Breaking

Wednesday, September 20, 2023

September 20, 2023

जींद के विधायक डॉ कृष्ण लाल मिड्ढा ने साइकिल चलाकर उपस्थित जनों का बढ़ाया मनोबल

जींद के विधायक डॉ कृष्ण लाल मिड्ढा ने साइकिल चलाकर उपस्थित जनों का बढ़ाया मनोबल
चंडीगढ़, 20 सितंबर - हरियाणा उदय आउटरीच कार्यक्रम के तहत चलाई जा रही साइक्लाथोन रात्रि ठहराव जींद में करने उपरांत बुधवार की तडके पूरे जोश-उत्साह के साथ आमजन को जागरूक करते हुए कंडेला-शाहपुर-नगूरां-अलेवा-दुडाना के रास्ते अपने अगले गंतव्य कैथल जिला की ओर रवाना हुई। जींद के विधायक श्री कृष्ण लाल मिढ़ा एवं माननीय मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव श्री कृष्ण बेदी ने साइक्लोथॉन को शहर की अर्बन एस्टेट जाट धर्मशाला के सामने से संयुक्त रूप से झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस दौरान जींद के विधायक डॉ. कृष्ण लाल मिढ़ा, एडीसी डॉ. हरीश वशिष्ठ, एसडीएम डॉ. पंकज व जिला प्रशासन के अन्य अधिकारियों ने साइकिल चलाकर साइक्लोथॉन में भागीदार बन आमजन को नशा मुक्ति का संदेश देते हुए साइकिलों पर निकले। जिला में साइक्लोथॉन को लेकर नागरिकों को जोश व उत्साह पूरे चरम पर रहा और उन्होंने भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारे लगाते हुए साइकिलिस्ट में जोश भरा और साइक्लोथॉन में बढ़ चढ़कर भागीदारी करते हुए साइकिल दौड़ाई।
जींद के विधायक डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा ने साइकिल दल का स्वागत-अभिनंदन करते हुए आमजन विशेषकर युवाओं को ड्रग फ्री हरियाणा के निर्माण में नशा के खिलाफ एकजुट होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने हरियाणा को ड्रग फ्री बनाने का संकल्प लिया है जिसे हम सभी को मिलकर पूरा करना है। हम सबको इस महायज्ञ में आहुति डालते हुए नशे को खत्म करने का संकल्प लेकर देश-प्रदेश के विकास में योगदान देना होगा। उन्होंने कहा कि हरियाणा की पहचान दूध-दही के खाने से है, नशे से नहीं। इसलिए हमें दूध-दही-छाछ आदि का सेवन करते हुए अपने शरीर को सेहतमंद व तंदुरुस्त बनाना चाहिए।  
उन्होंने कहा कि देश का हर नागरिक आज हरियाणा को बड़े गौरव के साथ देखता है, क्योंकि हरियाणा राज्य में अच्छे मेडल विजेता खिलाड़ी हैं, बहादुर सैनिक हैं, अच्छे वैज्ञानिक हैं, मेहनती किसान व श्रमिक हैं। ये सभी अपने - अपने क्षेत्रों में देश-विदेश में हरियाणा का मान बढ़ा रहे हैं। नशे का हरियाणा की परंपरा और संस्कृति से कोई मेल नहीं हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल के नेतृत्व में सरकार ने हरियाणा को नशा मुक्त बनाने का सुंदर सपना देखा है, जिसे साकार करने के लिए मिलकर प्रयास करने होंगे।
सचिव श्री कृष्ण बेदी ने युवाओं का आह्वान किया कि वे नशे से दूर रहें। उन्होंने कहा कि युवा अपनी ऊर्जा गलत दिशा में लगाते हैं जिससे वे नशे की लत में पड़ जाते हैं। युवा वर्ग की ऊर्जा का संचालन उचित दिशा में करने की जरूरत है, जिसके लिए उन्हें जागरूक करना होगा। साइकिल रैली रूपी इस जन जागरूकता यात्रा में बढ़-चढक़र हिस्सा लेकर हम नशे के खिलाफ संघर्ष को मजबूती प्रदान कर देश-प्रदेश की तरक्की में योगदान दे सकते हैं।
एडीसी डॉ. हरीश वशिष्ठ ने कहा कि मुख्यमंत्री ने युवाओं को नशे की लत से दूर रखने के लिए एक सराहनीय शुरुआत की है, जिसे नियमित रूप से किया जाना चाहिए। नशा मुक्ति से युवाओं को खेल व रचनात्मक गतिविधियों की ओर बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। अब साइकिल यात्रा के माध्यम से नशा विरोधी अभियान चलाया गया है। जींद में आयोजित की जा रही साइक्लोथॉन का ड्रग फ्री हरियाणा का संदेश पूरे प्रदेश में जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति को अंदर से खोखला, आर्थिक रूप से खाली कर देता है, जिससे परिवार दुखी और बच्चे लाचारी महसूस करने लगते हैं। हमें संकल्प लेना होगा कि नशे में लिप्त युवाओं को इससे छुटकारा दिलाएंगे।
’साइक्लोथॉन में शामिल वरिष्ठ नागरिकों के जज्बे व हौसले को सलाम

साइक्लोथॉन के दौरान वरिष्ठ नागरिकों जयपाल सिंह, सहदेव सिंह व कमलेश देवी में गजब का जज्बा व हौसला दिखाई दे रहा है। ये तीनों वरिष्ठ नागरिक साइक्लोथॉन के स्टार्टिंग प्वाइंट करनाल से ही साइक्लोथॉन के साथ-साथ चल रहे हैं और लोगों को ड्रग फ्री हरियाणा का संदेश देते हुए जागरूक करते आ रहे हैं। इनका एक ही उद्देश्य है साइक्लोथॉन यात्रा पूरी करते हुए हरियाणा को ड्रग फ्री बनाने में तन-मन से अपना योगदान देना। उनका मानना है कि जब तक हौसला और हिम्मत है वे यात्रा के अंतिम पड़ाव तक साइक्लोथॉन के साथ-साथ चलते हुए लोगों को जागरूक करेंगे। इस दौरान जिला जींद के वरिष्ठ नागरिक देशराज शर्मा ने भी अपना हौसला एवं हिम्मत दिखाई और साईकिल यात्रा में साथ रहे और अन्य साइक्लोथॉन का हौसला बढ़ाते रहे। उनके इस जज्बे को देखते हुए जिला प्रशासन की ओर से जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा उनको एक साइकिल भेंट की गई।
September 20, 2023

हरियाणा खेल के क्षेत्र में बना सिरमौर : दुष्यंत चौटाला

हरियाणा खेल के क्षेत्र में बना सिरमौर : दुष्यंत चौटाला
चंडीगढ़ , 20 सितम्बर - हरियाणा के उपमुख्यमंत्री श्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि राज्य सरकार ने खिलाड़ियों के हित में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं जिसकी बदौलत आज हरियाणा खेल के क्षेत्र में सिरमौर बना हुआ है।

डिप्टी सीएम आज नई दिल्ली स्थित अपने आवास पर राष्ट्रीय महिला हैंडबाल टीम के सदस्यों से बात कर रहे थे। इस अवसर पर हैंडबॉल फेडरेशन ऑफ़ इंडिया के अध्यक्ष श्री दिग्विजय सिंह चौटाला ने डिप्टी सीएम से सभी खिलाडियों का परिचय करवाया।
यह राष्ट्रीय महिला हैंडबॉल टीम चीन में होने वाले एशियाई गेम्स में शिरकत करने जा रही है।

उपमुख्यमंत्री श्री दुष्यंत चौटाला ने हैंडबॉल टीम के खिलाड़ियों को एशियाई गेम्स के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में खेलों को बढ़ावा दे रही है। सरकार खिलाड़ियों को कई सुविधाएं उपलब्ध करवा कर उनके खेलों को तराशने का काम कर रही है। आज खेल जगत में हरियाणा का बड़ा नाम है। हमारे युवा बड़ी उपलब्धियां प्राप्त कर देश-प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। मैडल जीतने वाले खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार देने के साथ-साथ सरकारी नौकरियां दी जा रही हैं। अवार्ड पाने वाले खिलाड़ियों को मासिक मानदेय भी दिया जाता है।
September 20, 2023

एफएमडीए की चौथी बैठक में वर्ष 2023-24 का 878.23 करोड़ रुपये का बजट किया मंजूर

एफएमडीए की चौथी बैठक में वर्ष 2023-24 का 878.23 करोड़ रुपये का बजट किया मंजूर
चंडीगढ़, 20 सितंबर - हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने कहा कि जेवर एयरपोर्ट आने से फरीदाबाद व पलवल जिला में विकास की नयी संभावनाएं खुलीं हैं। ऐसे में जेवर के साथ लगते हरियाणा के फरीदाबाद व पलवल जिलों का सुनियोजित विकास हो इसके लिए यमुना क्षेत्र को कण्ट्रोल एरिया घोषित कर नया मास्टर प्लान तैयार किया जाएगा।

मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल बुधवार को फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण (एफएमडीए) की चौथी बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में एफएमडीए के माध्यम से फरीदाबाद शहर के विकास को गति देने के लिए वर्ष 2023-24 के लिए कुल 878.23 करोड़ रुपये के बजट को मंजूरी दी गयी। बैठक में केन्द्रीय ऊर्जा एवं भारी उद्योग राज्य मंत्री श्री कृष्णपाल गुर्जर, हरियाणा के परिवहन मंत्री श्री मूलचंद शर्मा, शहरी स्थानीय निकाय मंत्री डॉ. कमल गुप्ता मौजूद थे।

बैठक में वर्ष 2031 तक भविष्य की जनसंख्या वृद्धि और संबंधित बुनियादी ढांचे के विकास की आवश्यकताओं की कल्पना करते हुए शहर के बुनियादी ढांचे में सुधार, नागरिक सेवाओं को बढ़ाने और बेहतर पर्यावरण में योगदान देने के लिए तैयार की गई प्रमुख परियोजनाओं को मंजूरी दी गयी। एफएमडीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री ए. श्रीनिवास द्वारा विकास का एजेंडा प्रस्तुत किया गया जिसे मुख्यमंत्री ने शहर के उत्थान और बड़े पैमाने पर जनता के लाभ के लिए मंजूरी प्रदान कर दी।

मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने कहा कि फरीदाबाद के भविष्य के दृष्टिकोण और विजन के साथ एफएमडीए ने शहर में 2031 तक अनुमानित जनसंख्या वृद्धि को ध्यान में रखते हुए एक मजबूत विकास योजना विकसित की है। अगले कुछ वर्षो में फरीदाबाद के विस्तार और विकास में सहयोग के लिए आज प्राधिकरण की बैठक में कुछ प्रमुख विकास योजनाएं प्रस्तुत की गईं। कई प्रमुख प्रस्तावित परियोजनाओं को स्वीकृति दे दी गई है और आगे के कार्य क्षेत्र को समयबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा।
September 20, 2023

फरीदाबाद में पेय जल आपूर्ति के विस्तार को मंजूरी, 5 नये रैनीवेल लगेंगे

फरीदाबाद में पेय जल आपूर्ति के विस्तार को मंजूरी, 5 नये रैनीवेल लगेंगे
चण्डीगढ़: मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने कहा कि फरीदाबाद विकास योजना-2031 के अनुसार पूरे फरीदाबाद शहर की वर्तमान और संभावित आबादी के लिए थोक पेयजल की आपूर्ति के लिए मास्टर प्लान एफएमडीए द्वारा तैयार किया गया है। वर्तमान में, फरीदाबाद में पानी की उपलब्धता 330 एमएलडी है और एफएमडीए द्वारा 12 नए रैनी वेल्स का निर्माण कार्य चल रहा है जिससे आपूर्ति क्षमता 450 एमएलडी तक पहुंच जाएगी।
बैठक में अतिरिक्त 22 रैनी वेल्स, 70 ट्यूबवेलों और बूस्टिंग स्टेशनों के निर्माण द्वारा वर्ष 2031 के लिए जल आपूर्ति को 450 एमएलडी से बढ़ाकर 700 एमएलडी करने का प्रस्ताव प्राधिकरण की बैठक में प्रस्तुत किया गया। वर्ष 2028-2029 तक परियोजना के पूरा होने के बादए फरीदाबाद में कुल 56 रैनी वेल्स और 220 ट्यूबवेल होंगे, जो 39.55 लाख की अनुमानित आबादी को लगभग 700 एमएलडी की शुद्ध जल आपूर्ति प्रदान करने में मदद करेंगे। 3000 करोड़ रुपये की लागत वाली इन परियोजनाओं को आज हरियाणा के सीएम ने बैठक में मंजूरी दी है।
इसके अतिरिक्त 294.15 करोड़ रुपये की परियोजना लागत से बड़खल और एनआईटी निर्वाचन क्षेत्र में जल आपूर्ति के पूरक के लिए गांव बसंतपुर के राजस्व संपदा में पांच रैनी वेल्स की स्थापना के लिए प्रशासनिक मंजूरी भी हरियाणा के मुख्यमंत्री द्वारा अनुमोदित की गई।

फरीदाबाद में सीवरेज नेटवर्क होगा मजबूत

वर्तमान में, फरीदाबाद में 380 एमएलडी कुल घरेलू अपशिष्ट जल के उपचार के लिए 272.5 एमएलडी क्षमता के सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) उपलब्ध हैं। इसके अलावा, वर्ष 2031 में घरेलू सीवेज उत्पादन 630 एमएलडी और वर्ष 2040 में 672 एमएलडी होगा।
इस अंतर को पूरा करने और एफएमडीए के अविकसित क्षेत्र में सीवरेज प्रणाली में सुधार के लिए वर्ष 2040 के लिए कुल 277 एमएलडी क्षमता के 7 नए एसटीपी, पंपिंग स्टेशनों 287 किमी लंबाई की मुख्य सीवर लाइन का निर्माण के साथए 122 एमएलडी एसटीपी प्रदान करके, 32 इंटरमीडिएट पंपिंग स्टेशनों का नवीनीकरण, 25 किमी नई मुख्य सीवर लाइन, 90 किमी मुख्य सीवर लाइन की डीसिल्टिंग आदि द्वारा फरीदाबाद नगर निगम में सीवरेज प्रणाली के पुनर्वास और उन्नयन का प्रस्ताव आज की बैठक में सीईओ एफएमडीए द्वारा प्रस्तुत किया गया। 1550 करोड़ रुपये की लागत से क्रियान्वित होने वाली इस परियोजना को प्राधिकरण ने मंजूरी दे दी है।
आगरा नहर के साथ 20 किमी लंबी सड़क होगी चार लेन
मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने कहा कि ग्रेटर फरीदाबाद में आगरा नहर के साथ लगी 20 किमी लंबी सड़क पे दो अतिरिक्त लेन के निर्माण और मौजूदा दो-लेन के सुदृढ़ीकरण के प्रस्ताव को मंजूरी दी गयी है। उत्तर प्रदेश सरकार के साथ मिलकर इस मार्ग के माध्यम सेए यात्रियों को दिल्ली, नोएडा और मेरठ, बुलंदशहर या यमुना एक्सप्रेसवे के साथ-साथ फरीदाबाद-जेवर एयरपोर्ट रोड तक पहुंच में सुधार होगा। श्री मनोहर लाल ने रेखांकित किया कि यह परियोजना उच्च सार्वजनिक हित से जुड़ी है और इससे नागरिकों को बहुत लाभ होगा। यूपी-सिंचाई विभाग इस परियोजना को एफएमडीए के जमा कार्य के रूप में कार्यान्वित करेगा। 278 करोड़ की लगात से सेंट्रल वर्ज और साइकिल ट्रैक के साथ पक्की सड़क का निर्माण/चौड़ीकरण किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सेक्टर 77, 78, 83, 84 और 89 के साथ-साथ ग्रेटर फरीदाबाद के गांव खेड़ी कलां, भूपानी और फरीदपुर को जोड़ने वाली खेड़ी कलां बाईपास रोड के 75 मीटर लंबे अधूरे हिस्से के निर्माण का प्रस्ताव भी बैठक में रखा गया इसमें किसानों से जमीन की खरीद के बाद इस परियोजना को आगे बढ़ाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि फरीदाबाद में सड़क नेटवर्क और कनेक्टिविटी में सुधार एफएमडीए के लिए सर्वोच्च प्राथमिकता रही है और हमें कुछ प्रमुख विकास परियोजनाओं पर मंजूरी मिल गई है, जिन्हें प्राथमिकता के आधार पर लिया जाएगा।  
सीसीटीवी निगरानी और नागरिक सुरक्षा बढ़ाना

मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने कहा कि शहर में सीसीटीवी निगरानी के दायरे को मजबूत करनेए सुरक्षा उपायों को बढ़ाने और राष्ट्रीय राजमार्गों, राज्य राजमार्गों, सड़कों और शहरी शहर क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा की इलेक्ट्रॉनिक निगरानी और प्रवर्तन सुनिश्चित करने के लिए प्राधिकरण को फरीदाबाद में विभिन्न महत्वपूर्ण स्थानों पर लगभग 1009 कैमरा उपलब्ध कराने का प्रस्ताव भी प्रस्तुत किया गया जिसे मंजूरी दे दी गयी है। इस परियोजना में लगभग 566 सीसीटीवी कैमरे, 48 स्पीड कैमरे, 100 बॉडी वियरेबल कैमरे, 260 ऑटोमेटिक नंबर-प्लेट रिकॉग्निशन (एएनपीआर) कैमरे और 25 रेड लाइट वॉयलेशन डिटेक्शन (आरएलवीडी) कैमरों की स्थापना शामिल होगी, फरीदाबाद में अपराध और यातायात उल्लंघन के कृत्यों को रोकने के लिए करीब 60 करोड़ रुपये की लागत से क्रियान्वित किया जाएगा। हरियाणा के मुख्यमंत्री द्वारा यह रेखांकित किया गया था कि बड़े पैमाने पर जनता के लाभ के लिए नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और शहर की सड़कों पर बेहतर यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करने के लिए परियोजना में तेजी लाई जानी चाहिए।
अमृत 2 योजना के तहत शहर को मिलेंगे 370 करोड़ रूपये

मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने कहा कि केंद्र सरकार से अमृत 2 योजना के तहत 1494 करोड़ रूपये प्राप्त हुए हैं। इनमें से 370 करोड़ रूपये फरीदाबाद शहर को दिए जाएँगे। वहीं ईडीसी से मिले 560.8 करोड़ रूपये भी शहर के विकास पर खर्च होंगे। उन्होंने कहा कि बड़े विकास कार्य ही सिर्फ एफएमडीए करेगा वहीं छोटे विकास कार्य नगर निगम और दूसरी विकास विभाग करेंगे।
शहर को मिलेंगी 50 नयी सीएनजी बसें, ई-बसों का प्रस्ताव भी भेजा जाएगा

मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने कहा कि सरकार द्वारा एफएमडीए को शहर के सार्वजनिक परिवहन के लिए 50 नयी सीएनजी बसें दी जाएंगी। इसके अलावा 100 नयी ई-बसों का प्रस्ताव भी तैयार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सार्वजानिक परिवहन को मजबूत करने पर हमारा बल है। मीटिंग में पूर्व- पश्चिम शहर को जोड़ने वाले हाई-वे की रूपरेखा पर चर्चा भी की गयी। इस हाई-वे का निर्माण एफएमडीए व पीडब्ल्यूडी मिलकर करेंगे।
इस अवसर पर  फरीदाबाद के विधायक श्री नरेंद्र गुप्ता, बडखल की विधायक श्रीमती सीमा त्रिखा, तिगांव के विधायक श्री राजेश नगर, पृथला के विधायक श्री नयनपाल रावत, अतिरिक्त मुख्य सचिव आनंद मोहन शरण, मंडलायुक्त विकास यादव, पुलिस आयुक्त राकेश आर्य, जिला उपायुक्त विक्रम सिंह, नगर निगम आयुक्त ए. मोना श्रीनिवास, एचएसवीपी की प्रशासक डॉ. गरिमा मित्तल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
September 20, 2023

फतेहाबाद की उप तहसील में रिश्वत लेते पटवारी गिरफ्तार

फतेहाबाद की उप तहसील में रिश्वत लेते पटवारी गिरफ्तार
चंडीगढ़, 20 सितंबर - हरियाणा में भ्रष्टाचार के विरुद्ध चल रहे अभियान के तहत एक विशिष्ठ सूचना पर कार्रवाई करते हुए हरियाणा भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने  फतेहाबाद की उप - तहसील कुलां से एक पटवारी को 15 हज़ार रुपए की रिश्वत मांगने और स्वीकार करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया।
इस बारे में जानकारी साझा करते हुए एसीबी के प्रवक्ता ने बताया कि आरोपी पटवारी धर्मबीर ने प्लॉट की म्युटेशन करवाने के बदले में शिकायतकर्ता से 15 हज़ार रुपये मांगे थे। सूचना प्राप्त होतेे ही एसीबी टीम ने छापेमारी की और आरोपी को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। यह ऑपरेशन स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ करना सुनिश्चित किया गया। आरोपी के खिलाफ हिसार एसीबी पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज करके उसे गिरफ्तार कर लिया गया। मामले की जांच चल रही है। आरोपी के खिलाफ सबूत जुटाए जा रहे हैं।
September 20, 2023

हरियाणा एनसीबी की बड़ी कार्रवाई: दो राज्यों का वांछित तस्कर, महिला सहित ट्रेन से गिरफ्तार

हरियाणा एनसीबी की बड़ी कार्रवाई: दो राज्यों का वांछित तस्कर, महिला सहित ट्रेन से गिरफ्तार
चंडीगढ़, 19 सितंबर- प्रदेश में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (हरियाणा एनसीबी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो राज्यों में वांछित नशा तस्कर को एक महिला सहित गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि एचएसएनसीबी की रोहतक यूनिट को सूचना प्राप्त हुई कि 2 नशा तस्कर, सालासर एक्सप्रेस, जो जोधपुर से चलकर सालासर, रेवाड़ी से होती हुई दिल्ली सराय रोहिल्ला स्टेशन तक जाती है, उस रेलगाड़ी में एसी डिब्बे बी/4 के अन्दर बैठे हुए हैं। सूचना पर कार्रवाई करते हुए रोहतक यूनिट के इंचार्ज निरीक्षक पवन कुमार व एएसआई संदीप कुमार ने शक के आधार पर डिब्बे में बैठे एक आदमी को हिरासत में लिया।
जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि आरोपी एक अन्य नाबालिग लड़की के साथ ट्रेन में काले रंग का पिठ्ठु बैग को अपनी गोद में रखे हुए बैठा दिखाई दिया था। एएसआई संदीप कुमार व टीम ने आरोपी को हिरासत में लेकर शक के आधार पर काले रंग के बैग का निरीक्षण किया तो काफी मात्रा में मादक पदार्थ 4 किलों 400 ग्राम अफीम बरामद करने में सफलता हासिल की। पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना नाम हाप्पुराम पुत्र हमीर राम वासी नाराय़ण कालोनी, जोधपुर राजस्थान बताया। वहीं, आरोपी के साथ हिरासत में ली गई लड़की ने अपना नाम अनीता (काल्पनिक नाम) वासी आबुरोड राजस्थान बताया।राजस्थान और मध्य प्रदेश में भी हैं आरोपी के खिलाफ केस दर्ज, गुरुग्राम में केस दर्ज

पुलिस प्रवक्ता ने विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि एचएनसीबी युनिट रोहतक की एक पुलिस टीम एएसआई संदीप कुमार के नेतृत्व में स्टेशन रेवाड़ी पर मौजूद थे। टीम में में हेड कांस्टेबल विकास, सुखबीर व सिपाही विजय, महिला सिपाही गीता रहे। इस दौरान सालासर एक्सप्रेस में शक के आधार पर दोनों नशा तस्करों से मौके पर राजपत्रित अधिकारी आबकारी व कर अधिकारी नीरज कुमार की मौजूदगी में तलाशी लेने पर 4 किलो 400 ग्राम अफीम बरामद हुआ। दोनों आरोपीयों के संबंध में राजकीय रेलवे पुलिस स्टेशन गुरूग्राम में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज किया गया।
पुलिस प्रवक्ता ने आगे जानकारी देते हुए बताया कि आगामी कार्रवाई की जा रही है और जल्द से जल्द अन्य संलिप्त संबंधित नशा तस्करों को भी काबू किया जाएगा। वहीं पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि आगे तफ्तीश करने पर जानकारी मिली कि हाप्पुराम पुत्र हमीर राम के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत थाना बस्सी, जिला चित्तौरगढ़, राजस्थान व थाना रतनगढ़ जिला नीमच मध्य प्रदेश में विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज है, जिसके बारे में संबंधित थानों को सुचना भेज दी जायेगी।
हरियाणा एनसीबी की यूनिटों का प्रदेश में चला तलाशी अभियान, नशे के खिलाफ धर पकड़ जारी

पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि हरियाणा एनसीबी चीफ ओ पी सिंह, आईपीएस, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक ने बताया कि हरियाणा में नशे का व्यापार किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आमजन से अपील करते हुए बताया कि अगर आपको कहीं पर भी नशा बिकता हुआ दिखाई देता है तो बेफिक्र होकर हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के टोल फ्री नंबर नंबर 90508–91508 पर सूचना दे सकते हैं। सूचना देने वाले का नाम पता पूर्णता गुप्त रखा जाएगा। हम प्रदेश से नशे को खत्म कर देंगे।
जानकारी देते हुए पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए हरियाणा एनसीबी की यूनिट्स ने वाल्मीकि बस्ती, अंबाला शहर व नाईट क्लब मार्केट, सेक्टर 5 की पार्किंग पंचकूला में स्नीफर डॉग के साथ तलाशी अभियान किया गया।
विदित है कि पिछले माह भी हरियाणा एनसीबी ने विशेष अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए कुरुक्षेत्र रेलवे स्टेशन के बाहर गेट से 50 किलो 500 ग्राम डोडा चूरा पोस्त की तस्करी करते हुए तीन आरोपियों को पकड़ने में बड़ी सफलता हासिल की थी। इसके अलावा एक अन्य केस में नया बस स्टैंड, करनाल के पास से से 20 किलो 743 ग्राम चूरा पोस्त के साथ एक आरोपी को पकड़ने में बड़ी सफलता हासिल की थी।
September 20, 2023

चीनी मिल नवम्बर माह से गन्ने की पिराई का कार्य शुरू- बनवारी लाल

चीनी मिल नवम्बर माह से गन्ने की पिराई का कार्य शुरू- बनवारी लाल
चंडीगढ़, 19 सितंबर- हरियाणा के सहकारिता मंत्री डा. बनवारी लाल ने कहा कि राज्य की सभी सहकारी चीनी मिल नवम्बर माह से गन्ने की पिराई का कार्य शुरू कर देंगी। इसके अलावा किसानों को बिक्री के लिए गन्ना लाने में ज्यादा समय तक इंतजार न करना पड़े। इसके लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं।

सहकारिता मंत्री आज यहां राज्य स्तरीय शुगर फेडरेशन सहकारी चीनी मिल के अधिकारियों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री राजपाल सिंह, महानिदेशक श्री संजय जून, प्रंबध निदेशक श्री जे गणेशन सहित सभी चीनी मिलों के प्रंबध निदेशक एवं वरिष्ठ अधिकारी  मौजूद रहे।
सहकारिता मंत्री ने कहा कि किसानों के मोबाईल पर संदेश आएगा तभी वह गन्ना मिल में लेकर आएगें। इसके साथ ही मिलों में किसानों के लिए आवश्यक सुविधाएं मुहैया करवाने की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि किसानों को गन्ने के भुगतान की राशि समय पर मिलें। इसके लिए सरकार ने पुख्ता प्रबंध किए हैं। पिछले सीजन की गन्ने की सभी बकाया राशि का भुगतान कर दिया गया है।
डा. बनवारी लाल ने कहा कि चीनी मिलों की क्षमता और चीनी उत्पादन बढाने के प्रयास किए जा रहे हैं। शाहाबाद की चीनी मिल में 100 करोड़ रुपए की लागत से एथनोल प्लंाट लगाया गया है। पानीपत में भी एथनोल प्लांट लगाने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। इसी माह 24 सितम्बर को इस प्लांट के टैण्डर खुलेंगे। महम व कैथल चीनी मिल में एथनोल प्लांट लगाने की क्षमता 2500 से 3000 टीडीसी करना प्रस्तावित है। उन्होंने कहा कि राज्य की सभी सहकारी चीनी मिलों में कलस्टर बनाकर एथनोल प्लांट लगाए जाएगें ताकि चीनी मिलों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाया जा सके।
सहकारिता मंत्री ने कहा कि कई मिलों में रिफाईंड चीनी, बकेटस, कम्पेक्ट बायोगैस आदि बनाने का कार्य किया जा रहा है। इनसे सुगर मिलों की आय बढेगी। इसके अलावा चीनी मिलों में प्रैस मड व शक्कर बनाने की सम्भावनाएं तालाशी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि फसल विविधकरण की वजह से इस बार गन्ने की बिजाई 197581 एकड़ भूमि पर की गई है जो पिछले साल की तुलना में 17 प्रतिशत कम हुई है। इस वर्ष 424 लाख किव्ंटल गन्ने की पिराई का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
डा. बनवारी लाल ने कहा कि इस वर्ष चीनी की बिक्री करने में पानीपत चीनी मिल प्रथम, रोहतक चीनी मिल दूसरे व करनाल चीनी मिल तीसरे स्थान पर रही है।  उन्होंने कहा कि राज्य स्तर पर चार अधिकारियों की कमेटी गठित की जाएगी जो बगास बिक्री का रेट निर्धारित करेगी। बगास के लिए चीनी मिलें आपसी सहयोग कर बिक्री करने का कार्य सुनिश्चित करेंगी। उन्होंने कहा कि नेफेड की ओर से कैथल में चीनी मिल की भूमि पर सीबीजी प्लांट लगाया जाना प्रस्तावित है।  
सहकारिता मंत्री ने सभी चीनी मिलों की विस्तार से समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चीनी मिलों का रखरखाव करने व पार्टस बदलने के लिए कमेटी बनाई गई है। यह कमेटी जांच कर आवश्यक उपकरण बदलने का कार्य कर रही है ताकि चीनी मिलों पर बेवजह खर्चा न पड़े।
सहकारिता मंत्री ने कहा कि वीटा के उत्पाद घर घर पहंुचाने के लिए वीटा बूथ देने की प्रक्रिया को सरल बनाया गया है। इसके साथ ही अन्य राज्यों में भी वीटा उत्पाद पहंुचाने के लिए डिस्ट्रीब्यूटरशीप बढाई जा रही है। उन्होंने कहा कि राज्य में सभी पैक्स को हार्डवेयर कम्प्यूटराईज करने का कार्य पूरा कर लिया गया है।
September 20, 2023

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कोऑपरेटिव सेक्टर को बढ़ावा देने में निभाई है विशेष भूमिका- हुकम सिंह भाटी

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कोऑपरेटिव सेक्टर को बढ़ावा देने में निभाई है विशेष भूमिका- हुकम सिंह भाटी
चंडीगढ़, 19 सितंबर - हरको बैंक के चेयरमैन श्री हुकम सिंह भाटी ने कहा कि आज के दौर में पैक्स सशक्तिकरण से ही किसान समृद्ध बनेंगे। उन्होंने कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने सहकारिता को बढ़ावा देने में विशेष भूमिका अदा की है और हरियाणा में मल्टीपरपस सहकारी समिति बनाने की मंजूरी देने के साथ साथ फल सब्जी एवं महिला सहकारी समिति को पांच-पांच लाख रुपए कर्ज देकर आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया है।
श्री हुकम सिंह भाटी आज अंबाला में जिला केन्द्रीय सहकारी बैंक अम्बाला के द्वारा आयोजित संगोष्ठी "पैक्स सशक्तिकरण से ही किसान की समृधि" को संबोधित कर रहे थे। इस संगोष्ठी में जिला के सभी पैक्स मेनेजर व सदस्य किसानों ने भाग लिया। संगोष्टी की अध्यक्षता हरको बैंक के चेयरमैन श्री हुकम सिंह भाटी ने की। केन्द्रीय सहकारी बैंक के महाप्रबंधक श्री यशवीर सिंह ने पुष्पगुछ अर्पित कर हरको बैंक के चेयरमैन श्री हुकम सिंह भाटी का स्वागत किया।
श्री हुकम सिंह भाटी ने कहा कि सयुंक्त देयता समूह बनाकर फल सब्जी के किसान अपने काम को और अधिक बढ़ा सकते हैं। हरियाणा सरकार ने सहकारी बैंको से मिलने वाले कर्ज पर ब्याज पर माफ़ी देकर किसानो को समृद्ध किया है। पैक्स सशक्तिकरण से किसान की समृधि मांग को लेकर सरकार ने किसान हित मे अनेकों योजना जैसे दूध डेयरी, स्वयं सहायता समूह व सयुंक्त देयता समूह बनाकर महिलाओं को कर्ज देकर सशक्त करने का काम किया है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में पैक्स के सदस्य किसानों को लेकर जल्द ही एक बड़ा कार्यक्रम किया जाएगा।

श्री यशवीर सिंह ने सभी पैक्स प्रबंधको व सदस्य किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि केन्द्रीय सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने आह्वान किया है कि पैक्सो को और अधिक काम देकर सशक्त किया जायेगा, जिसमें सी.एस.सी. सेंटर, जन-औषधि केंद्र, पेट्रोल पंप सहित 176 तरह की सेवाए दी जाएँगी। उन्होंने केन्द्रीय सहकारी बैंक द्वारा चलाई जा रही स्कीमों के बारे में विस्तारपूर्वक बताया और कहा कि 191 सयुंक्त देयता समूहों को 3 करोड़ 82 लाख रुपए के ऋण बैंक द्वारा उपलब्ध कराए गए हैं।

संगोष्टी में श्री सुरेश चौधरी, प्रदेश सहसयोजक सहकारिता प्रकोष्ट हरियाणा, श्री विकास बिश्नोई, प्रदेश प्रभारी, शुगर फेड, हरियाणा, श्री शेर सिंह, वाईस चेयरमैन सहकारी बैंक करनाल, अम्बाला केन्द्रीय सहकारी बैंक के निदेशकगण श्री साहिब सिंह, श्री कर्म सिंह, श्री राजिंदर सिंह, श्री जगविंदर सिंह, श्री राजीव कुमार, श्री दविंदर सिंह, श्री नीलम कुमार भी उपस्थित रहे।
September 20, 2023

जींद में अतिरिक्त उपायुक्त डॉ. हरीश वशिष्ठ ने साइक्लोथॉन रैली को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

जींद में अतिरिक्त उपायुक्त डॉ. हरीश वशिष्ठ ने साइक्लोथॉन रैली को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
चंडीगढ़, 19 सितंबर- जींद के अतिरिक्त उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने मंगलवार को नरवाना के एस.डी. पब्लिक स्कूल से साइक्लोथॉन रैली को हरी झंडी दिखाकर उचाना उपमंडल के लिए रवाना किया। इस अवसर पर नरवाना के एसडीएम अनिल कुमार दून, डीएसपी अमित भाटिया, नायब तहसीलदार सुरेंद्र भारद्वाज, बीडीपीओ हनीश कुमार, एसएमओ डॉ. देवेन्द्र बिंदलिश, बीईओ डॉ. ज्योति श्योकन्द सहित उपमंडल सभी अधिकारी मौजूद रहे। इस अवसर पर डॉ. वशिष्ठ ने कहा कि रैली प्रवेश के लिए गांवों से लोगों का हुजूम स्वागत के लिए उमड़ रहा है। यह साफ संकेत है कि नशामुक्त समाज का संदेश घर- घर पहुंच रहा है। उन्होंने रैली में शामिल युवाओं सहित स्कूल व कॉलेज के विद्यार्थियों का आह्वान किया कि वे अपने जीवन में नशा न करने और स्वस्थ जीवन शैली जीने का संकल्प लें।

अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का निवास होता है। एक स्वस्थ व्यक्ति ही समाज व राष्ट्र के निर्माण में अपनी सकारात्मक भूमिका निभाने के साथ सुखी एवं सम्पन्न पारिवारिक जीवन जी सकता है। उन्होंने कहा कि नशेड़ी व्यक्ति अपने शरीर, धन व व्यक्तिगत सामाजिक प्रतिष्ठा को ही नहीं गवाता बल्कि अपने आगामी पीढ़ियों के लिए भी नरक के द्वार खोल देता है। डॉ. वशिष्ठ ने कहा कि यह रैली नशामुक्त समाज एवं सम्पन्न जीवन की शैली को अपनाने का सार्थक संदेश दे रही है। आज नशा एक ऐसी बीमारी है जो युवा पीढ़ी को लगातार अपनी चपेट में ले रहा है।

उन्होंने कहा कि युवाओं को खेल गतिविधियां साइकिलिंग और जिम जैसी गतिविधियों पर ध्यान केंद्रित करें ऐसा करने से हमारा तन और मन स्वस्थ रहेंगे। राज्य सरकार द्वारा नशे के खिलाफ अलख जगाने के लिए ऐसी गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। अतिरिक्त उपायुक्त ने लोगों विशेषकर युवाओं से न केवल नशीली दवाओं से दूर रहने का आग्रह किया बल्कि नशीली दवाओं की लत और मादक द्रव्यों के सेवन से भी लड़ने का आग्रह किया। रैली में हजारों स्कूल व कॉलेज के विद्यार्थियों ने भी जोश के साथ बढ़ - चढ़कर हिस्सा लिया। रैली के स्वागत में प्रत्येक गांवों ग्राम पंचायतों द्वारा स्वागत द्वार लगाए हुए थे, इसके अलावा प्रत्येक गांवों में महिलाओं, पुरुषों, स्कूली बच्चों ने पुष्प वर्षा तथा हाथों में तिरंगा लहराते हुए गर्मजोशी से अभिवादन किया।

सोमवार सायं एस.डी. पब्लिक स्कूल के ऑडिटोरियम में सांस्कृतिक संध्या का आयोजन भी हुआ। सांस्कृतिक कार्यक्रम में रैली के साथ आई सांस्कृतिक टीम द्वारा नशा मुक्ति थीम पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए और स्थानीय कॉलेज के छात्र एवं छात्राओं ने भी अपने अभिनय के माध्यम से दर्शकों को नशे की बुराई से दूर रहने का संदेश दिया।
September 20, 2023

सभी नागरिकों को ट्रैफिक नियमों का पालन अवश्य करना चाहिए - विज

सभी नागरिकों को ट्रैफिक नियमों का पालन अवश्य करना चाहिए - विज
चण्डीगढ़, 19 सितंबर - हरियाणा के गृह मंत्री श्री अनिल विज ने कहा कि राज्य में सुचारू यातायात सुनिश्चित करने के लिए ट्रैफिक पुलिस द्वारा समय-समय पर विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं ताकि यातायात नियमों की उलंघना को रोका जा सके और यातायात नियमों की पालना करवाई जा सके। इसी कड़ी में प्रदेश में 7 सितंबर से 14 सितंबर, 2023 तक विशेष अभियान चलाकर यातायात नियमों की उल्लंघना करने पर कुल 5025 चालान किए गए है, जिसमें लेन ड्राइविंग के 2757, रांग साइड ड्राइविंग के 2201 और अंडर ऐज ड्राइविंग के 67 चालान शामिल है।श्री विज ने बताया कि फरीदाबाद में सबसे ज्यादा 1119 चालान किए गए जिसमें लेन ड्राइविंग के 440, रॉन्ग साइड ड्राइविंग के 673 और अंडर ऐज ड्राइविंग के 6 चालान किए गए। इसी कड़ी में पानीपत में कुल 673 चालान किए गए जिसमें लेन ड्राइविंग के 484, रॉन्ग साइड ड्राइविंग के 162 और अंडर ऐज ड्राइविंग के 27 चालान किए गए। इसके अलावा, अंबाला में कुल 457 चालान किए गए जिसमें लेन ड्राइविंग के 356, रॉन्ग साइड ड्राइविंग के 101 चालान किए गए।
उन्होंने बताया कि कैथल में कुल 121 चालान किए गए जिसमें लेन ड्राइविंग के 48, रॉन्ग साइड ड्राइविंग के 72 और अंडर ऐज ड्राइविंग का एक चालान किया गया। सिरसा में कुल 105 चालान किए गए जिसमें लेन ड्राइविंग के 60, रॉन्ग साइड ड्राइविंग के 44 और अंडर ऐज ड्राइविंग एक चालान किया गया। कुरूक्षेत्र में कुल 110 चालान किए गए जिसमें लेन ड्राइविंग के 93, रॉन्ग साइड ड्राइविंग के 14 और अंडर ऐज ड्राइविंग के 3 चालान किए गए। मेवात में कुल 171 चालान किए गए जिसमें लेन ड्राइविंग के 166, रांग साइड ड्राइविंग के 4 और अंडर ऐज ड्राइविंग का एक चालान किया गया।
इसी प्रकार, उन्होंने बताया कि रोहतक में कुल 69 चालान किए गए जिसमें लेन ड्राइविंग के 9, रॉन्ग साइड ड्राइविंग के 59 और अंडर ऐज ड्राइविंग का एक चालान किया गया।  करनाल में कुल 205 चालान किए गए जिसमें लेन ड्राइविंग के 102, रॉन्ग साइड ड्राइविंग के 102 और अंडर ऐज ड्राइविंग का एक चालान किया गया। हिसार में कुल 133 चालान किए गए जिसमें लेन ड्राइविंग के 68, रॉन्ग साइड ड्राइविंग के 65 चालान किए गए। यमुनानगर में कुल 152 चालान किए गए जिसमें लेन ड्राइविंग के 86, रॉन्ग साइड ड्राइविंग के 64 और अंडर ऐज ड्राइविंग के 2 चालान किए गए।
श्री विज ने बताया कि झज्जर में कुल 191 चालान किए गए जिसमें लेन ड्राइविंग के 125, रॉन्ग साइड ड्राइविंग के 66 चालान किए गए। गुरुग्राम में कुल 86 चालान किए गए जिसमें लेन ड्राइविंग के 17, रॉन्ग साइड ड्राइविंग के 66 और अंडर ऐज ड्राइविंग के 3 चालान किए गए। सोनीपत मेें कुल 69 चालान किए गए जिसमें लेन ड्राइविंग के 46, रॉन्ग साइड ड्राइविंग के 22 और अंडर ऐज ड्राइविंग का एक चालान किया गया। भिवानी में कुल 246 चालान किए गए जिसमें लेन ड्राइविंग के 112, रॉन्ग साइड ड्राइविंग के 133 और अंडर ऐज ड्राइविंग का एक चालान किया गया। पंचकूला में कुल 159 चालान किए गए जिसमें लेन ड्राइविंग के 60, रांग साइड ड्राइविंग के 98 और अंडर ऐज ड्राइविंग का एक चालान किया गया।  
उन्होंने बताया कि चरखी-दादरी में कुल 157 चालान किए गए जिसमें लेन ड्राइविंग के 99, रॉन्ग साइड ड्राइविंग के 58 के चालान किए गए। नारनौल में कुल 349 चालान किए गए जिसमें लेन ड्राइविंग के 189, रॉन्ग साइड ड्राइविंग के 160 चालान किए गए। रेवाड़ी में कुल 66 चालान किए गए जिसमें लेन ड्राइविंग के 27, रॉन्ग साइड ड्राइविंग के 39 के चालान किए गए। जींद में कुल 125 चालान किए गए जिसमें लेन ड्राइविंग के 53, रॉन्ग साइड ड्राइविंग के 67 और अंडर ऐज ड्राइविंग के 5 चालान किए गए। हांसी में कुल 80 चालान किए गए जिसमें लेन ड्राइविंग के 38, रांग साइड ड्राइविंग के 40 और अंडर ऐज ड्राइविंग के 2 चालान किए गए। फतेहाबाद में कुल 111 चालान किए गए जिसमें लेन ड्राइविंग के 44, रॉन्ग साइड ड्राइविंग के 60 और अंडर ऐज ड्राइविंग के 7 चालान किए गए। पलवल में कुल 71 चालान किए गए जिसमें लेन ड्राइविंग के 35, रॉन्ग साइड ड्राइविंग के 32 और अंडर ऐज ड्राइविंग के 4 चालान किए गए।
श्री विज ने प्रदेशवासियों से अपील करते हुए कहा कि ट्रैफिक नियमो के उल्लंघन से न सिर्फ व्यक्ति अपने जीवन को खतरे में डालते है अपितु दूसरे नागरिको की जान को भी खतरा रहता है और इससे दूसरे लोगो के लिए भी मुश्किलें उत्पन्न होती है। उन्होंने कहा कि यातायात नियमो के उलंघन से सड़क दुर्घटना होने की संभावनाएं बढ़ जाती है और ट्रैफिक जाम होने से अन्य दिक्कतें पैदा होती है। इसलिए सभी नागरिकों को ट्रैफिक नियमो का पालन अवश्य करना चाहिए ताकि हम एक सभ्य समाज की स्थापना में अपना योगदान यातायात नियमों का पालन करके दे सकें।
September 20, 2023

नई संसद भवन के प्रवेश पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने दी बधाई

नई संसद भवन के प्रवेश पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने दी बधाई
चंडीगढ़, 19 सितंबर- मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने समस्त देशवासियों को नई संसद भवन में आधिकारिक रूप से कार्य संचालन की बधाई देते हुए कहा है कि आजादी के अमृत काल में नया संसद भवन सभी देशवासियों की उम्मीद और आकांक्षाओं की पूर्ति करने में एक महत्वपूर्ण केंद्र बिंदु साबित होगा।

मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश लगातार नित नई ऊंचाइयों को छू रहा है। आजादी के अमृत काल में हम गुलामी की जंजीरों को पीछे छोड़ते हुए स्वाधीनता और भारत के गौरव को लगातार बढ़ने के लिए कार्य कर रहे हैं। ऐसे में नई संसद भी सभी भारतीयों के लिए एक गर्व का विषय है । इसके साथ ही संसद भवन देश के भविष्य की लोकतांत्रिक व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए बनाया गया है, जिससे यह उम्मीद की जा सकती है कि आने वाले वक्त में देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था और भी मजबूत होगी।

मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने कहा कि जिस तरह से पुराने संसद भवन में देश के संविधान निर्माण से लेकर और धारा 370 जैसे अभूतपूर्व फैसले हुए, वैसे ही हर भारतवासी को यह उम्मीद है कि नया संसद भवन उनकी उम्मीद आकांक्षाओं को पूरा करेगा।इसके साथ ही उन्होंने उम्मीद जताई कि देश की यह संसद भारत के स्वर्णिम इतिहास का एक मील का पत्थर साबित होगी।
September 20, 2023

राजकीय महाविद्यालय सफीदों व पायनियर सीनियर सेकेंडरी स्कूल सफीदों मे होगा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

राजकीय महाविद्यालय सफीदों व पायनियर सीनियर सेकेंडरी स्कूल सफीदों मे होगा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन
जींद : 20 सितम्बर बुधवार को सुबह 10 बजे ट्राई की उपभोक्ता वकालत समूह हरियाणा टेक्निकल एसोसिएशन (एचटीए) द्वारा सफीदों के राजकीय महाविद्यालय व दोपहर 12 बजे पायनियर सीनियर सेकेंडरी स्कूल सफीदों मे जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर संस्था के सचिव विनय ने बताया कि कार्यक्रम मुख्य उद्देश्य मोबाइल ग्राहकों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना है, जिनमे विभिन्न मोबाइल सेवा प्रदाताओ से जुड़ी समस्याओं का समाधान भी किया जाता है। इस कार्यक्रम मे प्रदेश के सभी दूरसंचार कंपनियों के प्रतिनिधि /अधिकारी भाग लेगे व छात्र/ छात्राओ से भी रूबरू होगे। आज के आधुनिक युग मे मोबाइल, इंटरनेट और टेलीविजन हर व्यक्ति की जीवन रेखा बन गए हैं, लेकिन जागरूकता नही होने के कारण छोटी-छोटी समस्याए भी बड़ी लगती है ओर आम जनमानस समस्याओ मे उलझे रहते हैं, जबकि जागरूकता से बड़ी से बड़ी समस्या को भी आसानी से हल किया जा सकता है। ज्ञात है कि गत कोरोना के दौरान हरियाणा तकनिकी संघ से पानीपत, जींद व गुडगाँव मे फ्री प्राणवायु वितरित की व कोरोना नियमानुसार इस वर्ष आजादी के अमृत महोत्सव व ट्राई की 25 वी वर्षगांठ के उपलक्ष्य मे हरियाणा टेक्निकल एसोसिएशन ने प्रदेशभर मे 25 सप्ताहिक ऑनलाइन उपभोगता जागरूकता कार्यक्रमों के आयोजन से हजारो मोबाइल ग्राहकों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया व सैकड़ो उपभोगताओ की विभिन्न मोबाइल सेवा प्रदाताओ से जुड़ी समस्याओं का समाधान भी किया गया था। कार्यक्रम के लिए सफीदों की समाजिक संथाओ को भी निमन्त्रण दिया गया है।