Breaking

Monday, September 29, 2025

September 29, 2025

दीपक कौशिक को कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में मिला विशेष आमंत्रण

दीपक कौशिक को कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में मिला विशेष आमंत्रण
जींद : जींद के सुप्रसिद्ध चित्रकार दीपक कौशिक को कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के ललित कला विभाग द्वारा आयोजित एक दिवसीय चित्रकार शिविर में विशेष अतिथि विशेषज्ञ के रूप में आमंत्रित किया गया है।
यह शिविर “विकसित भारत की परिकल्पना” विषय पर 30 सितम्बर 2025 (मंगलवार) को कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय, कुरुक्षेत्र के ललित कला विभाग में होगा। इस आयोजन में उत्तर क्षेत्रीय सांस्कृतिक केन्द्र, पटियाला का सहयोग रहेगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता ललित कला विभाग के अध्यक्ष डॉ. गुरचरण सिंह करेंगे। उन्होंने बताया कि इस शिविर में देशभर के कलाकार भाग लेंगे और अपनी कृतियों के माध्यम से विकसित भारत की झलक प्रस्तुत करेंगे।
दीपक कौशिक ने इस अवसर पर कहा कि उनके लिए यह गर्व और सम्मान की बात है कि उन्हें कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय जैसे प्रतिष्ठित संस्थान में अपनी कला और विचार साझा करने का अवसर मिल रहा है।
September 29, 2025

पार्किंग के बावजूद खुले में खड़े रहे ऑटो बन रहे परेशानी

पार्किंग के बावजूद खुले में खड़े रहे ऑटो बन रहे परेशानी
बस अड्डा गेट के पास बन रही जाम की स्थिति 
ऑटो व ई रिक्शा चालकों के लिए पार्किंग जगह हुई है अलॉट
जींद : बस अड्डा पार्किंग प्रवेश द्वार के पास जगह निर्धारित होने के बावजूद सभी ऑटो व ई रिक्शा चालक वहां खड़े नहीं होते। ज्यादातर ऑटो व ई रिक्शा वाले अभी भी बस स्टैंड के गेट के बाहर ही खड़े रहते हैं। इस कारण गेट के पास अभी भी जाम की स्थिति बनी रहती है। जबकि सितंबर माह की शुरूआत में ऑटो व ई रिक्शा चालकों के लिए पार्किंग जगह अलॉट हुई थी। पार्किंग गेट के प्रवेश द्वार के पास ऑटो स्टैंड के लिए जगह चुनी गई है। जहां 25 से 30 ऑटो खड़े करने की जगह है। जिस ठेकेदार को जगह मिली है, उसे 40 हजार रुपये प्रति महीना व 18 प्रतिशत जीएसटी किराया देना है। यह ठेका मार्च 2028 तक रहेगा। उम्मीद तो यही जताई जा रही थी कि ऑटो पार्किंग के लिए जगह अलॉट होने के बाद गेट के बाहर जाम की स्थिति से मुक्ति मिलेगी। 
गौरतलब है कि साल 2013 में पिडारा के पास नए बस अड्डे की घोषणा तत्कालीन कांग्रेस सरकार में हुई थी। 2015 में इस पर काम शुरू हुआ और 2020 में बनकर यह तैयार भी हो गया। मार्च 2022 में बस स्टैंड शुरू हुआ था। बस अड्डे के निर्माण पर 32 करोड़ रुपये खर्च हुए थे। यहां बसों को खड़ा करने के लिए सात एकड़़ जमीन खाली छोड़ी गई है और पांच एकड़ में वर्कशॉप बनी हुई है। हाईवे पर पुल से उतरते ही बस स्टैंड बना हुआ है। सफीदों रोड और गोहाना रोड पर बसों व अन्य वाहनों के आने-जाने के लिए सर्विस रोड बना हुआ है। बस स्टैंड के मुख्य गेट के सामने ही ऑटो व ई रिक्शा खड़ी रहती थीए जिससे बस स्टैंड के गेट पर भीड़ लगी रहती है।
जींद डिपो के महाप्रबंधक राहुल जैन ने बताया कि बस स्टैंड के गेट के बाहर ऑटो व ई रिक्शा चालकों को हटवाना प्रशासन का काम है। बस स्टैंड के गेट के बाहर जो बड़े-बड़े बैरिगेट रखे हैं, उसे हटवाने के लिए भी लिख चुके हैं। ऑटो चलाकों की पार्किंग प्रवेश द्वार के पास जगह निर्धारित कर रखी है।
September 29, 2025

डा. हरविंद्र राणा सीआरएसयू जींद के सांस्कृतिक परिषद के सदस्य नामित

डा. हरविंद्र राणा सीआरएसयू जींद के सांस्कृतिक परिषद के सदस्य नामित
जींद : चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय के कुलगुरु डा. आरपी सैनी के आदेशानुसार कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त लोक गायक व युवा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम विभाग के सांस्कृतिक निरीक्षक डा. हरविन्दर राणा को सीआरएसयू जींद विश्वविद्यालय की सांस्कृतिक परिषद का सदस्य नामित किया गया है। इस चयन को लेकर सभी कलाकारों में खुशी की लहर है और इस पर डा. हरविन्दर राणा ने कुलपति का धन्यवाद किया और पूरी लगन व निष्ठा के साथ कार्य करने की बात कही। 
डा. हरविंदर राणा ने बताया कि इस चयन में कुवि के पूर्व छात्र डा. पूनम वर्मा, डा. सतीश बलमिया, डा. भूपेन्द्र मल्होत्रा का योगदान रहा है। युवा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम विभाग के निदेशक प्रो. विवेक चावला ने उन्हें बधाई और आशीर्वाद दिया। गौरतलब है कि डा. हरविन्दर राणा का चयन उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों और सांस्कृतिक गतिविधियों में सक्रिय योगदान को देखते हुए किया गया है। विश्वविद्यालय समुदाय ने उनके इस नामांकन पर प्रसन्नता व्यक्त की और आशा जताई कि वे अपने अनुभव से विश्वविद्यालय की सांस्कृतिक गतिविधियों को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे। डा. राणा ने बताया कि अपने 22 वर्ष के कार्यकाल में उन्होंने जो भी संघर्ष किया और सांस्कृतिक गतिविधियों को विश्व स्तर तक पहुंचाया उसके पीछे उन पर हमेशा कुरुक्षेत्र  विश्वविद्यालय व कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा का मार्गदर्शन और आशीर्वाद हमेशा मिलता रहा है। इस पर उन्होंने अपने सभी गुरुओं का आभार प्रकट किया।
September 29, 2025

बीरेंद्र सिंह राजनीतिक ज्योतिषी होते तो अपना भविष्य देखते : सुभाष बराला

बीरेंद्र सिंह राजनीतिक ज्योतिषी होते तो अपना भविष्य देखते : सुभाष बराला
भाजपा राज्यसभा सदस्य ने वोट चोरी के आरोपों पर कांग्रेस को घेरा
जींद : भाजपा राज्यसभा सदस्य सुभाष बराला ने चौधरी बीरेंद्र सिंह और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी बीरेंद्र सिंह के खुद को राजनीति का ज्योतिषी बताने वाले वायरल वीडियो पर प्रतिक्रिया दी। सांसद ने कहा कि यदि बीरेंद्र सिंह ज्योतिषी होते तो पहले अपना और अपने परिवार का राजनीतिक भविष्य देखते। बराला ने कांग्रेस पर भी आपदा के बाद मुआवजा न देने का आरोप लगाया, कहा कि कांग्रेस राज में केवल अपने चहेतों को मुआवजा दिया जाता था। राहुल गांधी द्वारा लगाए गए वोट चोरी के आरोपों पर बराला ने कहा कि भाजपा को वोट चोरी की आवश्यकता नहीं है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लोगों के दिलों में बसते हैं और उनकी सेवा करके उनके दिल जीतते हैं। भाजपा राज्यसभा सदस्य सुभाष बराला, विधायक देवेंद्र चतरभुज अत्री उचाना की ब्राह्मण धर्मशाला में शहीद भगत सिंह जयंती पर आयोजित रक्तदान शिविर और रोजगार मेले में शामिल हुए। शिवानिया पब्लिक स्कूल में रोजगार मेले में 500 से अधिक युवा रोजगार के लिए पहुंचे। रक्तदान शिविर में 121 यूनिट रक्तदान हुआ। विधायक ने कहा कि शहीद की कोई कौम नहीं होती है। शहीदों के दिखाए मार्ग पर हमें चलना चाहिए। युवाओं को चाहिए कि वो देश की तरक्की, प्रगति में अपना योगदान दे। पत्रकार वार्ता में सांसद ने राहुल गांधी और विपक्ष के लिए नाच न जाने आंगन टेढ़ा वाली कहावत का इस्तेमाल किया, यह कहते हुए कि लगातार चुनाव हारने के बाद वे वोटिंग मशीन और अब वोट चोरी को दोषी ठहरा रहे हैं। सुभाष बराला, विधायक देवेंद्र अत्री ने शिक्षा जगत में लंबे समय से सेवा कर रहे लोगों को सम्मानित किया। राज्यसभा सदस्य सुभाष बराला, विधायक देवेंद्र चतरभुज अत्री ने देवा सिंह कॉलोनी, बारूराम दुर्जनपुर के निवास पर कार्यकर्ताओं को स्वदेशी अपनाओ की शपथ भी दिलाई। उन्होंने शहीद भगत सिंह की जयंती पर युवाओं द्वारा किए गए रक्तदान की सराहना की और एक पुस्तक का विमोचन भी किया। इस मौके पर एसडीएम हांसी राजेश खोथ, विकास काला, ब्राह्मण धर्मशाला प्रधान रघुबीर शर्मा, ओमप्रकाश थुआ, रिछपाल शर्मा, रमेश राणा, श्रवण मांडी, रणपाल श्योकंद सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
September 29, 2025

*“डिजिटल हथियारबंदी नहीं चलेगी!” – सोशल मीडिया पर अपराध की नौटंकी अब पड़ेगी भारी*

*“डिजिटल हथियारबंदी नहीं चलेगी!” – सोशल मीडिया पर अपराध की नौटंकी अब पड़ेगी भारी*

*– पुलिस की दो टूक चेतावनी: अपराध को ग्लैमर दिखाने की हर कोशिश पर होगी कड़ी कानूनी कार्रवाई*

*– युवाओं को सोशल मीडिया के जाल से बचाने के लिए चल रहा विशेष साइबर अभियान*
फतेहाबाद: *पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धांत जैन, आईपीएस* के नेतृत्व में फतेहाबाद पुलिस ने सोशल मीडिया पर अपराध के प्रचार-प्रसार को रोकने के लिए सख्त मोर्चा खोल दिया है। कुछ असामाजिक तत्व Instagram, Facebook, YouTube जैसे प्लेटफॉर्म्स पर हथियारों के साथ वीडियो डालकर खुद को 'डॉन' या 'गैंगस्टर' के रूप में प्रस्तुत कर रहे हैं। यह प्रवृत्ति कानून और समाज दोनों के लिए गंभीर खतरा बनती जा रही है।
 *फतेहाबाद पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि "अगर सोशल मीडिया पर हथियार लहराओगे, तो क़ानून की आहट सुनने को जरूर मिलेगी।"*

*256 सोशल मीडिया अकाउंट बंद, 596 युवाओं को दी गई चेतावनी*
                सीआईए उपनिरीक्षक वेदपाल व साइबर टीम प्रभारी उपनिरीक्षक अशोक कुमार के संयुक्त नेतृत्व में पुलिस द्वारा IT Act की धारा 79(3)(B) के तहत अब तक 256 आपराधिक सोशल मीडिया अकाउंट्स को डिएक्टिवेट/रिपोर्ट कराया गया है।
                इन खातों को फॉलो कर रहे 596 युवाओं की पहचान कर उनसे व्यक्तिगत रूप से संवाद किया गया। उन्हें लिखित चेतावनी दी गई और भविष्य में ऐसे आपत्तिजनक खातों से दूरी बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया।
*युवाओं से अपील: 'कूल' दिखने के चक्कर में करियर बर्बाद मत करो!*
 पुलिस अधीक्षक श्री जैन ने युवाओं को स्नेहपूर्वक चेताया कि गैंगस्टर संस्कृति या अपराध से जुड़ा कोई भी कंटेंट फॉलो करना, शेयर करना या प्रमोट करना आपके डिजिटल इतिहास में जुड़ जाता है, जो आगे चलकर सरकारी नौकरी, पासपोर्ट, वीज़ा, पुलिस वेरिफिकेशन जैसी प्रक्रियाओं में बाधा बन सकता है।
*अपराधियों को सख्त चेतावनी*

*पुलिस अधीक्षक* ने कहा कि "जो कोई भी सोशल मीडिया पर अपराध, हिंसा या गैंग कल्चर को बढ़ावा देगा, उसके विरुद्ध IT एक्ट, साइबर कानून और  BNS / IPC की धाराओं के अंतर्गत सख्त कार्रवाई की जाएगी।" हर संदिग्ध डिजिटल गतिविधि की डिजिटल फॉरेंसिक जांच जारी है और कानून से बच पाना असंभव होगा।
*पुलिस की अपील – समाज और अभिभावकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण*
• अभिभावकों से निवेदन: कृपया बच्चों के सोशल मीडिया व्यवहार पर सतर्क नजर रखें और उनके साथ संवाद करते रहें।
• युवाओं से आग्रह: किसी भी वीडियो, स्टेटस या पोस्ट को लाइक/शेयर करने से पहले सोचें –
क्या यह मुझे कानून के खिलाफ खड़ा कर सकता है?
• सभी नागरिकों से अनुरोध: किसी भी संदिग्ध सोशल मीडिया गतिविधि की सूचना तुरंत नज़दीकी थाना या साइबर सेल को दें। आपकी पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
*फतेहाबाद पुलिस का लक्ष्य – कानून का सम्मान और युवाओं को सही दिशा देना*
फतेहाबाद पुलिस केवल अपराध पर कार्रवाई ही नहीं कर रही, बल्कि समाज के भविष्य युवाओं को गुमराह होने से पहले जागरूक करने के लिए प्रयासरत है। "हम चाहते हैं कि अगली पीढ़ी मोबाइल की स्क्रीन से नहीं, अपने कर्मों से नायक बने।"
September 29, 2025

हरियाणा मे यौन शोषण मामले में फरार सिविल सर्जन की मौ*त, जींद सिविल अस्पताल में भी रह चुका CMO

हरियाणा मे यौन शोषण मामले में फरार सिविल सर्जन की मौ*त, जींद सिविल अस्पताल में भी रह चुका CMO
Yamunanagar CMO Manjeet Death : हरियाणा में यौन शोषण के आरोपों के मामले में घिरे और इस समय फरार चल रहे सिविल सर्जन डॉ. मंजीत सिंह की मौत हो गई है। सिविल सर्जन पर आरोप था कि उसने अस्पताल में कंसल्टेंट के रूप में तैनात एक महिला डॉक्टर को फोन पर मैसेज भेज कर कहा था कि वह उसक साथ संबंध बनाना चाहता है। इसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा तो उसके खिलाफ मामला दर्ज हो गया था और तभी से डॉ. मंजीत गिरफ्तारी से बचने के लिए भागता फिर रहा था। बताया जा रहा है कि हार्ट अटैक आने से डॉ. मंजीत की मौत हुई है।
गौरतलब है कि इस समय डॉ. मंजीत सिविल अस्पताल यमुनानगर में सिविल सर्जन के तौर पर ड्यूटीरत थे। इससे पहले वह जींद के सिविल अस्पताल में भी सिविल सर्जन रह चुके हैं। यहां से तबादले के बाद डॉ. मंजीत यमुनानगर में चले गए थे। 20 सितंबर को यमुनानगर सिविल अस्पताल में कंसल्टेंट के रूप में तैनात एक महिला डॉक्टर ने CMO डॉ. मंजीत सिंह पर यौन उत्पीड़न और जातिसूचक टिप्पणियों का आरोप लगाया।
*Yamunanagar CMO Manjeet Death : महिला डॉक्टर से की थी फोन पर अश्लील बात*

पीड़िता ने बताया कि डॉ. सिंह ने उन्हें वॉट्सऐप पर कॉल कर अश्लील बातें कीं और संबंध बनाने की मांग की। इसमें आरोप था कि डॉ. मंजीत ने कहा था कि “10 मिनट में तैयार हो जाओ, तेरे साथ संबंध बनाना चाहता हूं।” इसके अलावा, उन्होंने पीड़िता की जाति को लेकर अपमानजनक टिप्पणी भी की, जैसे “तुम लोगों को नौकरी भी बड़ी आसानी से मिल जाती है, इसे बचा कर रखो।” महिला ने इसकी शिकायत पुलिस को दी तो पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया था।
मामला दर्ज होते ही डॉ. मंजीत सिंह फरार हो गए थे। पुलिस ने उनके संभावित ठिकानों पर छापेमारी भी की लेकिन वह पुलिस के हाथ नहीं आए। वहीं दूसरी तरफ वह लगातार प्रयास कर रहे थे कि उन्हें जमानत मिल जाए लेकिन सैशल कोर्ट ने उनकी अग्रिम जमानत को खारिज कर दिया था। इसके बाद सिविल सर्जन पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट में जाने की तैयारी में था। इसी बीच उनकी मौत का समाचार सामने आया।
September 29, 2025

*धोखाधड़ी मामले में एक आरोपी गिरफ्तार।*

*धोखाधड़ी मामले में एक आरोपी गिरफ्तार।*
जींद : *पुलिस अधीक्षक जींद श्री कुलदीप सिंह आईपीएस के कुशल मार्गदर्शन में थाना शहर नरवाना पुलिस ने एक नामजद व्यक्ति के खिलाफ महिला को सोना दोगुना करने का झांसा देकर गहने हड़पने के मामले में मुकदमा दर्ज किया है।*
थाना शहर नरवाना के प्रबंधक अफ़सर ने जानकारी देते हुए बताया कि  शिकायतकर्ता राजीव वासी नरवाना ने बताया कि 15 जुलाई 2025 को प्रवीन निवासी मोहल खेड़ा उनके घर पर मीटर रीडिंग के बहाने आया और उसकी पत्नी कविता को सोना दोगुना करने का झांसा देकर बहकाया। आरोपी प्रवीन महिला से करीब 8 तोले सोने व चांदी के आभूषण (जिनमें चैन, लॉकेट, मंगलसूत्र, मांग टीका, कानों के बुंदे, नथ तथा पाजेब की जोड़ी शामिल हैं) लेकर धोखाधड़ी करके फरार हो गया।
पीड़ित परिवार को इस धोखाधड़ी की जानकारी देरी से हुई, जिसके बाद उन्होंने थाना शहर नरवाना में शिकायत दी। शिकायत पर तत्परता से कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मुकदमा नंबर 291, दिनांक 26.09.2025, धारा 303, 318(4) BNS के तहत मामला दर्ज किया। ओर आरोपी प्रवीन निवासी मोहल खेड़ाको गिरफ्तार किया जाकर 3 दिन के पुलिस हिरासत रिमांड में लेकर आगामी कार्यवाही अमल में लाई जा रही है।
September 29, 2025

1965 भारत-पाक युद्ध के वीर सेनानियों का किया सम्मान समारोह, शहीदी स्मारक पर शहीदों को नमन किया

1965 भारत-पाक युद्ध के वीर सेनानियों का किया सम्मान समारोह
शहीदी स्मारक पर शहीदों को नमन किया
जींद : गोहाना रोड स्थित शहीद स्मारक पर रविवार को 1965 में हुए भारत-पाक युद्ध की विजय का डायमंड जुबली समारोह आयोजित किया गया। समारोह में जींद जिले के वो सब वीर सेनानी जिसने इस युद्ध में अपने जौहर दिखाकर दुश्मन देश को शिकस्त दी एवं उन वीर नारियों को जिनके बहादुर शौहरों ने 1965 युद्ध में भाग लिया था को यथोचित सैनिक सम्मान से नवाजा गया। समाज के 200 से अधिक सर्वजन ने समारोह की शोभा बढ़ाई। कर्नल डी के भारद्वाज ने बताया कि कुल 58 वीर योद्धाओं और 11 वीरांगनाओं को सैनिक सम्मान प्रदान किए गए। वीर सैनिकों ने अपने लड़ाई के संस्मरण सांझा कर माहौल को राष्ट्र भक्तिमय बना दिया। पूर्व सैनिक कल्याण संगठन जींद ने कार्यक्रम का आयोजन किया और सीनियर सिटीजन फोरम जींद आयोजन सहभागी संस्था रही। अकादमी के डायरेक्टर धर्मदेव विद्यार्थी, मेजर जनरल अनिल चौधरी, पूर्व वीसी डा. अविनाश चावला समारोह के अतिथि रहे। इस मौके पर कैप्टन वेद बरसोला, सूबेदार मेजर जयपाल, सूबेदार मेजर रामकरण दलाल, सूबेदार जय भगवान आदि खास तौर पर मौजूद रहे।
September 29, 2025

एवीटी टीम ने सात तोले सोना-200 ग्राम चांदी बरामद कर जीता विश्वास, ग्रामीणों ने किया सम्मानित

एवीटी टीम ने सात तोले सोना-200 ग्राम चांदी बरामद कर जीता विश्वास, ग्रामीणों ने किया सम्मानित
कैथल: एंटी व्हीकल स्टाफ (एवीटी) टीम की कार्रवाई से पुलिस का मान बढ़ा दिया है। गांव भागल में हुए चोरी के एक मामले में एवीटी टीम ने न केवल छह आरोपियों को पकड़ लिया, बल्कि चोरी हुआ सात तोले सोना और 200 ग्राम चांदी भी रिकवर कर लिया। पुलिस की इस उपलब्धि पर रविवार को गांव भागल के ग्रामीणों ने एवीटी टीम को सम्मानित कर आभार जताया। ग्रामीणों ने कहा कि ऐसे मामलों से लोगों की पुलिस के प्रति धारणा बदलनी चाहिए और समाज को पुलिस का सहयोग करना चाहिए।
यह मामला एक मई 2025 का है, जब गांव भागल निवासी लाल सिंह के घर से चोर सात तोले सोना और 200 ग्राम चांदी चुराकर ले गए थे। घटना के बाद ग्रामीणों ने एसपी से मिलकर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। एसपी ने तुरंत इस केस की जांच का जिम्मा एवीटी टीम इंचार्ज एसआई प्रदीप कुमार को सौंप दिया। टीम ने 14 मई को ही लाखन माजरा इंद्रगढ़ निवासी सुनील और पिहोवा निवासी बलविंद्र को गिरफ्तार कर लिया। लगातार जांच में टीम ने अब तक छह आरोपियों को पकड़ लिया है और चोरी किए गए सभी आभूषण भी बरामद कर लिए गए हैं।
इसके बाद ग्रामीणों का एक प्रतिनिधिमंडल एवीटी स्टाफ में पहुंचा। वहां डीएसपी क्राइम सुशील प्रकाश के नेतृत्व में एसआई प्रदीप कुमार, एसआई शुभकरण, एसआई जयभगवान, एएसआई मनोज, जसमेर, अशोक, एचसी लखविंद्र, सुनील, कांस्टेबल कैलाश, महिला एचसी सुदेश, साइबर सेल कर्मचारी अनिल, ईएचसी संदीप, सुभाष, होमगार्ड मनोज, विकास, सतीश, एसपीओ राजेश और अमित सहित पूरी टीम को सम्मानित किया गया।
सम्मान समारोह में पूर्व ब्लॉक समिति चेयरमैन रामेश्वर दास, मकान मालिक लाल सिंह, रामदिया नंबरदार, किसान नेता पाला राम, दरबारा पूनिया, रामकुमार मास्टर, सत्यवान, पूर्व सरपंच नर सिंह और धनपत पूनिया मौजूद रहे। ग्रामीणों ने कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि चोरी हुआ सामान वापस मिलेगा, लेकिन एवीटी टीम ने उनकी सोच बदल दी। उन्होंने कहा कि पुलिस के कर्मचारी दिन-रात मेहनत करते हैं, इसलिए लोगों को पुलिस पर विश्वास करना चाहिए और उनका हौसला बढ़ाना चाहिए।
इस उपलब्धि पर एसपी ने भी टीम को बधाई दी और ग्रामीणों द्वारा पुलिस का सम्मान करने पर खुशी जाहिर की। एसपी ने कहा कि जनता और पुलिस का तालमेल बेहतर होगा तो अपराध पर लगाम लगाना और आसान हो जाएगा।
September 29, 2025

पुलिस ने मारा छापा, 116 किलोग्राम बम पटाखे बरामद

पुलिस ने मारा छापा, 116 किलोग्राम बम पटाखे बरामद
त्यौहारों के सीजन में बेचने के लिए पशु बाड़े में छुपाए गए थे बम पटाखे
जींद : एंटी व्हीकल थेप्ट स्टाफ ने गांव रधाना पशुबाड़े में छापेमारी कर 116 किलो 100 ग्राम बम पटाखे बरामद किए हैं। छापा पडऩे की भनक लगने पर आरोपित फरार हो गया। सदर थाना पुलिस ने आरोपित के खिलाफ एक्सप्लोसिव एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 
एंटी व्हीकल थेप्ट स्टाफ को सूचना मिली थी कि गांव रधाना निवासी दीपक ने अपने चाचा के पशुबाड़े में बम पटाखों को छुपा कर रखा हुआ है। रिहायशी इलाके में बने पशुबाड़े में विस्फोट सामग्री का भंडारण करना खतरनाक है। सूचना के आधार पर पुलिसकर्मियों ने पशुबाड़े में छापेमारी की तो वहां पर बंब पटाखो के कार्टून रखे पाए गए। जिनका वजन 116 किलो 100 ग्राम पाया गया। बरामद बम पटाखों को पुलिस ने कब्जे में ले लिया। छापेमारी की भनक लगने पर दीपक फरार हो गया। सदर थाना पुलिस ने दीपक के खिलाफ खिलाफ एक्सप्लोसिव एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
September 29, 2025

कोटा: फ्लैट में लगी आ*ग से टीवी के बाल कलाकार वीर शर्मा की मौ*त, भाई की भी गई जा*न

कोटा: फ्लैट में लगी आ*ग से टीवी के बाल कलाकार वीर शर्मा की मौ*त, भाई की भी गई जा*न
अपार्टमेंट की आ#ग ने छीनी मासूमों की जिंदगी
जयपुर : कोटा से एक दुखद हादसा सामने आया है जहां पर एक मल्टी स्टोरी फ्लैट में आग लगने से दो बच्चों की दम घुटने से मौत हो गई, घटना के वक्त दोनों बच्चे घर पर अकेले थे मां कोटा से बाहर गई हुई थी और पिता राजेंद्र शर्मा भजन संध्या में गए हुए थे, दोनों बच्चे वीर और शौर्य शर्मा सगे भाई थे जिनकी उम्र 8 और 16 साल बताई जा रही है. घटना की सूचना के बाद परिजन और आसपास के लोग दोनों बच्चों को लेकर निजी अस्पताल पहुंचे जहां पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
कोटा एसपी तेजस्विनी गौतम ने बताया कि प्रथम दृष्टि या आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, आग लगने के कारण कमरे में धुंआ हुआ उससे दोनों बच्चे बेहोश हो गए, उन्हें बेहोशी की हालत में अस्पताल पहुंचाया गया जहां पर डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया. फिलहाल दोनों चों को मोर्चरी में रखवाया गया है, बच्चों की मां कोटा से बाहर है उनके आने का इंतजार किया जा रहा है वहीं घटनास्थल से एफएसएल की टीम ने भी साक्ष्य जुटाये हैं.
*इलाके में फैल गई सनसनी*

पिता राजेंद्र शर्मा घटना के वक्त भजन संध्या में गए हुए थे वे एक निजी कोचिंग संस्था में जॉब करते हैं इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई पिता का रो-रो कर बुरा हाल हो गया है.
*सैफ अली खान की आने वाली एक मूवी में उनके बचपन का करने वाला था रोल प्ले*

घटना में मरने वाला वीर शर्मा सैफ अली खान का किरदार निभाने वाला था बच्चों की मां रीता शर्मा टीवी सीरियल्स में काम करती हैं और मृतक वीर भी किसी फिल्म की तैयारी कर रहा था. जानकारी के अनुसार वीर श्रीमद श्रीमद् रामायण में भरत का रोल प्ले कर चुका है. वो सैफ अली खान की आने वाली एक मूवी में उनके बचपन का रोल प्ले करने वाला था.
September 29, 2025

9वीं बार एशिया का चैंपियन बना भारत, पहले कुलदीप की तबाही फिर तिलक ने कूटा, हार की हैट्रिक से PAK शर्मसार

9वीं बार एशिया का चैंपियन बना भारत, पहले कुलदीप की तबाही फिर तिलक ने कूटा, हार की हैट्रिक से PAK शर्मसार
नई दिल्ली : भारत ने पाकिस्तान को 5 विकेट से हराकर एशिया कप 2025 का खिताब जीत लिया है. टीम इंडिया कुल 9वीं बार एशियाई चैंपियन बनी है. फाइनल मैच में पाकिस्तान ने पहले खेलते हुए 146 रन बनाए थे. जवाब में भारतीय टीम ने आखिरी ओवर में मैच जीत लिया है. तिलक वर्मा भारत की जीत के असली हीरो रहे, जिन्होंने 69 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली. वहीं गेंदबाजी में कुलदीप यादव ने 4 विकेट झटके थे.
पाकिस्तान टीम पहले बैटिंग करने आई, तो साहिबजादा फरहान और फखर जमान ने 84 रनों की सलामी साझेदारी कर टीम को शानदार शुरुआत दिलाई थी. फरहान ने 57 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली. जैसे ही फरहान आउट हुए, वैसे ही अन्य पाक बल्लेबाज अपना विकेट गंवाते चले गए. आखिरी 62 रनों के भीतर पाकिस्तान ने अपने सारे 10 विकेट गंवाए.
*गिल-अभिषेक फ्लॉप, तिलक ने लूटी महफिल*

अभी तक पूरे टूर्नामेंट में तबाही मचाते आए अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल क्रमशः 5 रन और 12 रन बनाकर आउट हो गए. कप्तान सूर्यकुमार यादव भी अपनी खराब फॉर्म में कोई सुधार नहीं ला सके, जो सिर्फ 1 रन बनाकर आउट हो गए. कप्तान सूर्या ने इस पूरे टूर्नामेंट में केवल 72 रन बनाए हैं.
यहां तिलक वर्मा तारणहार बनकर उभरे, जिन्होंने नाबाद 65 रनों की पारी खेली. भारत की जीत की उम्मीदों को जिंदा उस 57 रन की पार्टनरशिप ने किया, जो तिलक वर्मा और संजू सैमसन के बीच हुई. ये साझेदारी ऐसे समय में आई, जब भारत ने 20 के स्कोर पर 3 विकेट गंवा दिए थे. सैमसन ने महत्वपूर्ण मौके पर 21 गेंद में 24 रन बनाए.
*9वीं बार चैंपियन बना भारत*

भारतीय टीम को 9वीं बार एशिया का चैंपियन बनाने में तिलक वर्मा का बहुत बड़ा योगदान रहा. तिलक तब बैटिंग करने आए थे जब भारत ने मात्र 10 के स्कोर पर दूसरा विकेट गंवा दिया था. एक परिपक्व बल्लेबाज की भांति तिलक वर्मा सब्र से खेले और 67 रन की मैच विनिंग पारी खेली. भारत ने सबसे ज्यादा बार एशिया कप का खिताब जीता है. इस मामले में उससे पीछे श्रीलंका है, जिसने 6 बार एशिया कप ट्रॉफी जीती है.
एशिया कप 2025 में पाकिस्तान, भारत के खिलाफ हार की हैट्रिक से भी शर्मसार हुआ है. ग्रुप स्टेज में भारत को 7 विकेट की जीत मिली थी, फिर 21 सितंबर का दिन आया जब सुपर-4 राउंड के मैच में भारत को 6 विकेट की जीत मिली. अब फाइनल में भी भारतीय टीम ने पाकिस्तान को रौंदते हुए जीत की हैट्रिक लगा दी है.

Sunday, September 28, 2025

September 28, 2025

अग्रोहा धाम अग्रोहा के प्रदेश प्रेस प्रवक्ता एवं प्रमुख समाजसेवी डॉ. राजकुमार गोयल ने कहा 07 अक्टूबर को अग्रोहा धाम में लगने वाला मेला एक धार्मिक आयोजन ही नहीं बल्कि समाज की एकता, सेवा और सांस्कृतिक धरोहर का महापर्व भी

अग्रोहा धाम अग्रोहा के प्रदेश प्रेस प्रवक्ता एवं प्रमुख समाजसेवी डॉ. राजकुमार गोयल ने कहा 07 अक्टूबर को अग्रोहा धाम में लगने वाला मेला एक धार्मिक आयोजन ही नहीं बल्कि समाज की एकता, सेवा और सांस्कृतिक धरोहर का महापर्व भी
जीन्द : आगामी 07 अक्टूबर को अग्रोहा धाम अग्रोहा में एक ऐतिहासिक, विशाल और भव्य राष्ट्रीय मेले का आयोजन किया जा रहा है। मेले में कश्मीर से कन्याकुमारी तक सभी जातियों और धर्मों के लाखो श्रद्धालु बढ चढ कर भाग लेंगे। यह वक्तव्य अग्रोहा धाम अग्रोहा के प्रदेश प्रेस प्रवक्ता एवं प्रमुख समाजसेवी डॉ. राजकुमार गोयल ने दिया। गोयल गांधी नगर में अग्र बंधुओं की एक बैठक को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर डा. सुशील मंगला, सावर गर्ग, रामधन जैन, पवन बंसल, सोनू जैन, मनीष गर्ग, रजत सिंगला, सुनील गोयल, सुशील सिंगला, राजेश गोयल, बजरंग सिंगला, सतीश गोयल, जयभगवान सिंगला, गोपाल जिंदल इत्यादि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
गोयल ने बताया कि इस राष्ट्रीय मेले में महा ब्रह्मर्षि श्री कुमार स्वामी जी, देश के जाने माने भजन गायक कन्हैया मितल, जी मीडिया ग्रुप के चेयरमैन सुभाष चंद्रा, कई राज्यों के कैबिनेट मंत्री, अग्रवाल समाज के कई राष्ट्रीय नेता प्रमुख तौर पर शिरकत करेंगे। यह राष्ट्रीय मेला अग्रोहा धाम के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बजरंग दास गर्ग की देख रेख में आयोजित किया जा रहा है। इस दिन 07 अक्टूबर को सुबह शक्ति सरोवर स्नान, भव्य कलश यात्रा, छप्पन भोग का कार्यक्रम रहेगा। इसी दिन दोपहर को विशाल भंडारे का आयोजन होगा। उसके बाद ध्वजारोहण के साथ विशाल सम्मेलन का आयोजन होगा। इस सम्मेलन में समाज के राष्ट्रीय प्रतिनिधि शामिल होंगे जो समाज हित और राष्ट्र हित को लेकर गहन मंथन करेंगे। मेले में समाज हित में कार्य करने वाली देश प्रदेश की विशिष्ठ प्रतिभाओं को सम्मानित भी किया जाऐगा।
गोयल ने कहा कि यह मेला एक धार्मिक आयोजन ही नहीं, बल्कि समाज की एकता, सेवा और सांस्कृतिक धरोहर का महापर्व भी है। यहाँ आने वाले श्रद्धालु महाराजा अग्रसेन जी के आदर्शों एकता, परोपकार और सहयोग को आत्मसात करते हैं। हर वर्ष लगने वाला यह मेला हमें युवा पीढ़ी को संस्कृति से परिचित कराने और समाज सेवा की प्रेरणा देने का अवसर देता है। यह केवल अग्रवाल समाज का ही नहीं बल्कि पूरे प्रदेश और देश की सांझी सांस्कृतिक धरोहर का प्रतीक भी है।

Saturday, September 27, 2025

September 27, 2025

*वुडस्टॉक स्कूल का गौरव: राधिका ने राष्ट्रीय आर्चरी प्रतियोगिता में जीता स्वर्ण पदक*

*वुडस्टॉक स्कूल का गौरव: राधिका ने राष्ट्रीय आर्चरी प्रतियोगिता में जीता स्वर्ण पदक*

✨“धनुष-बाण की कला में निखरी प्रतिभा, राधिका ने किया देश का नाम रोशन”✨
जींद : *वुडस्टॉक स्कूल* को अत्यंत गर्व है कि हमारी छात्रा *राधिका* कक्षा *11वीं* सुपुत्री परवेश ने *राष्ट्रीय सीबीएसई आर्चरी प्रतियोगिता* जो डी आर डी ए (संगरूर) में *स्वर्ण* पदक जीतकर स्कूल का नाम गौरवपूर्ण ढंग से रोशन किया है। इस शानदार सफलता के कारण उन्हें *अंतरराष्ट्रीय* खेलों में भाग लेने का अवसर भी प्राप्त हुआ है। स्कूल के
निदेशक डॉक्टर नरेंद्र नाथ शर्मा और उपनिदेशक  आशुतोष शर्मा ने कहा कि "हमें अत्यंत गर्व है कि हमारी छात्रा राधिका ने अपने कठिन परिश्रम, समर्पण और आत्मविश्वास के बल पर राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक जीतकर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे वुडस्टॉक स्कूल का नाम रोशन किया है। यह उपलब्धि हमारे सभी छात्रों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। हम राधिका को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता की हार्दिक शुभकामनाएँ देते हैं और विश्वास करते हैं कि वह देश का मान और बढ़ाएँगी।" और स्कूल प्राचार्या श्रीमती सुकीर्ति गौतम जी ने कहा कि "राधिका की यह सफलता उनकी मेहनत, अनुशासन और खेल के प्रति जुनून का प्रमाण है। आर्चरी जैसे चुनौतीपूर्ण खेल में स्वर्ण पदक जीतना आसान नहीं है, और राधिका ने इसे संभव कर दिखाया। हमें गर्व है कि वुडस्टॉक स्कूल के छात्र राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। हम उन्हें आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएँ देते हैं और पूरे स्कूल समुदाय को इस उपलब्धि पर गर्व है।"
*विशेष हाइलाइट*

* राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक विजेता
* अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में चयनित
* अनुशासन, मेहनत और खेल के प्रति समर्पण का प्रतीक
वुडस्टॉक स्कूल परिवार की ओर से हार्दिक बधाई और शुभकामनाएँ।
राधिका की यह उपलब्धि न केवल एक छात्रा की सफलता है, बल्कि पूरे स्कूल की प्रेरणा और गौरव का प्रतीक है। हमें विश्वास है कि वह आने वाले समय में और भी ऊँचाइयाँ छुएँगी और देश का नाम रोशन करेंगी।