*सेवा संकल्प अभियान के तहत चित्रकारों ने उकेरा विकसित भारत*
चित्रकार दीपक कौशिक ने राष्ट्रीय भित्ति चित्रकार कार्यशाला में लिया भाग
नई दिल्ली : सेवा संकल्प अभियान के तहत नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) द्वारा पंचकुइयां रोड पर आयोजित सात दिवसीय राष्ट्रीय वॉल म्यूरल कार्यशाला में देशभर के 15 वरिष्ठ कलाकारों ने भाग लिया। इनमें जींद, हरियाणा के चित्रकार दीपक कौशिक भी शामिल रहे। कार्यशाला में कलाकारों ने लगभग 4,200 वर्गफुट क्षेत्र में भारतीय विरासत, संस्कृति, विकास और आधुनिक भारत की तस्वीरों को भित्ति चित्रों के माध्यम से उकेरा।
दीपक कौशिक इससे पहले भी कई राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय कला प्रदर्शनियों में भाग ले चुके हैं। अपने रचनात्मक एवं कलात्मक दृष्टिकोण के लिए पहचान रखने वाले कौशिक ने इस कार्यशाला में महिला सशक्तिकरण को केंद्र में रखते हुए अपनी कलाकृति तैयार की। उनके चित्र में महिलाओं की क्षमता, आत्मनिर्भरता और राष्ट्र निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को कलात्मक रूप से प्रस्तुत किया गया।
कार्यशाला के दौरान नई दिल्ली सांसद बांसुरी स्वराज और एनडीएमसी उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने कलाकारों से मुलाकात कर उनके कार्यों का अवलोकन और उत्साहवर्धन किया। कार्यशाला में भारत की समृद्ध विरासत और ऐतिहासिक परंपराओं के साथ तेजस, बुलेट ट्रेन और योग जैसे आधुनिक भारत के प्रतीकों को भी चित्रों में स्थान दिया गया।
एनडीएमसी के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य खाली एवं सामान्य दीवारों को आकर्षक बनाने के साथ नागरिकों, विद्यार्थियों और पर्यटकों को भारतीय कला-संस्कृति से जोड़ना है। दीपक कौशिक की महिला सशक्तिकरण पर आधारित कलाकृति इस पहल में सामाजिक विकास और विकसित भारत के संकल्प को कलात्मक अभिव्यक्ति देती है।
No comments:
Post a Comment