Breaking

Monday, September 29, 2025

पार्किंग के बावजूद खुले में खड़े रहे ऑटो बन रहे परेशानी

पार्किंग के बावजूद खुले में खड़े रहे ऑटो बन रहे परेशानी
बस अड्डा गेट के पास बन रही जाम की स्थिति 
ऑटो व ई रिक्शा चालकों के लिए पार्किंग जगह हुई है अलॉट
जींद : बस अड्डा पार्किंग प्रवेश द्वार के पास जगह निर्धारित होने के बावजूद सभी ऑटो व ई रिक्शा चालक वहां खड़े नहीं होते। ज्यादातर ऑटो व ई रिक्शा वाले अभी भी बस स्टैंड के गेट के बाहर ही खड़े रहते हैं। इस कारण गेट के पास अभी भी जाम की स्थिति बनी रहती है। जबकि सितंबर माह की शुरूआत में ऑटो व ई रिक्शा चालकों के लिए पार्किंग जगह अलॉट हुई थी। पार्किंग गेट के प्रवेश द्वार के पास ऑटो स्टैंड के लिए जगह चुनी गई है। जहां 25 से 30 ऑटो खड़े करने की जगह है। जिस ठेकेदार को जगह मिली है, उसे 40 हजार रुपये प्रति महीना व 18 प्रतिशत जीएसटी किराया देना है। यह ठेका मार्च 2028 तक रहेगा। उम्मीद तो यही जताई जा रही थी कि ऑटो पार्किंग के लिए जगह अलॉट होने के बाद गेट के बाहर जाम की स्थिति से मुक्ति मिलेगी। 
गौरतलब है कि साल 2013 में पिडारा के पास नए बस अड्डे की घोषणा तत्कालीन कांग्रेस सरकार में हुई थी। 2015 में इस पर काम शुरू हुआ और 2020 में बनकर यह तैयार भी हो गया। मार्च 2022 में बस स्टैंड शुरू हुआ था। बस अड्डे के निर्माण पर 32 करोड़ रुपये खर्च हुए थे। यहां बसों को खड़ा करने के लिए सात एकड़़ जमीन खाली छोड़ी गई है और पांच एकड़ में वर्कशॉप बनी हुई है। हाईवे पर पुल से उतरते ही बस स्टैंड बना हुआ है। सफीदों रोड और गोहाना रोड पर बसों व अन्य वाहनों के आने-जाने के लिए सर्विस रोड बना हुआ है। बस स्टैंड के मुख्य गेट के सामने ही ऑटो व ई रिक्शा खड़ी रहती थीए जिससे बस स्टैंड के गेट पर भीड़ लगी रहती है।
जींद डिपो के महाप्रबंधक राहुल जैन ने बताया कि बस स्टैंड के गेट के बाहर ऑटो व ई रिक्शा चालकों को हटवाना प्रशासन का काम है। बस स्टैंड के गेट के बाहर जो बड़े-बड़े बैरिगेट रखे हैं, उसे हटवाने के लिए भी लिख चुके हैं। ऑटो चलाकों की पार्किंग प्रवेश द्वार के पास जगह निर्धारित कर रखी है।

No comments:

Post a Comment