Breaking

Thursday, October 9, 2025

October 09, 2025

10 अक्टूबर- विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस पर विशेष

10 अक्टूबर- विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस पर विशेष 

स्वस्थ तन में होता हैं स्वस्थ मन का निवास
लेखक- डॉ अशोक कुमार वर्मा
चंडीगढ़ : भारत के सर्वोच्च न्यायालय द्वारा 25 जुलाई 2025 को सुकदेब साहा बनाम आंध्र प्रदेश राज्य एवं अन्य, 2025 लाइवलॉ (SC) 740 में एक निर्णय में मानसिक स्वास्थ्य को संविधान के अनुच्छेद 21 के अंतर्गत जीवन के अधिकार का अभिन्न अंग घोषित किया है अर्थात मानसिक स्वास्थ्य देखभाल पाना एक संवैधानिक अधिकार है और राज्य का यह कर्तव्य है कि वह सभी के लिए मानसिक स्वास्थ्य सेवाएँ सुनिश्चित करे। भारत के संविधान का अनुच्छेद 21 किसी भी व्यक्ति को कानून द्वारा स्थापित प्रक्रिया के अलावा उसके जीवन या व्यक्तिगत स्वतंत्रता से वंचित नहीं करता है, जो मौलिक अधिकार के रूप में सभी नागरिकों और विदेशियों को समान रूप से उपलब्ध है। इस अधिकार के दायरे में स्वास्थ्य, चिकित्सा, आश्रय और स्वच्छ पर्यावरण का अधिकार शामिल है, और यह जीवन को गरिमापूर्ण तरीके से जीने की क्षमता की रक्षा करता है। 
यद्यपि भारत में 7 अप्रैल 2017 को मानसिक स्वास्थ्य देखभाल अधिनियम 2017 पारित किया गया था जो 29 मई 2018 को अस्तित्व में आया। इस अधिनियम ने आत्महत्या के प्रयास को प्रभावी रूप से अपराधमुक्त कर दिया। भारतीय दंड संहिता की धारा 309 के अंतर्गत आत्महत्या एक  दंडनीय अपराध था। इस अधिनियम में मानसिक बीमारी दौरान ऐसे व्यक्तियों के अधिकारों की रक्षा, संवर्धन और पूर्ति करने और उससे जुड़े या उसके आकस्मिक मामलों के लिए प्रावधान हैं। इस अधिनियम के अस्तित्व में आने के पश्चात पूर्व में लागू मानसिक स्वास्थ्य अधिनियम, 1987 को निरस्त कर दिया गया है जो 22 मई 1987 को पारित किया गया था।
आज भौतिकतावाद के युग में मानसिक समस्या दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। मनुष्य अपनी इच्छाओं की पूर्ति के लिए हर संभव प्रयास कर रहा है लेकिन कहीं न कहीं एक सीमा तक ही वह सफल हो पाता है और जहां उसे सफलता नहीं मिलती वहां से अवसाद आरम्भ होता है। अवसाद एक मनोदशा विकार है जिसमें निरंतर उदासी, निराशा, और किसी भी चीज़ में रुचि की कमी महसूस होती है, जिससे व्यक्ति की सामान्य दैनिक गतिविधियों को करने की क्षमता प्रभावित होती है। यह स्थिति हफ्ते या महीने भर तक रह सकती है और शारीरिक व भावनात्मक दोनों तरह की समस्याओं को जन्म दे सकती है। अवसाद के कारण व्यक्ति कुसंग का शिकार हो सकता है। आज के समय में व्यक्ति एकाकी होकर रह गया है। आज किसी के पास समय नहीं है। मोबाइल की लत ने इसे और अधिक भयंकर रूप दे दिया है। नशे की और आकर्षण भी इस अवसाद का ही कारण है। वास्तव में ये सब मानसिक रोग की श्रेणी में आते हैं। 
अवसाद के एक उदाहरण में कोटा में आत्महत्या करने वाली छात्रा कृति का स्वलिखित सुसाइड नोट भारत सरकार और मानव संसाधन मंत्रालय को इंगित करता है जिसमे वह कह रही है कि अगर वो चाहते हैं कि कोई बच्चा न मरे तो जितनी जल्दी हो सके इन कोचिंग संस्थानों को बंद करवा दें। ये कोचिंग छात्रों को खोखला कर देते हैं। पढ़ने का इतना दबाव होता है कि बच्चे बोझ तले दब जाते हैं। कृति ने लिखा है कि वो कोटा में कई छात्रों को डिप्रेशन और स्ट्रेस से बाहर निकालकर सुसाईड करने से रोकने में सफल हुई लेकिन खुद को नहीं रोक सकी। अपनी मां के लिए उसने लिखा कि आपने मेरे बचपन और बच्चा होने का फायदा उठाया और मुझे विज्ञान पसंद करने के लिए मजबूर करती रहीं लेकिन मैं आपको बता दूं कि मुझे आज भी अंग्रेजी साहित्य और इतिहास बहुत अच्छा लगता है क्योंकि ये मुझे मेरे अंधकार के वक्त में मुझे बाहर निकालते हैं। दूसरी और लोगों के पास बहुत धन और सुख सुविधाएं होने पर भी वे संतुष्ट नहीं हैं। यहां पर संत कबीरदास की पंक्तियां वर्णनीय है जिसमें उन्होंने लिखा है- गौ धन, गज धन, बाजि धन और रत्न धन खान। जब आवै संतोष धन, सब धन धूरि समान। संत कबीरदास जी इस दोहे के द्वारा यह सन्देश दे रहे हैं कि सच्चा धन भौतिक संपदा नहीं हैं बल्कि मानसिक तृप्ति और संतोष है। वे कहते हैं कि इच्छाएं कभी खत्म नहीं होती। श्री रामचरितमानस के पंचम सोपान श्री सुंदरकांड में वर्णन मिलता हैं जब हनुमान जी माँ सीता की खोज में समुन्द्र पार कर रहे थे तब सुरसा ने हनुमान जी का मार्ग रोक दिया और हनुमान जी को खाने के लिए आतुर हुई। हनुमान जी ने अपने शरीर का आकर बड़ा कर लिया। सुरसा ने अपने मुख का आकर और बढ़ा दिया। अंत में हनुमान जी ने अपना लघु रूप बना लिया और सुरसा के मुख में प्रवेश कर गए और बाहर निकल आए। इसी प्रकार माया रुपी संसार में तृष्णा का रूप सुरसा के समान हैं। मनुष्य अपनी तृष्णा को लघु करके इस माया रुपी भव सागर से पार जा सकता हैं अर्थात तृष्णा से मुक्ति के बिना संतोष नहीं मिल सकता। जो संतोष धारण कर लेता है, वही वास्तव में सुखी और धनवान है।   
यहां पर स्वास्थ्य ही धन है का वर्णन करना भी अत्यावश्यक हैं। यदि मनुष्य स्वस्थ होगा तो उसे संसार के सभी भौतिक सुख उसे अच्छे लगेंगे लेकिन यदि व्यक्ति अस्वस्थ होगा तो उसको प्रिय पकवान भी नहीं भाएंगे अर्थात अच्छे नहीं लगेंगे। दूसरी और यही बात मानसिक स्वास्थ्य पर भी लागू होती हैं क्योंकि स्वस्थ शरीर में स्वस्थ मस्तिष्क का निवास होता हैं। सभी धर्म इसीलिए मनुष्य को स्वार्थ के स्थान पर परमार्थ का मार्ग अपनाने के लिए प्रेरित करते हैं ताकि मनुष्य का मानसिक विकास हो और मानसिक स्वास्थ्य की वृद्धि हो। 
अंत में किसी पंजाबी कवि ने लिखा हैं- बन्दे दी आसां कदे हुन्दियां न पूरियां। तड़पदा बहुतेरा फिर भी रहन्दियाँ अधूरियाँ। इसका अभिप्राय यह हैं कि मनुष्य की एक इच्छा पूरी होती हैं तो दूसरी तैयार हो जाती है यह प्रक्रिया निरंतर चलती रहती हैं।

Wednesday, October 8, 2025

October 08, 2025

यूएमसी केसों की सुनवाई 13 अक्टूबर को

यूएमसी केसों की सुनवाई 13 अक्टूबर को
चंडीगढ़ --महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय रोहतक की मई 2025 में आयोजित बीएड दूसरे वर्ष, बीटेक दूसरे, चौथे, छठे व सातवें सेमेस्टर, बी.कॉम, एमए,बीए-एलएलबी की परीक्षाओं के यूएमसी केसों की सुनवाई 13 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे परीक्षा नियंत्रक कार्यालय में आयोजित की जाएगी।

विश्वविद्यालय के प्रवक्ता ने बताया कि संबंधित अभ्यर्थी अपना रोल नंबर विश्वविद्यालय वेबसाइट से प्राप्त कर सकते हैं।
October 08, 2025

उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम के रोहतक ज़ोन के उपभोक्ता शिकायत निवारण मंच की कार्रवाई 9 अक्तूबर को

उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम के रोहतक ज़ोन के उपभोक्ता शिकायत निवारण मंच की कार्रवाई 9 अक्तूबर को

मंच 1 लाख रुपये से 3 लाख रुपये तक की राशि के वित्तीय विवादों से संबंधित शिकायतों की करेगा सुनवाई
चंडीगढ़ - उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम के रोहतक ज़ोन के अंतर्गत आने वाले जिलों (करनाल, पानीपत, सोनीपत, झज्जर और रोहतक) के उपभोक्ताओं की शिकायतों का निवारण वीरवार 9 अक्टूबर को रोहतक स्थित विद्युत भवन में प्रातः 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक किया जाएगा।
उक्त जानकारी देते हुए बिजली निगम के प्रवक्ता ने बताया कि उपभोक्ता शिकायत निवारण मंच रेगुलेशन 2.8.2 के अनुसार में 1 लाख रुपये से अधिक और 3 लाख रुपये तक की राशि के वित्तीय विवादों से संबंधित शिकायतों की सुनवाई करेगा। 
उन्होंने बताया कि रोहतक जोन के अंतर्गत आने वाले जिलों के उपभोक्ताओं के गलत बिलों, बिजली की दरों से सम्बंधित मामलों, मीटर सिक्योरिटी से जुड़े मामलों, ख़राब हुए मीटरों से सम्बंधित मामलों, वोल्टेज से जुड़े हुए मामलों का भी निस्तारण किया जाएगा।
उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम उपभोक्ताओं से अपील करता है कि वे 9 अक्तूबर को होने वाली कार्यवाही में सम्मिलित होकर अपनी बिजली से संबंधित समस्याओं के समाधान और कार्यवाही करवाएं।

उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम प्रदेश के सभी उपभोक्ताओं को निरंतर एवं निर्बाध बिजली आपूर्ति मुहैया करवाने के लिए वचनबद्ध है।
October 08, 2025

जाखौली गांव में बनाई जाएगी ई-लाइब्रेरी, महिला सांस्कृतिक केंद्र व इंडोर जिम: मंत्री कृष्ण लाल पंवार

जाखौली गांव में बनाई जाएगी ई-लाइब्रेरी, महिला सांस्कृतिक केंद्र व इंडोर जिम: मंत्री कृष्ण लाल पंवार

ग्रामीणों को दिया आश्वासन जल्द दूर होगी जाखौली गांव में पानी निकासी की समस्या
चंडीगढ़-- हरियाणा के पंचायत एवं विकास, खनन एवं भू-विज्ञान मंत्री श्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि जाखौली गांव में विद्यार्थियों के लिए ई-लाइब्रेरी, महिलाओं के लिए सामुदायिक सांस्कृतिक केंद्र तथा आमजन के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए इंडोर जिम खोली जाएगी। इसको लेकर ग्राम पंचायत जमीन व भवन उपलब्ध करवाए, ताकि जल्द से जल्द कार्य शुरू करवाया जा सके।
मंत्री आज कैथल के जाखौली गांव में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान लोगों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 6225 ग्राम पंचायतें हैं। सरकार का उद्देश्य है कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएं। जाखौली गांव में पानी की निकासी की समस्या है, इसको लेकर पंचायत विभाग प्लान तैयार करे। गांव में या तो एसटीपी प्लांट या फाइव पोंड सिस्टम बनाया जाएगा। विभाग इसकी फिजीबिलिटी चेक करे, जो भी संभव हो, उसे करवाया जाए।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश में विकास के नए-नए आयाम स्थापित किए जा रहे हैं। किसानों की बात करें तो सरकार 24 फसलों को एमएसपी यानि न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीद कर रही है। किसान खेत से अनाज मंडी तक अपने अनाज को अच्छी तरह से लेकर आ जा सके, इसको लेकर भी पंचायत विभाग द्वारा तीन व चार करम के रास्तों को पक्का किया जा रहा है। जगमग योजना के तहत गांवों में 24 घंटे बिजली उपलब्ध करवाई जा रही है। पांच किलोमीटर तक परिधि में बसे डेरों में भी गांव की तर्ज पर 24 घंटे बिजली उपलब्ध करवाई जा रही है।

उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के भविष्य बनाने के लिए सभी गांवों में ई-लाइब्रेरी खोली जा रही हैं। इसी प्रकार महिलाओं के लिए महिला सांस्कृतिक केंद्र खोले जा रहे हैं। लोगों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए गांव में इंडोर जिम खोले जा रहे हैं। गांवों में तालाबों व श्मशान घाटों का सौंदर्यीकरण किया जा रहा है। पहले फेज में 22 तालाबों को लिया गया है। इसके अलावा गांव की फिरनियों पर लाइट लगवाई जा रही हैं, अब तक करीब 904 गांव की फिरनियों पर लाइट लगाई जा चुकी हैं। 

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में केंद्र व प्रदेश सरकार की नीतियों से प्रत्येक वर्ग खुश नजर आ रहा है। 

इस अवसर पर पूर्व मंत्री कमलेश ढांडा, जिला परिषद के सीईओ सुरेश राविश, डीडीपीओ रितु लाठर, कार्यक्रम के आयोजक रणधीर सिंह व अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
October 08, 2025

’केन्द्रीय मंत्री श्री नितिन गडक़री ने गांव पांची गुजरान स्थित डीआईसीटी में किया इलेक्ट्रिक ट्रक बैटरी स्वैपिंग एवं चार्जिंग स्टेशन का उद्घाटन’

’केन्द्रीय मंत्री श्री नितिन गडक़री ने गांव पांची गुजरान स्थित डीआईसीटी में किया इलेक्ट्रिक ट्रक बैटरी स्वैपिंग एवं चार्जिंग स्टेशन का उद्घाटन’

’दिसंबर 2026 तक देश की लॉजिस्टिक कास्ट को सिंगल डिजिट में लाने का लक्ष्य- केंद्रीय मंत्री श्री नितिन गडकरी’

’वैकल्पिक ऊर्जा और ग्रामीण औद्योगिकीकरण से किसानों की आय होगी दोगुनी’
चण्डीगढ़ - केन्द्रीय सड़क परिवहन व राजमार्ग मंत्री श्री नितिन गडक़री ने आज जिला सोनीपत के गांव पांची गुजरान स्थित दिल्ली इंटरनेशनल कार्गाे टर्मिनल प्राइवेट लिमिटेड (डीआईसीटी) में पहुचंकर एनर्जी इन मोशन कंपनी द्वारा बनाए गए भारत के पहले वाणिज्यिक इलेक्ट्रिक ट्रक बैटरी स्वैपिंग एवं चार्जिंग स्टेशन का उद्घाटन किया। इस दौरान उनके साथ केन्द्रीय भारी उद्योग एवं इस्पात मंत्री श्री एचडी कुमारस्वामी भी मौजूद रहे।
इस दौरान केन्द्रीय मंत्री ने एनर्जी इन मोशन कंपनी द्वारा की गई इस पहल को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि भारत के लगभग 25 लाख करोड़ रूपये बाहरी देशों से इंधन खरीदने में खर्च हो जाते है। अगर हम वैकल्पिक ऊर्जा से इस रूपये की बचत करेंगे तो यह रूपया भारत के विकास में खर्च होगा और हम विकसित भारत के सपने को पूरा करने की दिशा में और अधिक तेजी से आगे बढ़ेंगे।
उन्होंने कहा कि देश की लॉजिस्टिक कास्ट को कम करने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सरकार का लक्ष्य दिसंबर 2026 तक इसे सिंगल डिजिट (9 प्रतिशत से कम) तक लाना है। इसके लिए हाईवे नेटवर्क को सुदृढ़ किया जा रहा है, जलमार्गों, रेल और सडक़ परिवहन के समन्वय से मल्टीमॉडल इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लॉजिस्टिक कास्ट कम होने से न केवल व्यापारियों और उद्योगपतियों को लाभ मिलेगा, बल्कि किसानों को भी उनके उत्पादों के परिवहन में कम लागत का फायदा मिलेगा।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का विजन है कि भारत को अगले कुछ वर्षों में ग्रीन एनर्जी हब के रूप में स्थापित किया जाए। इसी कड़ी में कृषि आधारित ऊर्जा उत्पादन पर विशेष जोर दिया जा रहा है। हाल ही में सरकार ने मक्का से एथोनॉल बनाने की अनुमति प्रदान की थी, जिसका परिणाम ये रहा कि बाजार में मक्का की डिमांड बढ़ गई और आज मक्के के दाम जहां पहले 1200 रूपये प्रति क्विंटल थे वे बढक़र 2800 रूपये प्रति क्विंटल पहुंच गए।
’किसानों और गांवों की समृद्धि से ही भारत बनेगा आत्मनिर्भर’

 श्री गडक़री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार का लक्ष्य किसानों को अन्नदाता के साथ-साथ ऊर्जादाता बनाना है। उन्होंने कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था की असली शक्ति गांव और किसान में निहित है। अगर गांव समृद्ध होगा तो भारत अपने आप आत्मनिर्भर बन जाएगा।
उन्होंने कहा कि सरकार किसानों की आमदनी बढ़ाने के लिए कृषि आधारित उद्योगों, जैव ईंधन उत्पादन और वैकल्पिक ऊर्जा क्षेत्रों को नई दिशा दे रही है। उन्होंने बताया कि देशभर में एथेनॉल, बायो-सीएनजी, बायो-एलएनजी और ग्रीन हाइड्रोजन जैसे प्रोजेक्ट्स पर तेजी से कार्य चल रहा है, जिससे किसानों को ऊर्जा उत्पादन का प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। 
उन्होंने कहा कि गन्ना, धान पराली और अन्य फसल अवशेषों से बायो-फ्यूल तैयार करने की योजना लागू की जा रही है। इससे न केवल किसानों की आय बढ़ेगी, बल्कि पराली जलाने जैसी समस्याओं का भी समाधान होगा।
कार्यक्रम में केन्द्रीय भारी उद्योग एवं इस्पात मंत्री श्री एचडी कुमारस्वामी ने कहा कि वर्ष 2047 तक देश को विकसित बनाने के संकल्प के साथ तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। देश में आज के समय भी रेल के साथ-साथ भारी समान को एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने के लिए भारी वाहनों की भागीदारी सबसे ज्यादा है। इसलिए अगर नई तकनीकों की मदद से ऐसे भारी वाहनों का निर्माण करें जो डीजल से नहीं बायो फ्यूल से चलते तो इससे लॉजिस्टिक कास्ट में तो कमी आएगी ही बल्कि प्रदूषण से भी मुक्ति मिलेगी। उन्होंने का कहा कि दुनिया का भविष्य डीजल-पेट्रोल की बजाय बायोफ्यूल ईंधन का है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार ने प्रधानमंत्री इलेक्ट्रिक ड्राइव क्रांति इन इनोवेटिव व्हीकल एन्हांसमेंट (पीएम ई-ड्राइव) योजना को लागू किया, जिसका उद्देश्य विभिन्न श्रेणियों में इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) को अपनाने में तेजी लाना, मजबूत ईवी चार्जिंग बुनियादी ढांचे का निर्माण करना और आत्मनिर्भर भारत के दृष्टिकोण के अनुरूप एक मजबूत घरेलू ईवी विनिर्माण पारिस्थितिकी तंत्र विकसित करना है।
October 08, 2025

स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने सुनीं जनसमस्याएं

स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने सुनीं जनसमस्याएं

लोगों की समस्याओं को लेकर अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश
चंडीगढ़-- हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव के चंडीगढ़ स्थित आवास पर आज बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और अपनी-अपनी समस्याएं व शिकायतें उनके समक्ष रखीं। उन्होंने हर व्यक्ति की बात गंभीरता से सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

जनसुनवाई में प्रदेशभर से आए लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं, सरकारी योजनाओं के लाभ, बिजली-पानी की व्यवस्था, शिक्षा, रोजगार और स्थानीय विकास कार्यों से संबंधित अपनी शिकायतें रखीं। स्वास्थ्य मंत्री ने धैर्यपूर्वक सभी की समस्याएं सुनीं और आश्वासन दिया कि उनका समाधान शीघ्र किया जाएगा।
इस मौके पर आरती सिंह राव ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि बिना किसी भेदभाव के हर नागरिक तक योजनाओं और सुविधाओं का लाभ पहुँचे। उन्होंने कहा कि गरीब, किसान, मजदूर और जरूरतमंद परिवारों को सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी और सरल ढंग से मिलना चाहिए।

स्वास्थ्य मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनता से जुड़े कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में तेजी लाई जाए और जवाबदेही सुनिश्चित की जाए। साथ ही चेतावनी दी कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने कहा कि इस प्रकार की जनसुनवाई सरकार और जनता के बीच संवाद को मजबूत करती है तथा आम लोगों की वास्तविक समस्याओं की पहचान कर उन्हें हल करने का अवसर देती है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार निरंतर जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास करती रहेगी।
October 08, 2025

जापान की डाइकिन कंपनी करेगी हरियाणा में 1000 करोड़ का निवेश, स्थापित होगा नया आरएंडडी सेंटर

जापान की डाइकिन कंपनी करेगी हरियाणा में 1000 करोड़ का निवेशस्थापित होगा नया आरएंडडी सेंटर

हरियाणा बनेगा नवाचार और प्रौद्योगिकी का नया केंद्रयुवाओं को मिलेंगे रोजगार के अवसर

ओसाका में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की उपस्थिति में हरियाणा सरकार और डाइकिन के बीच हुआ एमओयू

चंडीगढ़ : हरियाणा सरकार और जापान की प्रसिद्ध कंपनी डाइकिन इंडस्ट्रीज लिमिटेड के बीच बुधवार को ओसाका में एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इस एमओयू के तहत डाइकिन कंपनी हरियाणा में 1000 करोड़ रुपये के निवेश से एक नया रिसर्च एंड डेवलपमेंट (आरएंडडी) सेंटर स्थापित करेगी। युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे।हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में विदेशी निवेश को आकर्षित करने और हरियाणा में वैश्विक औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल जापान दौरे पर है। इस दौरान आज मुख्यमंत्री की उपस्थिति में ओसाका स्थित डाइकिन इंडस्ट्रीज लिमिटेड के आरएंडडी सेंटर में एमओयू किया गया। एमओयू पर हरियाणा की ओर से उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के आयुक्त एवं सचिव डॉ अमित अग्रवाल और डाइकिन इंडस्ट्रीज लिमिटेड की ओर से श्री शोगो एंडो उप प्रबंध निदेशक ने हस्ताक्षर किए।प्रतिनिधिमंडल में हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंहमुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव श्री राजेश खुल्लरमुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री अरुण कुमार गुप्ताएचएसआईआईडीसी के प्रबंध निदेशक डॉ. यश गर्ग और अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं।एमओयू के अंतर्गत डाइकिन कंपनी हरियाणा में नवाचार एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में एक नया रिसर्च एंड डेवलपमेंट (आरएंडडी) सेंटर स्थापित करेगी। यह नया केंद्र अत्याधुनिक तकनीकों के विकास और सतत औद्योगिक समाधानों पर केंद्रित होगा। इसके माध्यम से हरियाणा को वैश्विक स्तर पर अनुसंधान एवं नवाचार का एक प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार राज्य में नवाचारअनुसंधान और उन्नत विनिर्माण को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। डाइकिन का यह निवेश न केवल रोजगार सृजन करेगा बल्कि हरियाणा को वैश्विक प्रौद्योगिकी नेटवर्क से जोड़ने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

इस साझेदारी से न केवल राज्य की औद्योगिक क्षमता को मजबूती मिलेगीबल्कि हरियाणा को एक ग्लोबल इनोवेशन डेस्टिनेशन” के रूप में स्थापित करने में भी मदद मिलेगी।

डाइकिन के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि हरियाणा में स्थापित होने वाला यह आरएंडडी सेंटर कंपनी का एक प्रमुख अनुसंधान केंद्र होगा। इससे हरियाणा और जापान के बीच द्विपक्षीय संबंधों और व्यापारिक गतिविधियों को और मजबूती मिलेगी।


October 08, 2025

वाल्मिकी जयंती पर परिषद सदस्यों की शोभा यात्रा में सहभागिता

अखिल भारतीय साहित्य परिषद __जींद इकाई 
वाल्मिकी जयंती पर परिषद सदस्यों की शोभा यात्रा में सहभागिता 
जींद : अखिल भारतीय साहित्य परिषद के सभी पदाधिकारी और सदस्यगण महर्षि गुरूदेव वाल्मीकि जी की पावन जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित भव्य यात्रा में सहभागी हुए सदस्यों ने वाल्मीकि मन्दिर आरा रोड पर पहुंचकर आराध्य वाल्मीकि के चरणों में श्रद्धा सुमन अर्पित किए। उनके आदर्शों मानवतावादी दर्शन और ज्ञान साधना के प्रति अपनी निष्ठा व्यक्त की।
इस अवसर पर सुभाष चौहान ने सभी इकाई सदस्यों का स्वागत किया और कहा कि महान साहित्यकार की जयंती पर इकाई के साहित्यकार पूर्ण निष्ठा भाव से उपस्थित हुए हैं यह हर्ष का विषय है। इकाई महामंत्री डॉ कयूटी ने इस पावन पर्व पर आदि कवि वाल्मीकि जी को नमन करना अपना नैतिक दायित्व माना और कहा कि हम इसे श्रद्धापूर्वक निभाकर स्वयं को कृतार्थ महसूस कर रहे हैं।
अध्यक्षा मंजु मानव ने कहा कि गुरुदेव वाल्मीकि न केवल प्रथम कवि हैं बल्कि रामायण जैसे महाकाव्य के माध्यम से भारतीय संस्कृति, मर्यादा और मानवता के आदर्शों को भी अमर किया। उनका जीवन हमें सतत् साधना, कर्म साधना ओर सृजन की प्रेरणा देता है। कोषाध्यक्ष हिमानी गुप्ता ने शोभायात्रा को संस्कार और श्रद्धा का जीवंत संगम बताया। प्रवेश और दिव्या ने भी अपने भाव प्रकट किए।
शोभायात्रा में अंकिता, शीला, प्रिया, पवन और अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
October 08, 2025

पेड़ लगाओ पर्यावरण बचाओ अभियान लगातार समाज का बन रहा हिस्सा --आशुतोष शर्मा

पेड़ लगाओ पर्यावरण बचाओ अभियान लगातार समाज का बन रहा हिस्सा --आशुतोष शर्मा 
जींद : पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “पेड़ लगाओ, पर्यावरण बचाओ, जीवन बचाओ” अभियान के तहत आज एडवोकेट नेहा धवन, प्रदेश प्रवक्ता भारतीय जनता पार्टी हरियाणा एवं राष्ट्रीय सलाहकार सदस्य, कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय, भारत सरकार को पौधा भेंट कर अभियान को आगे बढ़ाने का कार्य किया गया।
इस अवसर पर एडवोकेट नेहा धवन जी ने कहा कि आशुतोष शर्मा द्वारा चलाया जा रहा यह अभियान न केवल पर्यावरण संरक्षण के लिए, बल्कि समाज की जागरूकता के लिए भी एक सराहनीय पहल है।
उन्होंने कहा कि — “पेड़ लगाओ, पर्यावरण बचाओ, जीवन बचाओ” जैसा अभियान आज के समय की सबसे बड़ी जरूरत है। आशुतोष शर्मा जी पर्यावरण और समाज, दोनों के हित में अत्यंत प्रशंसनीय कार्य कर रहे हैं।
अभियान से जुड़े सदस्यों ने बताया कि यह पौधारोपण एवं पौधा वितरण अभियान समाज के सहयोग से निरंतर जारी रहेगा, ताकि हरियाणा को हरियाली और स्वच्छता की दिशा में और आगे बढ़ाया जा सके।
October 08, 2025

जुबीन गर्ग डेथ केस में DSP गिरफ्तार, जानें बड़ा खुलासा

जुबीन गर्ग डेथ केस में DSP गिरफ्तार, जानें बड़ा खुलासा
दिल्ली : सिंगर जुबीन गर्ग डेथ केस में बुधवार को असम पुलिस ने DSP संदीपन गर्ग को गिरफ्तार किया। संदीपन गर्ग जुबीन गर्ग के चचेरे भाई हैं और हादसे के समय सिंगापुर में सिंगर के साथ मौजूद थे। गिरफ्तारी की वजह स्पष्ट नहीं की गई है, लेकिन अधिकारियों ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से संदीपन से जुबीन की मौत के सिलसिले में पूछताछ की जा रही थी।
इस मामले में यह पांचवीं गिरफ्तारी है। इससे पहले नॉर्थ ईस्ट इंडिया फेस्टिवल के मुख्य आयोजक श्यामकानु महंत, सिंगर के मैनेजर सिद्धार्थ शर्मा और उनके दो बैंड सदस्य शेखर ज्योति गोस्वामी और अमृत प्रभा महंत को गिरफ्तार किया गया था।
जुबीन गर्ग का निधन 19 सितंबर, 2025 को सिंगापुर में हुआ, जब वह 20 सितंबर को होने वाले नॉर्थ ईस्ट इंडिया फेस्टिवल में भाग लेने गए थे। रिपोर्ट्स के अनुसार, उनकी मौत स्कूबा डाइविंग के दौरान हुई हादसे में बताई गई थी।

हालांकि, 4 अक्टूबर को गिरफ्तार बैंडमेट शेखर ज्योति गोस्वामी ने दावा किया कि सिंगर के मैनेजर सिद्धार्थ शर्मा और इवेंट ऑर्गनाइजर श्यामकानु महंत ने जुबीन को जहर दिया था। गोस्वामी ने कहा कि दोनों ने हत्या को हादसा दिखाने की साजिश रची।
गोस्वामी ने अपने दावे में बताया कि 19 सितंबर को सभी समुद्र में एक याट पर गए थे। शर्मा के नियंत्रण में याट समुद्र में खतरनाक तरीके से हिल रही थी और सभी की जान जोखिम में थी। उन्होंने यह भी कहा कि शर्मा ने जुबीन को सांस लेने में दिक्कत होने पर 'जाबो दे, जाबो दे' कहा।

गोस्वामी ने दावा किया कि जुबीन ट्रेंड स्विमर थे, इसलिए यह डूबने से मौत नहीं हो सकती। उन्होंने कहा कि शर्मा और महंत ने सिंगर को जहर दिया और साजिश छुपाने के लिए सिंगापुर को चुना। शर्मा ने गोस्वामी को याट के वीडियो किसी के साथ शेयर न करने के लिए कहा।
यह मामला अब सिंगर की मौत की गहराई से जांच और आपराधिक साजिश की पड़ताल में बदल गया है।
October 08, 2025

युवती को चंडीगढ़ ले जा किया सामूहिक दुष्कर्म, तीन नामजद

युवती को चंडीगढ़ ले जा किया सामूहिक दुष्कर्म, तीन नामजद
घुमाने की बात कह कर घर से अपने अपने साथ ले गए थे आरोपित
होटल में ले जा कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ पिलाने तथा धमकी देने का आरोप  
जींद : सदर थाना सफीदों इलाके गांव की युवती को घुमाने के बहाने चंडीगढ़ ले जा, नशीला पदार्थ देकर सामूहिक दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीडि़ता के पिता की शिकायत पर पंजाब के तीन युवकों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म करने, नशीला पदार्थ देने, छह पाक्सो एक्ट समेत विभिन्न भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया है। 
सदर थाना इलाका गांव के एक व्यक्ति ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि गांव मरोडी जिला पटियाला पंजाब निवासी गोबिंद, सिंधा तथा काला उसकी रिश्तेदारी में है। गत 25 सितंबर को तीनों आरोपित उसके घर आए और उसकी बेटी को चंडीगढ़ घुमाने की बात कह कर अपने साथ ले गए। रिश्तेदारी होने के कारण उसने विश्वास कर अपनी बेटी को आरोपितो के साथ भेज दिया। आरोपित उसकी बेटी को चंडीगढ़ के होटल में ले गए। जहां पर आरोपितों ने उसकी बेटी को कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ देकर सामूहिक दुष्कर्म किया। घटना के बारे में किसी को बताने पर आरोपितों ने उसकी बेटी को बुरा अंजाम भुगतने की धमकी दी। बेटी के घर लौटने के बाद वह गुमसुम रहने लगी। अब उन्होंने बेटी से दबाव देकर पूछताछ की तो उसने तीनों की करतूत के बारे में बताया। सदर थाना सफीदों पुलिस ने शिकायत के आधार पर तीनों आरोपितों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म करने, नशीला पदार्थ देने, छह पाक्सो एक्ट समेत विभिन्न भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
October 08, 2025

नदी में नहा रही थी महिला, अचानक आया मगरमच्छ, फिर जो हुआ, देखर चीख पड़ेंगे आप-VIDEO

नदी में नहा रही थी महिला, अचानक आया मगरमच्छ, फिर जो हुआ, देखर चीख पड़ेंगे आप-VIDEO
ओडिसा : ओडिशा के जाजपुर जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। जिले के बिंझरपुर थाना क्षेत्र के कांतिया गांव में एक 57 वर्षीय महिला को नदी में नहाते समय मगरमच्छ ने अपनी पकड़ में ले लिया। यह हादसा सोमवार दोपहर को हुआ और तब से महिला का कोई पता नहीं चल पाया है। इस पूरी घटना का एक वीडियो बी सोशल मीडिया पर बड़ी तेजी से वायरल हो रहा है। जिसे देख कर आपकी चीखें निकल जाएंगी।
*नदी में नहाते समय हुआ हादसा*

जानकारी के अनुसार, महिला का नाम सौदामिनी महाला है। सोमवार को दोपहर करीब चार बजे वह खरस्रोता नदी में नहा रही थीं। तभी अचानक एक मगरमच्छ ने उन पर हमला कर दिया और उन्हें नदी की गहराई की ओर खींच लिया।
*ग्रामीणों ने बचाने की भरपूर कोशिश की*

घटना के समय कई ग्रामीण नदी के किनारे मौजूद थे। जैसे ही उन्होंने देखा कि एक मगरमच्छ महिला को खींच रहा है, वे तुरंत उसकी मदद को दौड़े। लोगों ने शोर मचाया और मगरमच्छ को भगाने की कोशिश भी की, लेकिन तब तक वह सौदामिनी को पानी के भीतर ले जा चुका था। तमाम कोशिशों के बावजूद ग्रामीण महिला को नहीं बचा पाए।
*वीडियो वायरल होने के बाद मचा हड़कंप*

इस दर्दनाक घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि किस तरह मगरमच्छ महिला को तेजी से पानी में खींचता है। इस वीडियो को देखकर लोग सदमे में हैं और स्थानीय प्रशासन से नदी क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ाने की मांग कर रहे हैं।
*पुलिस और फायर ब्रिगेड ने शुरू किया सर्च ऑपरेशन*

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दोनों टीमों ने मिलकर नदी में महिला की तलाश शुरू की, लेकिन अब तक कोई सुराग हाथ नहीं लगा है। अधिकारियों ने बताया कि खोज अभियान अभी भी जारी है और जल्द ही कुछ जानकारी मिलने की उम्मीद है।
*प्रत्यक्षदर्शी ने सुनाया घटनास्थल का हाल*

घटना के गवाह नबा किशोर महाला ने बताया कि जब उन्होंने देखा कि मगरमच्छ महिला को खींच रहा है, तो वे उसे बचाने के लिए पानी में कूद पड़े। उन्होंने कहा, "हमने पूरी कोशिश की, मगर वह पल दो पल में महिला को लेकर गायब हो गया।" सबकुछ इतनी तेजी से हुआ कि किसी को संभलने का मौका ही नहीं मिला।
*स्थानीय लोगों में डर का माहौल*

इस घटना के बाद पूरे इलाके में डर और बेचैनी का माहौल है। लोग डरे हुए हैं और नदी के पास जाने से कतरा रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से गुहार लगाई है कि नदी में मगरमच्छों की संख्या पर नियंत्रण किया जाए और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं।