Breaking

Sunday, November 23, 2025

November 23, 2025

अर्धशताब्दी सेवा यात्रा : गोपाल विद्या मंदिर की स्वर्ण गाथाएं

अर्धशताब्दी सेवा यात्रा : गोपाल विद्या मंदिर की स्वर्ण गाथाएं

स्वर्ण जयंती वार्षिकोत्सव में छात्रों ने बिखेरे संस्कृति और सृजन के रंग
जींद : गोपाल विद्या मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, जींद ने अपने गौरवशाली स्वर्ण जयंती वर्ष 2025 के उपलक्ष्य में वार्षिकोत्सव का भव्य आयोजन किया। विद्यालय प्रांगण इस अवसर पर राष्ट्रीय रंगों, सांस्कृतिक उत्साह और बाल-सृजनशीलता से सराबोर रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन और भारत माता वंदना के साथ हुआ।मुख्य अतिथि पद पर हिंदू शिक्षा समिति, हरियाणा के महामंत्री श्री संपूर्ण सिंह जी उपस्थित रहे। उन्होंने अपने प्रेरणादायी संबोधन में कहा कि विद्या भारती का ध्येय केवल पुस्तकीय ज्ञान देना नहीं, बल्कि ऐसी शिक्षा प्रदान करना है जो विद्यार्थियों को जीवन के हर क्षेत्र में संस्कारित, सक्षम और समाजोपयोगी बनाए। उन्होंने कहा, “शिक्षा तभी सार्थक है जब विद्यार्थी राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में अपना योगदान दें और जीवन में मातृभूमि तथा संस्कृति के प्रति प्रेम बनाए रखें।”विशिष्ट अतिथि के रूप में मंच पर विराजमान श्री देवेंद्र अत्री ने विद्यालय की पचास वर्षीय गौरवपूर्ण यात्रा की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल डिग्री प्राप्ति का माध्यम नहीं, बल्कि समाज के प्रति संवेदनशील और समर्पित नागरिक तैयार करने की प्रक्रिया है। विद्यालय ने पांच दशकों में शिक्षा, संस्कार और सामाजिक उत्तरदायित्व के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है।कार्यक्रम की अध्यक्षता अखिल भारतीय घीसा संत महामंडल के अध्यक्ष, परम श्रद्धेय स्वामी राघवानंद जी महाराज ने की। स्वामी जी ने अपने मंगल आशीर्वचनों में कहा कि सच्ची शिक्षा वही है जिसमें बौद्धिक, नैतिक और आध्यात्मिक विकास समाहित हो। उन्होंने कहा, “जीवन जीने की कला और समाज सेवा की भावना विद्या के मंदिरों से ही उत्पन्न होती है।”नगर परिषद जींद की चेयरपर्सन श्रीमती अनुराधा सैनी जी सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति ने आयोजन की गरिमा बढ़ाई। सभी ने विद्यालय के सांस्कृतिक, सामाजिक और नैतिक योगदान की सराहना की।प्रमुख आकर्षणकार्यक्रम में विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति गीत, योगाभ्यास, लोकनृत्य, नाट्य प्रस्तुति और भारतीय संस्कृति पर आधारित रचनाएँ विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। हर प्रस्तुति ने दर्शकों के भीतर गौरव, संवेदना और उत्साह की भावना जगाई।विद्यालय परिसर में स्थापित थीम आधारित “गाँव की बात – हरियाणा की सौगात” सेल्फी प्वाइंट पूरे आयोजन की प्रमुख झलक रहा। इस कला-स्थल पर हरियाणवी ग्रामीण जीवन की झलक झोपड़ी, मिट्टी के बर्तनों, पारंपरिक वेशभूषा और रंगोली के माध्यम से साकार की गई। विद्यालय के कला अध्यापक श्री दीपक जी द्वारा तैयार की गई इस हस्तनिर्मित झांकी ने दो दिनों में दो हजार से अधिक आगंतुकों को आकर्षित किया। इस विशेष अवसर पर केशव किरण पत्रिका जो कि स्वर्ण जयंती वार्षिकोत्सव पर आधारित है की टाइटल पेज का अनावरण भी किया गया। विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष श्री जगन्नाथ शर्मा और प्राचार्य श्री अजय कुमार जी ने सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल विद्यालय के लिए नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणा और सांस्कृतिक चेतना का प्रतीक बना है।समापन और संदेशसमारोह का समापन राष्ट्रगान और प्रसाद वितरण के साथ हुआ। स्वामी राघवानंद जी ने अंत में कहा कि “भौतिक उन्नति और डिग्रियों से परे, शिक्षा का सच्चा उद्देश्य प्रेम, सेवा, अनुशासन और संस्कृति के प्रति निष्ठा विकसित करना है।”पचास वर्षों की यह अर्धशताब्दी सेवा यात्रा गोपाल विद्या मंदिर की शिक्षा, संस्कार और समाज-सेवा की समर्पित परंपरा को उजागर करती है। इस आयोजन ने पूरे क्षेत्र में शिक्षा और संस्कृति के प्रति नई प्रेरणा और सकारात्मकता का संदेश प्रसारित किया।

Saturday, November 22, 2025

November 22, 2025

गोपाल विद्या मंदिर : संस्कारों की आधारशिला — राजन चिलाना

गोपाल विद्या मंदिर : संस्कारों की आधारशिला — राजन चिलाना
जींद : गोपाल विद्या मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ने अपनी स्थापना के 50 गौरवमयी वर्षों का उत्सव बड़े ही हर्षोल्लास और गरिमा के साथ मनाना प्रारंभ किया। स्वर्ण जयंती समारोह के पहले दिन विद्यालय प्रांगण में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें जिले सहित प्रदेश के अनेक गणमान्य अतिथियों ने शिरकत की। कार्यक्रम में मुख्य आकर्षण रहा विद्यालय के 50 वर्ष की उपलब्धियों का स्मरण, जिसमें छात्रों की शैक्षिक, सांस्कृतिक, खेल एवं विज्ञान के क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धियों को विस्तारपूर्वक प्रस्तुत किया गया।
मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे राजन चिलाना ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में कहा कि “गोपाल विद्या मंदिर की उपलब्धियों की नींव उसके मजबूत संस्कारों पर टिकी है।" उन्होंने आगे कहा कि बीते पांच दशकों में इस विद्यालय ने न केवल शैक्षिक गुणवत्ता में अग्रणी स्थान कायम किया है बल्कि खेल, संगीत, विज्ञान और कला के क्षेत्र में भी राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कार एवं सम्मान प्राप्त करके एक लंबी श्रृंखला स्थापित की है। यह सफलता विद्यालय की समर्पित शिक्षण टीम, विद्यार्थियों की प्रतिभा एवं समाज के सहयोग से ही संभव हो पाई है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सीआरएसयू, जींद की कुलसचिव प्रो. लवलीन मोहन ने की। उन्होंने विद्यालय द्वारा आयोजित भव्य चित्रकला प्रदर्शनी का विधिवत उद्घाटन किया तथा छात्रों की कलाकृतियों को अत्यंत सराहनीय बताया। उन्होंने कहा कि छात्रों में रचनात्मकता को प्रोत्साहन देने की यह पहल वास्तव में सराहनीय है और इसी प्रकार के आयोजन बच्चों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
विशिष्ठ अतिथि के रूप में राज्य सूचना आयुक्त कर्मवीर सैनी ने समारोह में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और कहा कि ऐसी शिक्षण संस्थाएँ समाज को दिशा देने का कार्य करती हैं।
विद्या भारती हरियाणा प्रांत के सह-संगठन मंत्री श्री नीरज नागपाल ने अपने संबोधन में विद्या भारती के उद्देश्यों और शिक्षा के साथ संस्कारों के समन्वय पर विस्तार से प्रकाश डाला।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य अजय कुमार एवं विद्यालय प्रबंधक समिति के अध्यक्ष श्री जगन्नाथ शर्मा ने सभी आगंतुको का हार्दिक स्वागत किया और पूर्व आचार्यों, पूर्व प्राचार्यों, भूतपूर्व विद्यार्थियों एवं नगर के अन्य गणमान्य व्यक्तियों को सम्मानित किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की प्रथम प्रबंधक समिति के वरिष्ठ सदस्य संतलाल चुग ने भावुक होते हुए कहा कि “गोपाल विद्या मंदिर सिर्फ एक शिक्षण संस्था भर नहीं, बल्कि हमारी आत्मा का घर है। समाज और व्यवस्थापन के संयुक्त प्रयासों से ही हम आज इस मुकाम तक पहुंचे हैं और भविष्य में भी राष्ट्र निर्माण के महान उद्देश्य के लिए इसी समर्पण के साथ कार्यरत रहेंगे।”
उत्सव के प्रथम दिन विद्यालय के 50 वर्षों की गौरवपूर्ण यात्रा को समर्पित सांस्कृतिक कार्यक्रम और प्रदर्शनी ने सभी का मन मोह लिया। आगे आने वाले दिनों में भी स्वर्ण जयंती समारोह के अंतर्गत अनेक सांस्कृतिक, साहित्यिक और खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।

Tuesday, November 18, 2025

November 18, 2025

श्री गुरु तेग बहादुर जी के जीवन, कार्यों से होंगी नई पीढियां प्रेरित- मुख्यमंत्री

श्री गुरु तेग बहादुर जी के जीवन, कार्यों से होंगी नई पीढियां प्रेरित- मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री ने श्री गुरू तेग बहादुर जी के नाम वन, वन्य जीव एवं जैव विविधता संरक्षण ब्लॉक का किया उद्घाटन

यमुनानगऱ में बनने वाले कृषि महाविद्यालय का नाम श्री गुरु तेग बहादुर जी के नाम पर रखने की घोषणा
चण्डीगढ - हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि देश व धर्म की रक्षा के लिए बलिदान देने वालों का जब भी जिक्र होता है तो श्री गुरु तेग बहादुर जी का नाम सबसे ऊपर लिया जाता है। उनके जीवन और कार्यों से नई पीढ़ियों को प्रेरित करने के लिए 350वें बलिदान वर्ष को पूरे राज्य में मनाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी यमुनानगर के कलेसर में श्री गुरु तेग बहादुर जी के शहीदी वर्ष के उपलक्ष्य में उनके नाम पर वन, वन्य जीव एवं जैव विविधता संरक्षण ब्लॉक का उद्घाटन कर रहे थे। 
मुख्यमंत्री ने श्री गुरु तेग बहादुर जी वन एवं वन्य जीव संरक्षण ब्लॉक में विद्यार्थियों के साथ 350 पौधे लगाए और इस राष्ट्रीय    उद्यान में सफारी ट्रेल का शुभारंभ और श्री गुरु तेग बहादुर जी द्वार का उद्घाटन भी किया।
मुख्यमंत्री ने ए.आई. आधारित मॉनिटरिंग टावर, ट्री कैनोपी वॉक और तीन स्तरीय वॉच टावरों का शिलान्यास भी किया। उन्होंने यमुनानगर के प्रतापनगर, किशनपुरा के 45 एकड़ में बनने वाले कृषि महाविद्यालय का नाम श्री गुरू तेग बहादुर जी के नाम पर रखने तथा यमुनानगर कपालमोचन सड़क बाईपास की फिजिबलिटी चैक कर उसके निर्माण की भी घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कलेसर की इस हरी-भरी धरा पर एक असीम ऊर्जा का अनुभव हो रहा है। हम सभी इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बन रहे हैं, जिसमें यह ब्लॉक, प्रकृति, आध्यात्मिकता और मानवीय मूल्यों के संगम का प्रतीक बनेगा। उन्होंने हिंद की चादर श्री गुरु तेग बहादुर जी को शीश झुकाकर नमन किया। उन्होंने कहा कि यह वन प्रदेश के वन संरक्षण और जैव विविधता के संवर्धन में मील का पत्थर साबित होगा, जो श्री गुरु तेग बहादुर जी के पर्यावरण के प्रति प्रेम की विरासत को आगे बढ़ाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हिंद की चादर नवमें पातशाह श्री गुरु तेग बहादुर जी त्याग, करुणा साहस की मिसाल हैं। उन्होंने दुनिया को सिखाया है कि सच्ची शक्ति दूसरों की रक्षा में छिपी होती है। सच्चा धर्म वही है, जिसमें प्रकृति, प्राण और मनुष्य तीनों के प्रति समान प्रेम हो। प्रकृति उनके व्यक्तित्व का अभिन्न हिस्सा है। शांत जल की गहराई, घने पेड़ों की विनम्रता और पर्वतों जैसी दृढ़ता श्री गुरु तेग बहादुर जी के जीवन में झलकती है। इसलिए, आज कलेसर में गुरुजी के नाम पर यह वन, वन्य जीव एवं जैव विविधता संरक्षण ब्लॉक स्थापित होना, उनकी शिक्षांओं का जीवंत रूप है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति में वन, शिक्षा, साधना और लोक कल्याण के केंद्र रहे हैं। आश्रम परंपरा, गुरु परंपरा, इन सबका आधार प्रकृति ही रही है। सिख इतिहास में भी कई ऐसे वृक्ष जुड़े हैं, जो गुरुजी के जीवन से संबंध रखते हैं। इनमें दुखभंजन बेरी वृक्ष तो संकट के समय शांति और आश्रय का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि श्री गुरु तेग बहादुर जी की शिक्षाओं से प्रेरणा लेकर, हमें चुनौतियों से निपटने के लिए स्वच्छता, पौधारोपण और जीव संरक्षण को प्राथमिकता देनी होगी। इसलिए राज्य में वनो को बढ़ाने के लिए कई योजनाएं चलाई गई हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा के हर कोने को हरा-भरा बनाने का लक्ष्य है। हम केवल पेड़ नहीं लगा रहे, बल्कि जीवन लगा रहे हैं, जो हवा को शुद्ध करने वाले फिल्टर का काम करेंगें। हम उन जड़ों को मजबूत कर रहे हैं, जो हमारी धरती को बांधकर रखती हैं और उसे बंजर होने से बचाती हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा 5 जून, 2024 को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर शुरू किए गए एक पेड़ मां के नाम रूपी अनूठे अभियान के तहत 1.87 करोड़ पौधे लगाए गए। इस वर्ष दूसरे चरण के तहत 2.10 करोड पौधे लगाए गए हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से अब तक 18 करोड़ पौधे लगाए जा चुके हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शहरी वानिकी को बढ़ावा देने के लिए भी विशेष योजनाएं शुरू की हैं, ताकि शहरों में भी हरियाली बढ़े। सरकार ने पेड़ों की अवैध कटाई को रोकने और वन्यजीवों के संरक्षण के लिए कड़े कदम उठाए हैं। दक्षिण हरियाणा में हरित अरावली कार्य योजना भी शुरू की है। केन्द्र व राज्य सरकारों द्वारा बनाई गई यह परियोजना अरावली पहाड़ियों के चार राज्यों में लागू की जा रही है, जिसमें हरियाणा के पांच जिले शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वन विभाग द्वारा लगाए गए पौधों के संरक्षण के लिए आधुनिक तकनीक का भी प्रयोग किया जा रहा है। इसमें पहले से लगे हुए और हर वर्ष होने वाले पौधारोपण की 5 वर्ष तक हुई उनकी ग्रोथ पर कड़ी नजर रखी जाती है। इसके अलावा औषधीय पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए विभिन्न जिलों में हर्बल पार्क विकसित किये गए हैं। मोरनी क्षेत्र में अंतर्राष्ट्रीय स्तर का औषधीय वन तथा करनाल, पंचकूला व सोनीपत जिलों में ऑक्सीवन भी बनाए गए हैं।
श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि बच्चों को बचपन से ही प्रकृति से जोड़ना होगा, ताकि वे बड़े होकर पेड़ों के महत्व को आसानी से समझ सकें। इसके लिए हर स्कूल प्रकृति शिक्षा को अपनाए और हर परिवार एक पौधा अवश्य लगाए। उन्होंने कहा कि हर युवा एक पेड़ को संरक्षक की तरह गोद ले और हर संस्था इस फॉरेस्ट को जन-आंदोलन का रूप दें, तभी प्रदेश को हरा भरा बनाया जा सकेगा।
इस अवसर पर कृषि मंत्री श्री श्याम सिंह राणा, विधायक श्री घनश्याम दास अरोड़ा, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष बंतो कटारिया, पूर्व मंत्री श्री कंवरपाल, प्रधान मुख्य वन संरक्षक, विनीत गर्ग, मुख्य वन सरंक्षक डा. विवेक सक्सेना, हरियाणा राज्य जैव विविधिता बोर्ड के अध्यक्ष रणदीप सिंह जोहर, ओएसडी डा. प्रभलीन सिंह, सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Sunday, November 16, 2025

November 16, 2025

वुडस्टॉक स्कूल में आयोजित की गई छात्र चरित्रनिर्माण की कार्यशाला

वुडस्टॉक स्कूल में आयोजित की गई छात्र चरित्रनिर्माण की कार्यशाला 
जींद : जींद के वुडस्टॉक पब्लिक स्कूल में चरित्र निर्माण को लेकर एक कार्यशाला का आयोजन शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास के द्वारा किया गया जिसमें मुख्य वक्ता के रूप में  संयोजक उतर भारत शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास श्री जगराम जी शिरकत की। जिनका विद्यालय पहुंचने पर विद्यालय के संस्थापक डायरेक्टर और प्रिंसिपल ने स्मृति चिन्ह, फटका पहनाकर और नारियल भेंट कर हार्दिक स्वागत व अभिनंदन किया। 
मुख्य अतिथि के रूप में चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ सुनील शर्मा जी ने शिरकत की। 
मंच संचालन श्री आशुतोष शर्मा जी द्वारा किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता वुड स्टॉक स्कूल के ससंस्थापक डॉ नरेंद्र नाथ शर्मा जी द्वारा की गयी।
इस कार्यक्रम के मुख्य वक्ता श्री जगराम जी ने सभी को संबोधित करते हुए कहा कि
चरित्र निर्माण में शिक्षक की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण होती है। शिक्षक न केवल छात्रों को ज्ञान प्रदान करते हैं, बल्कि उनके चरित्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के चरित्र निर्माण में नए केवल गुरु की भूमिका बल्कि उनके माता-पिता और समाज की भी भूमिका अहम होती है। 
*चरित्र निर्माण में शिक्षक की भूमिका*

1. *मॉडल के रूप में*: शिक्षक छात्रों के लिए मॉडल के रूप में कार्य करते हैं। छात्र शिक्षकों के व्यवहार, आदतों और मूल्यों को देखकर सीखते हैं।
2. *मूल्यों का प्रसार*: शिक्षक छात्रों में अच्छे मूल्यों जैसे कि सच्चाई, ईमानदारी, सहानुभूति और सहयोग की भावना को बढ़ावा देते हैं।
3. *व्यक्तिगत ध्यान*: शिक्षक छात्रों को व्यक्तिगत ध्यान देते हैं और उनकी समस्याओं का समाधान करने में मदद करते हैं।
4. *प्रेरणा और प्रोत्साहन*: शिक्षक छात्रों को उनके लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए प्रेरित और प्रोत्साहित करते हैं।

*चरित्र निर्माण के लिए शिक्षकों के गुण*

1. *अच्छा चरित्र*: शिक्षक का अपना चरित्र अच्छा होना चाहिए।
2. *सहानुभूति*: शिक्षक को छात्रों के प्रति सहानुभूति रखनी चाहिए।
3. *धैर्य*: शिक्षक को धैर्यवान होना चाहिए और छात्रों की समस्याओं को सुनने के लिए तैयार रहना चाहिए।
4. *निष्पक्षता*: शिक्षक को निष्पक्ष और न्यायप्रिय होना चाहिए।
5. 
चरित्र निर्माण में माता-पिता की भूमिका-

1. माता-पिता को बच्चों का आदर्श स्वयं बनना चाहिए और दूसरों के उदाहरण देकर उन्हें  भ्रमित नहीं करना चाहिए क्योंकि एक बच्चे के लिए उसके माता-पिता ही उसके पहले गुरु होते हैं। 
2. माता-पिता मैं बच्चों के लिए घर का वातावरण ही संस्कार और सद्भावना योग्य बनाना चाहिए। 
3. बच्चों को हमेशा अनुशासन  की शिक्षा देनी चाहिए और बड़ों का आदर सत्कार करने के लिए प्रेरित करना चाहिए। 
4. बच्चों से बात करने का तरीका सद्भाव पूर्ण होना चाहिए उनकी सद्भावना नहीं टूटनी चाहिए और हमेशा सत्य के मार्ग पर चलने की शिक्षा देनी चाहिए।
इस मौके पर विद्यालय की सभी शिक्षक गण वन्य विद्यालय में संस्थाओं से आए हुए प्रिंसिपल व शिक्षक गण सभी कार्यक्रम में मौजूद रहे
शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास के द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में संस्था जींद क्षेत्र टोली की तरफ से श्री संदीप शर्मा,  श्री जितेंद्र शर्मा , श्री रमेश दलाल , श्री गौरव जी,  आशुतोष शर्मा , श्री मनोज जी आदि सदस्य मुख्य रूप से कार्यक्रम में मौजूद रहे।

Friday, November 14, 2025

November 14, 2025

*बाल दिवस समारोह – वुडस्टॉक स्कूल में उल्लास और उमंग के साथ मनाया गया*

*बाल दिवस समारोह – वुडस्टॉक स्कूल में उल्लास और उमंग के साथ मनाया गया* 
जींद : वुडस्टॉक स्कूल में बाल दिवस बड़े ही हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। यह विशेष दिन बच्चों की मासूमियत, ऊर्जा और रचनात्मकता को समर्पित रहा। विद्यालय परिसर पूरे दिन बच्चों की हंसी और खुशियों से गूंजता रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रार्थना और सरस्वती वंदना से हुई। इसके बाद पूरे विद्यालय में कक्षा-वार विशेष गतिविधियों का आयोजन किया गया।
कक्षा *सातवीं से बारहवीं* तक के विद्यार्थियों के लिए *हाउस वाइज क्विज़* प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। क्विज़ का विषय “हरियाणा राज्य” रहा, जिसमें प्रतिभागियों ने *हरियाणा के इतिहास, संस्कृति, खेल, भूगोल और महान व्यक्तित्वों* से संबंधित प्रश्नों का उत्तर दिया। बच्चों ने अद्भुत ज्ञान और तत्परता का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता बेहद रोचक रही और तीनों सदनो (लीडर, इनोवेटर, चैलेंजर) आदि सभी के छात्रों ने शानदार प्रदर्शन किया। जिनमें *चैलेंजर हाउस* ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए *प्रथम स्थान* प्राप्त किया। चैलेंजर हाउस के जिन विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, वे हैं— *काकुल (कक्षा 12वीं), ख्याति (कक्षा 11वीं), मानसी (कक्षा 10वीं), सिद्धि (कक्षा 9वीं), मिहिर (कक्षा 8वीं) तथा श्रेया (कक्षा 7वीं)*। सभी विजेताओं को मैनेजमेंट द्वारा शील्ड एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। *द्वितीय स्थान पर लीडर हाउस* रहा। इस हाउस के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों में शामिल रहे *सयंम (कक्षा 12वीं), अरमान सिंह (कक्षा 11वीं), तान्वी (कक्षा 10वीं), छवि (कक्षा 9वीं), पल्लवी (कक्षा 8वीं) तथा पाखी (कक्षा 7वीं)*। सभी प्रतिभागियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। *तृतीय स्थान पर इनोवेटर हाउस* ने अपनी जगह बनाई। इस हाउस के विद्यार्थियों ने भी शानदार प्रतिभा का परिचय दिया, जिनमें शामिल रहे *तान्या(कक्षा 12वीं), खुशी (कक्षा 11वीं), सनमीत कौर (कक्षा 10वीं), हर्ष (कक्षा 9वीं), सीरत (कक्षा 8वीं) तथा संजू (कक्षा 7वीं)* सभी को प्रबंधन द्वारा प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। पूरा दिन बच्चों की प्रतिभा, उल्लास और उत्साह से भरपूर रहा। विद्यालय प्रांगण में उत्सव का वातावरण देखने योग्य था।स्कूल निदेशक डॉक्टर नरेंद्र नाथ शर्मा जी ने अपने संदेश में कहा —“बच्चे हमारे समाज की सबसे बड़ी पूंजी हैं। उनकी मुस्कान में ही भविष्य की रोशनी छिपी है। शिक्षा का उद्देश्य केवल ज्ञान देना नहीं बल्कि अच्छे संस्कारों की नींव रखना भी है।” और उपनिदेशक श्री आशुतोष शर्मा जी ने कहा कि “हर बच्चा एक अनोखी प्रतिभा का धनी है। हमें उन्हें अवसर, मार्गदर्शन और प्रेरणा देनी चाहिए ताकि वे अपने जीवन में ऊँचाइयाँ छू सकें। प्राचार्या श्रीमती सुकीर्ति गौतम जी ने अपने संदेश में कहा कि “बाल दिवस हमें यह याद दिलाता है कि हर बच्चे में एक उज्जवल कल छिपा है। हमें उनकी जिज्ञासा, सृजनशीलता और आत्मविश्वास को सदा प्रोत्साहित करना चाहिए।”
अंत में विद्यालय प्रबंधन ने सभी शिक्षकों और विद्यार्थियों को इस सफल आयोजन के लिए बधाई दी तथा बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ प्रेषित कीं। और सभी उपस्थित छात्रों, शिक्षकों और अतिथियों ने राष्ट्रीय गान गायन में भाग लेकर समारोह का समापन किया
November 14, 2025

कांग्रेस ने रघुबीर भारद्वाज को बनाया जिला हिसार का ऑब्जर्वर

कांग्रेस ने रघुबीर भारद्वाज को बनाया जिला हिसार का ऑब्जर्वर
सरकार के खिलाफ  चलाया जाएगा जनजागरण अभियान : रघुबीर भारद्वाज
जींद : वोट चोरी अभियान को लेकर कांग्रेस द्वारा जिला हिसार के आब्जर्वर बनाए गए रघुबीर भारद्वाज ने कहा कि वोट चोरी की सच्चाई जनता के सामने लाने के लिए जनजागरण अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने जिला हिसार का आब्जर्वर बनाए जाने पर राहुल गांधी, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े, प्रदेश प्रभारी बीके हरिप्रसाद, प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह व हरियाणा प्रदेश के शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया है। भारद्वाज ने कहा कि पार्टी ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर वह खरा उतरेंगे। कांग्रेस को मजबूत करने के लिए दिनरात काम करेंगे। इसके अलावा जो कार्य पार्टी ने उनको सौंपा हैए उसे लोगों की मदद से पूरा किया जाएगा। सोमवार को रघुबीर भारद्वाज ने कहा कि प्रदेश में जो सरकार बनी है, वह अवैध है। यह सरकार वोट चोरी करके बनी है। इसके सबूत लोकसभा में प्रतिपक्ष नेता राहुल गांधी ने दिखा दिए हैं। भाजपा ने वोट चोरी करके अपनी सरकार बनाई है। अब प्रदेश की जनता को इसके साक्ष्य देने के लिए कांग्रेस एक जनजागरण अभियान चला रही है। इसमें सभी जिलों में प्रदर्शन किए जाएंगे। 12 नवंबर से इसकी शुरूआत करनाल से की जाएगी। कांग्रेस कार्यकर्ता अब सीधा जनता से संवाद करेंगे। वोट चोरी के दम पर ही भाजपा ने सरकार बनाई है। यह एक प्रकार की लोकतंत्र की हत्या है। भाजपा ने जनता की आवाज को दबाया है। बहुत से लोग ऐसे सामने आ चुके हैं, जिनकी वोट कई.कई बार डाली गई हैं। इसके लिए कांग्रेस अब बड़ा आंदोलन करेगी। पहले जनता तक यह बात पहुंचाई जाएगी।

Wednesday, November 12, 2025

November 12, 2025

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शेफाली वर्मा को 1.50 करोड़ रूपये का चैक व ग्रेड ए ग्रेडेशन सर्टिफिकेट देकर किया सम्मानित

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शेफाली वर्मा को 1.50 करोड़ रूपये का चैक व ग्रेड ए ग्रेडेशन सर्टिफिकेट देकर किया सम्मानित

हरियाणा राज्य महिला आयोग द्वारा क्रिकेटर शेफाली वर्मा को बनाया गया ब्रांड एंबेसडर

हरियाणा युवाओं का हब, हमारी बेटियों ने अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर झंडे का बढ़ाया मान

प्रदेश की बेटी ने वर्ल्ड कप के फाइनल में निभाई अहम भूमिका, भारत बना वर्ल्ड चैंपियंस
चण्डीगढ़ - हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने विश्व कप विजेता-2025 भारतीय महिला क्रिकेट टीम की खिलाड़ी शेफाली वर्मा को उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए 1.50 करोड़ रूपये का चैक व ग्रेड ए ग्रेडेशन सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया। साथ ही हरियाणा राज्य महिला आयोग द्वारा क्रिकेटर शेफाली वर्मा को ब्रांड एंबेसडर भी बनाया गया।
मुख्यमंत्री ने आज यह सम्मान संत कबीर कुटीर मुख्यमंत्री निवास, चण्डीगढ़ में दिया। इस दौरान शहरी स्थानीय निकाय मंत्री श्री विपुल गोयल और क्रिकेटर शेफाली वर्मा के परिवारिक सदस्य दादा, पिता और भाई मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने उन्हें स्मृति चिहन और शॉल देकर सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने शेफाली वर्मा व उसके परिवार को बधाई देते हुए कहा कि हरियाणा युवाओं का हब है और हमारी बेटियों ने अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर झंडे का मान बढ़ाने का काम किया है। यही नहीं प्रदेश की बेटी ने वर्ल्ड कप के फाइनल में अहम भूमिका निभाकर भारत को वर्ल्ड चैंपियंस बनवाया है।
क्रिकेटर शेफाली वर्मा देश के युवाओं के लिए प्रेरणास्त्रोत

श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि क्रिकेटर शेफाली वर्मा ने परिवार के साथ-साथ प्रदेश व देश के मान को बढ़ाने का काम किया है। यह पूरे देश के युवाओं के लिए प्रेरणास्त्रोत है। राज्य सरकार खिलाड़ियों को प्रोत्साहन करने के लिए अनेक योजनाएं बना रही है। प्रदेश में लगभग 2 हजार खेल नर्सरियां खोली गई है। जहां पर जीरो गांऊड से बच्चों को तैयार किया जा रहा है ताकि उन्हें आगे बढ़ने का मंच मिल सके। सरकार पूर्ण रूप से युवाओं के साथ है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार विभिन्न माध्यमों से युवाओं को जागरूक करने का काम भी कर रही है। जिसमें मैराथन, साइक्लोथॉन इत्यादि कार्यक्रम किए जा रहे है ताकि युवाओं में जागृति आए और वे नशे से दूर रहे।

यह सिर्फ हमारी टीम की जीत नहीं बल्कि पूरी महिला क्रिकेटर की जीत - क्रिकेटर शेफाली वर्मा
क्रिकेटर शेफाली वर्मा ने हरियाणा सरकार का धन्यवाद करते हुए कहा कि हमें वर्ल्ड कप जीतने पर बहुत खुशी हुई। यह सिर्फ हमारी टीम की जीत नहीं बल्कि पूरी महिला क्रिकेटर टीम की जीत है। हरियाणा की मिट्टी में स्पोर्टस की भावना  है और प्रदेश के सभी लोग स्पोर्टस को प्रोत्साहित करते है।
अपने ऊपर विश्वास रखकर मंजिल हासिल कर, माता-पिता का नाम करे रोशन

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री से मिलकर बहुत आत्मविश्वास बढ़ा है। साथ ही देश व प्रदेश वासियों को कहा कि हमेशा अच्छी मेहनत करे। राज्य सरकार खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करती है। उन्होंने कहा कि आप अपने आप पर विश्वास रखकर मंजिल हासिल करे और अपने माता-पिता का नाम रोशन करे।
इस अवसर खेल विभाग के प्रधान सचिव श्री नवदीप सिंह विर्क, महानिदेशक श्री संजीव वर्मा सहित अन्य अधिकारी और  शेफाली वर्मा के परिवार के सदस्य भी मौजूद रहे।