Breaking

Thursday, September 11, 2025

September 11, 2025

जींद से चंडीगढ़ जाने वाली एसी बस के समय में हुआ बदलाव

जींद से चंडीगढ़ जाने वाली एसी बस के समय में हुआ बदलाव
सुबह नौ बजकर 20 मिनट पर चलने वाली बस को दस बजकर 50 मिनट पर चलाया 
152डी के रास्ते चंडीगढ़ जाती है बस
जींद : जींद से चंडीगढ़ जाने वाली एक एसी बस के समय में बदलाव हुआ है। यात्रियों की मांग पर सुबह नौ बजकर 20 मिनट पर चलने वाली बस को दस बजकर 50 मिनट पर चलाया गया है। जींद से चंडीगढ़ के लिए चार एसी बस चलती हैं। इसमें एक बस सुबह  छह बजकर 40 मिनट पर जींद बस स्टैंड से चलती है जो वाया 152डी के रास्ते चंडीगढ़ जाती है। इसके बाद दूसरी बस सुबह 10 बजकर 50 मिनट परए तीसरी बस दोपहर 12 बजे व चौथी बस दोपहर दो बजकर 20 मिनट पर जींद से चंडीगढ़ के लिए जाती है। वहीं जींद से गुरुग्राम रूट पर तीन एसी बस चलती है। जिसमें से एक बस सुबह सात बजकर 50 मिनट पर, दूसरी बस सुबह 11 बजकर 20 व तीसरी बस दोपहर 12 बजकर 40 मिनट पर चलती है। वहीं एक एसी बस जींद बस स्टैंड से जयपुर रूट पर चलाई जा रही है,जो सुबह पांच बजकर 20 मिनट पर जींद बस स्टैंड से चलती है। इसके अलावा नरवाना से वाया हिसार-चंडीगढ़ रूट पर एक एसी बस को चलाया जा रहा है। वहीं सफीदों उपकेंद्र वाली एसी बस दिल्ली रूट पर चल रही है। 
गौरतलब है कि लगभग एक महीना के अंतराल में जींद में दस एसी बस आ चुकी हैं। इसमें से चार आठ बस जींद उपकेंद्र व एक.एक बस नरवाना व सफीदों उपकेंद्र में है। एसी बस में जींद से चंडीगढ़ का किराया 340 रुपये, जींद से गुरुग्राम का किराया 251 रुपये व जींद से जयपुर के लिए 649 रुपये लगते हैं। जबकि जींद से गुरुग्राम के लिए साधारण रोडवेज बस में किराया 160 रुपये और जींद से चंडीगढ़ का साधारण बस का किराया 245 रुपये है। जींद डिपो में लगभग 170 साधारण बसें हैं। पहले डिपो में एसी बस नहीं थी। यात्रियों द्वारा लंबे रूटों पर एसी बसों की डिमांड की जा रही थी। जींद से चंडीगढ़, दिल्ली, गुरुग्राम के अलावा हरिद्वार, रिषिकेश,  देहरादून, पांवटा साहिब, सालासर, बालाजी, अमृतसर और लुधियाना जैसे लंबे रूटों पर भी साधारण बसें ही जा रही हैं। इन रूटों पर यात्रियों के लिए गर्मी के मौसम में एसी बस की जरूरत महसूस की जा रही थी। जींद डिपो प्रबंधन ने भी एसी बसों की डिमांड मुख्यालय भेजी हुई थी। यात्रियों की मांग पर डिपो में 10 एसी बस आ चुकी हैं, जिसका यात्रियों को लाभ मिल रहा है।
चंडीगढ़ जाने वाली एक एसी बस के समय में किया बदलाव

जींद डिपो के डीआई जसमेर ने बताया कि यात्रियों की मांग पर जींद से चंडीगढ़ जाने वाली एक एसी बस के समय में बदलाव किया गया है। सुबह नौ बजकर 20 मिनट पर चंडीगढ़ जाने वाली बस को अब सुबह 10 बजकर 50 मिनट पर चलाया जा रहा है। इससे यात्रियों को लाभ होगा।
September 11, 2025

बांगर से सद्भाव यात्रा की शुरूआत करेंगे बृजेंद्र सिंह

बांगर से सद्भाव यात्रा की शुरूआत करेंगे बृजेंद्र सिंह
अब दो की बजाए पांच अक्टूबर से शुरू होगी सद्भाव यात्रा
जींद : प्रदेश भर में सद्भाव का संदेश देने के लिए बांगर के दनौदा गांव से कांग्रेस राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह सद्भाव यात्रा का शुरूआत करेंगे। पहले यह यात्रा दो अक्टूबर को महात्मा गांधी की जयंती से शुरू होनी थी। इस दिन दशहरा होने के चलते यह यात्रा अब पांच अक्टूबर को शुरू होगी। यात्रा पहले चरण में 17 अक्टूबर तक छह हलकों में पहुंचेगी। यात्रा की रूपरेखा को लेकर बुधवार को राजीव गांधी महाविद्यालय के सभागार में मीटिंग आयोजित हुई। मीटिंग में पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंहए पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह के साथ-साथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष रिषि हैबतपुर भी पहुंचे। कांग्रेस कई सालों के बाद एकजुट नजर आई क्योंकि अब से पहले जो भी जिलाध्यक्ष बनते थे उसे किसी न किसी गुट में गिना जाता था। जो यात्रा बृजेंद्र सिंह निकाल रहे है उसको लेकर कांग्रेस शीर्ष नेतृत्व द्वारा भी हरी झंडी दे दी गई है। यात्रा को लेकर दो अलग-अलग मीटिंग आयोजित हुई। पहली मीटिंग में कलायत, नारनौंद, जींद, जुलाना, सफीदों, नरवाना के कार्यकर्ता पहुंचे तो दूसरी मीटिंग उचाना हलके के कार्यकर्ताओं के साथ की गई। जींद में पूर्व पीएम राजीव गांधी की जयंती पर मनाए जाने वाले सद्भावना दिवस के दिन सांसद बृजेंद्र सिंह द्वारा प्रदेश में जो भाईचारा खराब हो रहा है वो आपस में बना रहे इसको लेकर सद्भाव यात्रा निकालने की घोषणा की थी।
 
*पूरे हरियाणा को पैदल नापेंगे* : बृजेंद्र सिंह

 बृजेंद्र सिंह निरंतर इस यात्रा को लेकर अलग-अलग जिलों में कार्यकर्ताओं के साथ मीटिंग कर चुके है। पूरे हरियाणा को वो करीब छह महीने तक पैदल नापेंगे। अलग.अलग चरणों में यात्रा होगी। यात्रा से पहले 14 सितंबर को आदमपुर में नलवाए फतेहबाद एवं आदमपुर के कार्यकर्ताओं की मीटिंग होगी। 21 सितंबर को बरवाला में बरवालाए उकलाना हलके की मीटिंग होगी। बीरेंद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस एकजुट होकर लोगों के हितों की लड़ाई लड़ेगी। भाजपा ने हमेशा जात-पात की राजनीति की है। प्रदेश को जात.पात में बांट कर भाईचारा को खराब करने की कोशिश भाजपा कर रही है। हरियाणा का भाईचारा सबसे बड़ी मिशाल रहा है। बृजेंद्र सिंह की अगुवाई में सदभाव यात्रा निकालने का सबसे बड़ा उद्देश्य भाईचारा को आपस में बनाए रखना है। जो आज बाढ़ ग्रस्त गांव है वहां पर ग्रामीणों की मदद करने के साथ-साथ जो नुकसान फसल का हुआ है उसका उचित मुआवजा किसानों को जल्द से जल्द देना चाहिए। बृजेंद्र सिंह ने कहा कि यात्रा के माध्यम से युवाओं को जागरूक करेंगे। यात्रा में जो मुख्य मुद्दे होंगे उनमें बेरोजगारीए अग्निवीरए वोट चोरी समेत अन्य मुद्दे होंगे। यात्रा में हर वर्ग के लोग हिस्सा लेंगे। यात्रा को लेकर कार्यकर्ताओं में भी उत्साह नजर आ रहा है। इस मौके पर उदयवीर पूनिया, सज्जन सिंह, राजबीर संधू, दिलबाग ढांडा सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
September 11, 2025

ऑनलाइन टे्रडिंग में मुनाफे का झांसा देकर हड़पे 4.63 लाख

ऑनलाइन टे्रडिंग में मुनाफे का झांसा देकर हड़पे 4.63 लाख
साइबर थाना पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ दर्ज किया धोखाधड़ी का मामला
जींद : साइबर ठगों ने ऑनलाइन ट्रेडिंग में निवेश करने पर मुनाफे का झांसा देकर एक व्यक्ति को  चार लाख 63 हजार 100 रुपये का चूना लगा दिया। साइबर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 
रामबीर कालोनी निवासी मोहित ने पुलिस को दी शिकायत मे बताया 12 अगस्त को उसके व्हाट्सअप से मैसज आया हुआ था। जिसमें ऑनलाइन टे्रडिंग में अच्छा मुनाफा दिखाया गया। गु्रप को ज्वायन के करने के बाद उसकी आईडी बना दी गई। जिसमें उसने राशि को निवेश करना शुरू कर दिया। वायलेट मे निवेश राशि पर मुनाफा भी दिखाया जाता रहा। एक सप्ताह में उसने चार लाख 63 हजार 100 रुपये का निवेश किया। जब उसने राशि निकालने की कोशिश की तो उसकी राशि नही निकली। उल्टे और ज्यादा राशि डालने का दबाव बनाया जाने लगा। जिस उसे ठगी का अहसास हुआ। साइबर थाना पुलिस ने मोहित की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
September 11, 2025

छात्रा सुमति ने जेआरएफ किया क्वालीफाई

छात्रा सुमति ने जेआरएफ  किया क्वालीफाई
जींद : चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय (सीआरएसयू) के जूलॉजी विभाग की एमएससी (मास्टर ऑफ  साइंस) की छात्रा सुमति जो वर्तमान में एमएससी के तीसरे सेमेस्टर में पढ़ाई कर रही हैं ने अपनी कड़ी मेहनत और समर्पण से एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने यूजीसी सीएसआईआर नेट 2025 की परीक्षा में जेआरएफ  (जूनियर रिसर्च फेलोशिप) क्वालीफाई किया है और पहले प्रयास में ही एआईआर (ऑल इंडिया रैंक 41) प्राप्त की है। सीआरएसयू के कुलगुरु प्रो. रामपाल सैनी, चेयरपर्सन प्रो. आनंद कुमार, विभाग प्रभारी डा. सुनील रोहिल्ला, डा. संजय श्योराण और समस्त स्टाफ ने सुमति को हार्दिक बधाई दी। इस मौके पर प्रोफेसर रामपाल सैनी ने कहा कि यह सफलता विश्वविद्यालय के जूलॉजी विभाग के समर्पित स्टाफ की मेहनत का परिणाम है,  जो इस क्षेत्र में छात्रों को सफलता की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। प्रो. रामपाल सैनी ने यह भी बताया कि एमएससी जूलॉजी का कोर्स केवल दो साल पहले विश्वविद्यालय में शुरू हुआ था। उस समय इसे एक चुनौती के रूप में देखा जा रहा था लेकिन आज सुमति की सफलता ने इसे साबित कर दिया है कि सीआरएसयू में एक सौहार्दपूर्ण और प्रेरणादायक माहौल है, जहां छात्र अपनी मेहनत और लगन से प्रगति कर रहे हैं और विश्वविद्यालय का नाम रोशन कर रहे हैं। जहां कई पुराने विश्वविद्यालयों में यह कोर्स संघर्ष कर रहा है, वहीं सीआरएसयू में यह विभाग लगातार विकास की ओर बढ़ रहा है। सुमति की उपलब्धि इस बात का सशक्त प्रमाण है कि यहां के छात्र न केवल अपनी पढ़ाई में उत्कृष्टता प्राप्त कर रहे हैं बल्कि वे देशभर में उच्चतम रैंक प्राप्त करने में भी सक्षम हैं। इस उपलब्धि से न केवल सुमति को बल्कि विश्वविद्यालय के समस्त छात्रों को भी प्रेरणा मिलती है कि अगर समर्पण और सही मार्गदर्शन होए तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं है।

Wednesday, September 10, 2025

September 10, 2025

भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण ने रेवाड़ी शहर में नेटवर्क गुणवत्ता का आकलन किया

भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण ने रेवाड़ी शहर में नेटवर्क गुणवत्ता का आकलन कियारेवाड़ी, 10 सितम्बर : भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण (भादूविप्रा) ने रेवाड़ी शहर (हरियाणा) के लिए जुलाई–अगस्त 2025 के दौरान आयोजित स्वतंत्र ड्राइव टेस्ट (आईडीटी) के निष्कर्ष आम जनता की जानकारी के लिए जारी किए हैं। इस ड्राइव टेस्ट का उद्देश्य दूरसंचार सेवा प्रदाताओं (टीएसपी) द्वारा प्रदान की जाने वाली मोबाइल नेटवर्क सेवाओं (वॉयस और डेटा दोनों) की वास्तविक गुणवत्ता का आकलन और सत्यापन करना है।

आईडीटी के दौरान भादूविप्रा ने कॉल सेटअप सक्सेस रेट, डेटा डाउनलोड और अपलोड स्पीड, स्पीच क्वालिटी जैसे प्रमुख प्रदर्शन संकेतकों (केपीआई) पर डेटा कैप्चर किया, जिसे उपभोक्ताओं के लिए प्रकाशित किया गया है। यह प्रक्रिया सेवा प्रदाताओं को अपनी सेवाओं में सुधार हेतु प्रेरित करती है।

भादूविप्रा ने अपनी नियुक्त एजेंसी के माध्यम से 31 जुलाई से 2 अगस्त 2025 तक रेवाड़ी शहर में 250.7 किलोमीटर के सिटी ड्राइव, 8 हॉटस्पॉट स्थानों और 1.1 किलोमीटर के वॉक टेस्ट का आयोजन किया। यह परीक्षण भादूविप्रा के क्षेत्रीय कार्यालय जयपुर की देखरेख में हुआ।

मुख्य निष्कर्ष

(i) वॉयस सर्विसेज

क्रम सं.प्रदर्शन संकेतक (ऑटो मोड: 5G/4G/3G/2G)माप प्रकारएयरटेलबीएसएनएलआरजेआईएलवीआईएल
1कॉल सेटअप सक्सेस रेट (CSSR)%99.5192.00100.0099.01
2कॉल सेटअप टाइम एवरेज (CST)सेकंड1.252.450.752.31
3ड्रॉप कॉल रेट (DCR)%2.703.320.490.00
4कॉल साइलेंस रेट (म्यूट कॉल)%3.471.570.772.25
5मीन ओपिनियन स्कोर (MOS)1–53.902.843.814.40

(ii) डेटा सर्विसेज

क्रम सं.प्रदर्शन संकेतक (ऑटो मोड: 5G/4G/3G/2G)माप प्रकारएयरटेलबीएसएनएलआरजेआईएलवीआईएल
1एवरेज डाउनलोड थ्रूपुटMbits/s103.064.66172.5827.41
2एवरेज अपलोड थ्रूपुटMbits/s19.164.0914.2011.16
3लेटेंसी (50वां पर्सेंटाइल)ms25.6527.6828.4532.20

ड्राइव टेस्ट के दौरान रेवाड़ी शहर के साथ-साथ लाखनौर, गोकलघर, सहारनवास, कनमाजारा, बावल, उत्तम नगर, भरावास, शाबाजपुर, जलालपुर, जलियावास, बनीपुर और हरचंदपुर जैसे क्षेत्रों को भी शामिल किया गया।

ये परीक्षण विभिन्न वातावरणों—शहरी इलाकों, हॉटस्पॉट, सार्वजनिक परिवहन और प्रमुख हब में—किए गए, ताकि उपभोक्ताओं को वास्तविक परिस्थितियों में नेटवर्क गुणवत्ता का सटीक आकलन मिल सके। परीक्षण के लिए 2G, 3G, 4G और 5G नेटवर्क पर सभी प्रमुख सेवा प्रदाताओं के सिम कार्ड के साथ उन्नत मोबाइल उपकरण और सॉफ्टवेयर का उपयोग किया गया।

हरियाणा टेक्निकल एसोसिएशन (HTA Haryana), जो उपभोक्ता अधिकार और तकनीकी मामलों पर काम करने वाली एक सक्रिय संस्था है, ने इस ड्राइव टेस्ट रिपोर्ट का स्वागत किया है।

हरियाणा टेक्निकल एसोसिएशन हरियाणा के अध्यक्ष हितेश हिंदुस्तानी ने कहा कि “रेवाड़ी में भादूविप्रा की यह रिपोर्ट उपभोक्ताओं को पारदर्शिता के साथ नेटवर्क गुणवत्ता समझने में मदद करेगी। रिपोर्ट से साफ है कि कुछ कंपनियों ने डाटा स्पीड और कॉल क्वालिटी में अच्छा प्रदर्शन किया है, जबकि कुछ को अब भी नेटवर्क सुधारने की आवश्यकता है। उपभोक्ताओं को अब तथ्य आधारित जानकारी मिल रही है, जिससे वे अपने लिए बेहतर सेवा प्रदाता चुन सकते हैं।”

एसोसिएशन ने दूरसंचार सेवा प्रदाताओं से अपील की है कि वे ग्रामीण और उपनगरीय क्षेत्रों में भी नेटवर्क विस्तार और सुधार को प्राथमिकता दें, ताकि शहर और गाँव के बीच डिजिटल अंतराल को कम किया जा सके।


रिपोर्ट की उपलब्धता

विस्तृत रिपोर्ट भादूविप्रा की वेबसाइट www.trai.gov.in पर उपलब्ध है। अधिक जानकारी के लिए adv.jaipur@trai.gov.in पर ईमेल किया जा सकता है।


September 10, 2025

जींद में बीआईएस की बड़ी कार्रवाई, नकली हॉलमार्क वाले 276 ग्राम सोने के आभूषण जब्त, अन्ना टीम जींद हितेश हिंदुस्तानी ने कहा – “यह उपभोक्ताओं की जीत है”

जींद में बीआईएस की बड़ी कार्रवाई
नकली हॉलमार्क वाले 276 ग्राम सोने के आभूषण जब्त, अन्ना टीम जींद ने कहा – “यह उपभोक्ताओं की जीत है”
जींद : हरियाणा के जींद जिले में आज बुधवार को भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य बाजार स्थित पहलवान ज्वेलर्स और पाल ज्वेलर्स पर छापेमारी की। इस दौरान अधिकारियों ने एचयूआईडी (Hallmark Unique Identification Number) रहित नकली हॉलमार्क लगे आभूषण बरामद किए, जिन्हें उपभोक्ताओं को असली के नाम पर बेचा जा रहा था।
कार्रवाई का ब्यौरा

बीआईएस अधिकारियों ने बताया कि पहलवान ज्वेलर्स से 150 ग्राम सोना और पाल ज्वेलर्स से 126 ग्राम सोना जब्त किया गया। कुल मिलाकर 276 ग्राम नकली हॉलमार्क वाले स्वर्ण आभूषण जब्ती में लिए गए।
छापेमारी की अगुवाई पहलवान ज्वेलर्स पर उप निदेशक अनंत कुमार और उप निदेशक पक्की बालु ने की, जबकि पाल ज्वेलर्स पर निदेशक नविता यादव और उप निदेशक सौरभ चन्द्र ने कार्रवाई की।
*अपराध और सजा का प्रावधान*

हरियाणा शाखा कार्यालय के निदेशक एवं प्रमुख रमेश के. ने बताया कि यह मामला भारतीय मानक ब्यूरो अधिनियम, 2016 की धारा 15 का उल्लंघन है।
उन्होंने कहा –
“दोषियों के खिलाफ सक्षम न्यायालय में अभियोजन चलाया जाएगा। यह अपराध एक वर्ष तक के कारावास अथवा ₹1 लाख से शुरू होकर माल के मूल्य का पाँच गुना तक के जुर्माने अथवा दोनों से दंडनीय है।”

उपभोक्ताओं के लिए चेतावनी और मार्गदर्शन
बीआईएस अधिकारियों ने कहा कि इस तरह की घटनाएं उपभोक्ताओं को नुकसान पहुँचाने और विश्वास तोड़ने वाली होती हैं। अक्सर ग्राहक सोने की शुद्धता और हॉलमार्क पर भरोसा करके आभूषण खरीदते हैं, लेकिन कुछ व्यापारी नकली मुहर लगाकर अधिक मुनाफा कमाने की कोशिश करते हैं।
बीआईएस ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे:

आभूषण खरीदते समय हमेशा असली हॉलमार्क और एचयूआईडी नंबर की जांच करें।

जांच करने के लिए बीआईएस केयर मोबाइल ऐप और www.bis.gov.in का इस्तेमाल करें।

किसी भी शिकायत को mdch1@bis.gov.in, complaints@bis.gov.in ईमेल अथवा 0172-2650290 नंबर पर दर्ज कराएं।

बीआईएस ने आश्वासन दिया है कि शिकायतकर्ताओं की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
*अन्ना टीम जींद की प्रतिक्रिया*

बीआईएस की कार्रवाई का अन्ना टीम जींद संयोजक हितेश हिंदुस्तानी ने खुले शब्दों में स्वागत किया। टीम ने कहा कि नकली हॉलमार्क सिर्फ कानूनी अपराध ही नहीं बल्कि उपभोक्ताओं के साथ किया गया सीधा धोखा है।
अन्ना टीम जींद के संयोजक हितेष हिंदुस्तानी ने कहा –

“यह कार्रवाई उपभोक्ताओं के हित में ऐतिहासिक कदम है। इससे कारोबार में पारदर्शिता आएगी और सोने के व्यापार पर उपभोक्ताओं का विश्वास फिर से मजबूत होगा।”
टीम ने कहा कि –

“हम चाहते हैं कि इस तरह की छापेमारी नियमित रूप से हो। जींद और आसपास के क्षेत्रों में उपभोक्ताओं को गुमराह करने की कोशिशें खत्म होनी चाहिए।”
जींद की इस कार्रवाई ने न केवल सोने के बाजार में हलचल पैदा की है बल्कि उपभोक्ता सुरक्षा और अधिकारों की दिशा में भी सकारात्मक संदेश दिया है। बीआईएस का यह कदम यह साबित करता है कि अब नकली हॉलमार्क और धोखाधड़ी करने वाले व्यापारी बच नहीं पाएंगे।
September 10, 2025

मंजूरी मिलने के बाद भी उदयपुर सिटी-चंडीगढ़ एक्सप्रेस ट्रेन का नहीं हो पाया संचालन

मंजूरी मिलने के बाद भी उदयपुर सिटी-चंडीगढ़ एक्सप्रेस ट्रेन का नहीं हो पाया संचालन 

रेल मंत्रालय ने 20989-90 उदयपुर सिटी-चंडीगढ़ एक्सप्रेस को चलाने का शेड्यूल जारी कर दिया था
जींद : उदयपुर और चंडीगढ़ के बीच चलने वाली एक्सप्रेस ट्रेन का मंजूरी मिलने के बाद भी संचालन नहीं हो पाया है। हालांकि भारतीय रेलवे ने इसकी मंजूरी भी दे दी थी। ट्रेन कोच तैयार हैं, उन पर ट्रेन नंबर और कहां से कहां तक चलेगी यह तख्तियां भी लग चुकी हैं। इसके बावजूद भी यह ट्रेन शुरू नहीं हो पा रही है।
रेलवे ने जींद से होते हुए उदयपुर सिटी-चंडीगढ़ के बीच सीधी ट्रेन चलाने का फैसला लिया था। रेल मंत्रालय ने इस ट्रेन को चलाने का शेड्यूल जारी कर दिया था। यात्रियों को इस 20989-90 उदयपुर सिटी-चंडीगढ़ एक्सप्रेस का भरपूर फायदा मिलता, क्योंकि इससे पहले इस रूट पर कोई ट्रेन नहीं है। यात्रियों को उम्मीद थी कि जींद और नरवाना से सीधे उदयपुर के लिए ट्रेन की सुविधा मिलेगी, लेकिन ट्रेन नहीं चलने से उनकी उम्मीदों पर पानी फिर गया है। यदि यह ट्रेन चले तो मेहंदीपुर, बालाजी धाम जाने वाले श्रद्धालुओं को भी डायरेक्ट कनेक्टिविटी हो जाएगी। वहीं, राजस्थान के लोगों की चंडीगढ़ से हिमाचल की वादियों की सैर भी आसान हो जाएगी।
*इन स्टेशनों पर होगा ठहराव*

इस एक्सप्रेस ट्रेन कुरुक्षेत्र, कैथल, नरवाना, जींद, रोहतक, झज्जर, अलवर, राजगढ़, बांदीकुई जंक्शन, दौसा, गांधीनगर, फुलैरा, किशनगढ़, अजमेर, बीजानगर, भीलवाड़ा, चंदेरिया, कपासन, माल्वी, राणा प्रताप नगर पर ठहराव होगा। 
*इस ट्रेन में होंगे 20 कोच*

ट्रेन में सात थर्ड एसी, दो सेकंड एसी कोच होंगे। एलएचबी (लिंक हॉफमेन बुश) 20 कोच लगाए जाएंगे। यह कोच बेहतर सुरक्षा, आराम अठौर 160 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार पर चल सकते हैं। इसमें सात कोच थर्ड एसी, दो सेकंड एसी कोच होंगे। सात कोच स्लीपर क्लास और चार कोच जनरल क्लास के कोच होंगे।
रेलवे बोर्ड के डायरेक्टर कोचिंग ने इस ट्रेन को चलाने की मंजूर दी हुई है। अब ट्रेन का संचालन क्यों नहीं हुआ है। इसके बारे में उच्चाधिकारी ही बता सकते हैं।
--जयप्रकाश, यातायात निरीक्षक, रेलवे जंक्शन जींद
September 10, 2025

सफीदोंवासियों को दिल्ली के लिए मिली ऐसी बस की सुविधा

सफीदोंवासियों को दिल्ली के लिए मिली ऐसी बस की सुविधा
प्रदेश सरकार आमजन की सुविधाओं में लगातार कर रही है बढ़ोत्तरी : विधायक रामकुमार गौतम
जींद : सफीदों विधानसभा क्षेत्र की जनता को अब दिल्ली आने-जाने में और अधिक सुविधा मिली है। क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए सफीदों बस स्टैंड से दिल्ली के लिए वातानुकूलित बस सेवा की शुरुआत कर दी गई है। इस सुविधा का शुभारंभ सोमवार को सफीदों के विधायक रामकुमार गौतम ने बस स्टैंड परिसर से हरी झंडी दिखाकर किया।
विधायक रामकुमार गौतम ने कहा कि हरियाणा सरकार आमजन की सुविधाओं में लगातार बढोत्तरी कर रही है। इसी क्रम में यातायात की सुविधाओं में और अधिक इजाफा कर रही है। इसी तरह सफीदों से दिल्ली की यात्रा सुखदमय बनाने के लिए उपमंडलवासियों के लिए ऐसी बस की सौगात मिली है। सफीदों विधानसभा क्षेत्र के लोगों के लिए हरियाणा रोडवेज की यह ऐसी बस सेवा एक महत्वपूर्ण कदम है। अब स्थानीय नागरिकों, छात्रों, नौकरीपेशा लोगों तथा व्यापारियों को दिल्ली जाने के लिए आरामदायक और सुरक्षित यात्रा का विकल्प उपलब्ध हो गया है। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार लोगों को बेहतर यातायात सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है और इस दिशा में सफीदों क्षेत्र को यह नई सौगात मिली है। विधायक ने कहा कि इस सेवा से न केवल यात्रियों को आराम मिलेगा बल्कि समय की बचत भी होगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी क्षेत्र की जनता की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए और अधिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उल्लेखनीय है कि हरियाणा रोडवेज की यह ऐसी बस प्रतिदिन सफीदों बस स्टैंड से सुबह 6:20 बजे और दोपहर 1:20 बजे दिल्ली आईएसबीटी के लिए रवाना होगी। यह बस वाया पानीपत, समालखा, गन्नौर, मुरथल होते हुए दिल्ली आईएसबीटी पर सुबह लगभग नौ बजे पहुंचेगी और दिल्ली आईएसबीटी से सफीदों के लिए ऐसी बस की यह सुविधा सुबह 9:25 और सायं 4:25 बजे उपलब्ध रहेगी। इस मौके पर एसडीएम पुलकित मल्होत्रा, नायब तहसीलदार संजय कुमार, रोडवेज विभाग से टीएम नरेंद्र शर्मा, बीजेपी युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष सक्षम भाटिया, जिला सचिव सुखदेव राणा, सतीश कुमार सहित स्थानीय गणमान्य व्यक्ति और भारी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
September 10, 2025

सिर्फ 10000 व्यूज़ पर instagram कितने पैसे देता है, रील बनाने वाले जान लें तुरंत

सिर्फ 10000 व्यूज़ पर instagram कितने पैसे देता है, रील बनाने वाले जान लें तुरंत

(इंस्टाग्राम पर 10 हजार व्यूज पर कितना पैसा मिलता है)
Instagram Reels: सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर कमाई का क्रेज़ लगातार बढ़ रहा है. खासकर Instagram Reels आज युवाओं के लिए न सिर्फ मनोरंजन का जरिया है बल्कि कमाई का एक बड़ा साधन भी बन चुका है. यही वजह है कि बहुत से क्रिएटर्स दिन-रात मेहनत करके रील बनाते हैं और लाखों व्यूज़ बटोरते हैं. लेकिन नए क्रिएटर्स के मन में हमेशा यह सवाल रहता है कि आखिर Instagram सिर्फ 10,000 व्यूज़ पर कितने पैसे देता है?
*Instagram से कमाई कैसे होती है?*

Instagram खुद हर व्यू पर सीधे पैसे नहीं देता, बल्कि इसकी कमाई कई अलग तरीकों से होती है. पहले Instagram का Reels Play Bonus Program चल रहा था जिसमें व्यूज़ के आधार पर क्रिएटर्स को पैसे दिए जाते थे. लेकिन अब यह प्रोग्राम बंद हो चुका है और इंस्टाग्राम ने अपने राजस्व मॉडल को विज्ञापनों और ब्रांड प्रमोशन से जोड़ दिया है.
आजकल Instagram पर कमाई का बड़ा हिस्सा ब्रांड डील, स्पॉन्सर्ड पोस्ट, एफिलिएट मार्केटिंग और विज्ञापन राजस्व (Ads Revenue Sharing) से आता है. इसका मतलब है कि 10,000 व्यूज़ पर मिलने वाली रकम हर क्रिएटर के लिए अलग-अलग हो सकती है.
*10,000 व्यूज़ पर अनुमानित कमाई*

अगर सिर्फ व्यूज़ की बात करें तो 10,000 व्यूज़ पर बहुत बड़ी रकम नहीं मिलती. अनुमानित तौर पर एक क्रिएटर को ₹100 से ₹500 तक मिल सकते हैं. यह राशि कई फैक्टर्स पर निर्भर करती है जैसे कि वीडियो की कैटेगरी, ऑडियंस किस देश से है, उस समय विज्ञापनों की डिमांड कितनी है और कंटेंट कितना एंगेजिंग है.
उदाहरण के लिए, अगर किसी वीडियो को भारत जैसे देश में 10,000 व्यूज़ मिलते हैं तो कमाई कम हो सकती है, जबकि अमेरिका या यूरोपियन देशों से आए व्यूज़ पर Instagram ज्यादा भुगतान करता है. ऐसा इसलिए क्योंकि इन देशों में विज्ञापन दरें (Ad Rates) ज्यादा होती हैं.
*ब्रांड डील और स्पॉन्सरशिप से असली कमाई*

सच्चाई यह है कि Instagram पर असली कमाई सिर्फ व्यूज़ से नहीं होती, बल्कि ब्रांड्स के साथ किए गए कॉन्ट्रैक्ट और डील से होती है. जब आपके वीडियो लगातार वायरल होने लगते हैं और आपका फॉलोअर्स बेस बढ़ जाता है तो कंपनियां अपने प्रोडक्ट्स को प्रमोट करने के लिए आपसे संपर्क करती हैं. यहां एक-एक पोस्ट या रील पर हज़ारों से लेकर लाखों रुपये तक मिल सकते हैं.
मान लीजिए कि आपके पास 50,000 से 1 लाख फॉलोअर्स हैं और आपकी रील पर औसतन 10,000 से 20,000 व्यूज़ आते हैं तो ब्रांड आपको आसानी से ₹5,000 से ₹20,000 तक ऑफर कर सकता है. यही वजह है कि बड़े क्रिएटर्स की कमाई करोड़ों में पहुंच चुकी है.
*नए क्रिएटर्स को क्या करना चाहिए?*

अगर आप भी सोच रहे हैं कि सिर्फ 10,000 व्यूज़ से ही मोटी कमाई होगी तो यह गलतफहमी है. शुरुआत में आपको केवल नाम और पहचान बनाने पर ध्यान देना चाहिए. जितनी अधिक रील्स बनाएंगे, उतनी ज्यादा एंगेजमेंट मिलेगी और धीरे-धीरे ब्रांड डील्स का रास्ता खुलेगा.
Instagram पर सिर्फ 10,000 व्यूज़ पर कमाई बहुत सीमित होती है. आपको ₹100 से ₹500 तक ही मिल सकते हैं और वह भी कई शर्तों पर निर्भर करता है. लेकिन जैसे-जैसे आपका अकाउंट ग्रो करेगा, आपके व्यूज़ लाखों में जाएंगे और ब्रांड्स के साथ सहयोग बढ़ेगा, आपकी कमाई हजारों से लाखों रुपये तक पहुंच सकती है।

Tuesday, September 9, 2025

September 09, 2025

वृक्ष लगाओ – पृथ्वी बचाओ: आशुतोष शर्मा ने लिया 10,000 पेड़ लगाने का संकल्प

वृक्ष लगाओ – पृथ्वी बचाओ: आशुतोष शर्मा ने लिया 10,000 पेड़ लगाने का संकल्प
जींद: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प "वृक्षारोपण और पर्यावरण संरक्षण" को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से जींद निवासी समाजसेवी आशुतोष शर्मा ने एक अनूठी मुहिम की शुरुआत की है। इस अभियान का नाम दिया गया है – "वृक्ष लगाओ, पृथ्वी बचाओ, पर्यावरण बचाओ।"
इस मुहिम के तहत आशुतोष शर्मा ने 10,000 पेड़ लगाने का संकल्प लिया है। उनकी विशेष पहल यह है कि वे केवल पेड़ लगाने तक ही सीमित नहीं रहना चाहते, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति को एक पेड़ की जिम्मेदारी सौंप रहे हैं। उनका कहना है कि "यदि हर नागरिक केवल एक पेड़ को अपने बच्चे की तरह पालने और संवारने का संकल्प ले ले, तो आने वाले वर्षों में पर्यावरण की स्थिति में बड़ा परिवर्तन देखा जा सकता है।"
इस अभियान के अंतर्गत प्रत्येक व्यक्ति से आग्रह किया जा रहा है कि वे अपने लगाए गए पेड़ की देखभाल पानी देने से लेकर उसकी सुरक्षा तक करें, ताकि वह वृक्ष बनकर समाज को शुद्ध वायु, छाया और हरियाली प्रदान कर सके। शर्मा का मानना है कि यह पहल केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि उसके विकास और संरक्षण की जिम्मेदारी भी उतनी ही महत्वपूर्ण है।
आशुतोष शर्मा ने बताया कि इस अभियान की शुरुआत स्थानीय स्तर पर की गई है और इसके अंतर्गत गाँवों, स्कूलों, मंदिरों, सरकारी दफ्तरों और सार्वजनिक स्थानों पर पौधारोपण किया जाएगा। इसमें समाज के हर वर्ग को जोड़ा जा रहा है, ताकि यह केवल व्यक्तिगत नहीं बल्कि जन-जन का सामूहिक संकल्प बन सके।
उन्होंने कहा कि आज प्रदूषण, ग्लोबल वार्मिंग और जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियाँ देश और दुनिया के सामने गंभीर रूप से खड़ी हैं। ऐसे में यदि हम समय रहते प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी नहीं निभाएँगे, तो आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ हवा और स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित करना मुश्किल हो जाएगा।
जनसेवक आशुतोष शर्मा की यह पहल स्थानीय स्तर पर लोगों के बीच उत्साह और जागरूकता का विषय बन चुकी है। ग्रामीणों से लेकर शहरवासियों तक लोग इस अभियान में जुड़ने लगे हैं और इसे एक लोक आंदोलन का स्वरूप देने की कोशिश की जा रही है।
पर्यावरण संरक्षण को लेकर उठाया गया यह कदम निश्चित ही आने वाले समय में समाज और आने वाली पीढ़ियों के लिए लाभकारी सिद्ध होगा।