Breaking

Wednesday, June 29, 2022

हरियाणा में 3 जुलाई तक बारिश के आसार:मॉनसूनी हवाएं आगे बढ़ने से बदला मौसम, 30 को 11 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

हरियाणा में 3 जुलाई तक बारिश के आसार:मॉनसूनी हवाएं आगे बढ़ने से बदला मौसम, 30 को 11 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

हिसार : भीषण गर्मी और उमस से जूझ रहे हरियाणा में मॉनसून किसी भी समय पहुंच सकता है। बुधवार रात से प्रदेश में मौसम करवट बदल लेगा। उसके बाद 3 जुलाई तक लगातार बारिश की संभावना है। इसकी वजह से दिन और रात के तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी।
मौसम विभाग ने 30 जून को हरियाणा के 11 जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार वाली हवाएं चलने और तेज बरसात का अलर्ट जारी किया है। इन 11 जिलों में पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, गुरुग्राम, मेवात, पलवल, फरीदाबाद, सोनीपत और पानीपत शामिल है। राज्य के बाकी 11 जिलों में अंधड़ और गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी हो सकती है।

इस बीच राज्य के कई जिलों में मंगलवार रात से ही मौसम बदलना शुरू हो गया। पूरे राज्य में अगले 24 घंटे के अंदर मॉनसून का असर दिखाई देगा। एक जुलाई को 9 जिलो में भारी बरसात का अलर्ट जारी किया गया है। इन 9 जिलों में हिसार, भिवानी, चरखी-दादरी, महेन्द्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, मेवात, पलवल और फरीदाबाद शामिल है। यहां 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाओं के साथ तेज बरसात हो सकती है।
हिसार स्थित चौधरी चरणसिंह कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि हरियाणा में 22 जून के बाद से लगातार पश्चिमी हवाएं चलने के कारण मौसम खुश्क और गर्म रहा। इसकी वजह से दिन के तापमान के साथ-साथ रात के तापमान में बढ़ोतरी हुई। कई जिलों में अधिकतम तापमान 45 डिग्री तो न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इस दौरान वातावरण में आद्रता की मात्रा भी अधिक दर्ज की गई।
*साइक्लोनिक सरकुलेशन से हवा बदली*

अब राजस्थान के ऊपर एक साइक्लोनिक सरकुलेशन बनने से हवाएं बदलकर पश्चिमी से पूर्वी हो गई हैं। इसकी वजह से वातावरण में नमी अधिक होने से मौसम में बदलाव की संभावना बन रही है। बंगाल की खाड़ी की तरफ से मानसूनी हवाएं आगे बढ़ने की संभावना है। इसके चलते हरियाणा में 29 जून की रात से बारिश शुरू हो जाने की पूरी संभावना है।
*2 जुलाई तक तेज बारिश*

मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में 30 जून से 2 जुलाई के बीच हवाओं के साथ ज्यादातर क्षेत्रों में बारिश होने की संभावना है। इस दौरान कुछ एक स्थानों पर तेज बारिश भी हो सकती है।
*कई जिलों में बूंदाबांदी, बादल छाए*

हरियाणा के कई जिलों में मंगलवार रात से ही मौसम बदल गया। रेवाड़ी में 30 मिनट तक तेज बारिश तो आसपास के जिलों में बूंदाबांदी हुई। अंबाला और आसपास के क्षेत्र में बादल छाए रहे। मौसम बदलने की वजह से अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई।

No comments:

Post a Comment