Breaking

Tuesday, April 14, 2020

नई रोडवेज बसों में आखिरी सीट स्लीपर, सामान रखने के लिए डिग्गी भी



चंडीगढ़, 14 अप्रैल।
हरियाणा रोडवेज की नई बसों में अब आखिरी सीट स्लीपर होगी। चालक, परिचालकों के आराम करने के लिए ये सीट बनाई गई हैं। परिवहन विभाग ने यह व्यवस्था रोडवेज बसों में पहली बार की है। इसके साथ ही नई बसें अब डिग्गी के साथ आएंगी। अभी तक रोडवेज बसों में डिग्गी नहीं होती थी। यात्रियों को बस के भीतर ही अपना सामान रखना पड़ता था। रोडवेज बसों में छत पर सामान रखने की सुविधा भी कम ही है। इसके चलते चालक, परिचालकों की यात्रियों के साथ नोकझोंक होती थी। इससे अब छुटकारा मिलेगा। साथ ही चालक, परिचालक ढंग से आराम भी फरमा सकेंगे। चूंकि, स्लीपर सीट न होने से उन्हें रात में सोने या रूट पूरा होने पर आराम में दिक्कत आती थी। वे यात्री सीट पर ही सोते थे या रात में बस की छत का सहारा लिया जाता था। हरियाणा रोडवेज वर्कर्स यूनियन ने सरकार के इस कदम का स्वागत किया है। प्रदेश महासचिव सरबत सिंह पूनिया ने कहा कि रोडवेज कर्मचारी देश भर में 68 सरकारी व अर्ध सरकारी विभागों में यात्रियों को परिवहन सेवा देने में एक नंबर पर हैं। गुरुग्राम स्थित हरियाणा रोडवेज इंजीनियरिंग कारपोरेशन के कर्मचारी हमेशा ही अन्य प्रदेशों की सरकारी व प्राइवेट बसों से हरियाणा रोडवेज की बसों की बाडी मजबूत, सस्ती व सुविधाजनक बनाने में मशहूर हैं। पंजाब रोडवेज की बसें भी यहां बनती हैं। रोडवेज 42 श्रेणियों को मुफ्त व सब्सिडी पर यात्रा करवाती है।
उन्होंने कहा कि एचईआरसी कर्मचारी हमेशा से ही बस की शानदार और मजबूत बॉडी बनाने के लिए मशहूर रहे हैं। स्लीपर सीट से कर्मचारियों व डिग्गी से यात्रियों को काफी फायदा होगा। लंबे रूट की सवारियां सामान डिग्गी में रखकर आराम से यात्रा कर सकेंगी। अभी बहुत दिक्कत होती थी। परिचालक का बस में चलना मुश्किल हो जाता था। हरियाणा रोडवेज वर्कर्स यूनियन संबंधित सर्व कर्मचारी संघ एवं आल इंडिया रोड ट्रांसपोर्ट वर्कर्स फेडरेशन की राज्य कमेटी ने आभार व्यक्त किया है।

No comments:

Post a Comment