिटी सप्ताह 5 सितंबर से 12 सितंबर 2026 तक आयोजित किया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत सरकारी एवं निजी स्कूलों के अध्यापकों के लिए साइबर सिक्योरिटी पर निःशुल्क ऑनलाइन प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जा रहा है। इच्छुक शिक्षक इस प्रशिक्षण के लिए आवेदन कर सकते हैं। प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र (Certificate) भी प्रदान किया जाएगा। इस अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को बढ़ते साइबर खतरों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें सुरक्षित, जिम्मेदार और सजग डिजिटल नागरिक बनाने की दिशा में प्रेरित करना है।

No comments:

Post a Comment