Breaking

Monday, May 22, 2023

*NSS कैंप में मोबाइल फोन हुआ बैन:हरियाणा शिक्षा विभाग का फैसला; प्लास्टिक के बर्तनों पर प्रतिबंध, फिल्मी गानों पर भी रोक*

*NSS कैंप में मोबाइल फोन हुआ बैन:हरियाणा शिक्षा विभाग का फैसला; प्लास्टिक के बर्तनों पर प्रतिबंध, फिल्मी गानों पर भी रोक*
हरियाणा में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के स्वयंसेवक अब राष्ट्रीय, राज्य और जिला स्तरीय शिविरों के दौरान अपने मोबाइल फोन का उपयोग नहीं कर पाएंगे। हरियाणा उच्च शिक्षा विभाग (DHE) ने इसे पर बैन लगा दिया है। यह फैसला इसलिए लिया गया है ताकि स्वयंसेवक शिविर गतिविधियों पर ध्यान केंद्रित कर सकें। हालांकि, वे कैंप के रिहायशी इलाके में अपने फोन का इस्तेमाल कर सकेंगे।
उधर, राज्य स्तरीय 3 कैंपों की डेट घोषित कर दी गई हैं। पहला कैंप फतेहाबाद में 28 मई से, दूसरा जींद में 1 जून से और तीसरा शिविर बल्लभगढ़ में 2 जून से लगाया जाएगा।
कैंपों में प्लास्टिक पर रोक
डीएचई ने शिविरों में भोजन परोसते समय प्लास्टिक के बर्तनों के उपयोग पर भी प्रतिबंध लगा दिया है। साथ ही पर्यावरण प्रदूषण को रोकने के लिए मेहमानों के लिए प्लास्टिक की पानी की बोतलों को भी प्रतिबंधित कर दिया गया है। इसके अलावा, शिविर की अवधि के दौरान शाम को आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों के दौरान केवल देशभक्ति और लोक गीतों को प्राथमिकता दी जाएगी।

इसलिए लिया गया फैसला
यह देखने में आया है कि NSS स्वयंसेवक शिविरों में आयोजित होने वाली गतिविधियों पर ध्यान केंद्रित करने के बजाय अपने सेल फोन पर और तस्वीरें क्लिक करने में व्यस्त रहते हैं। यह शिविरों के वास्तविक उद्देश्य की पूर्ति नहीं करता है, इसलिए गतिविधियों के दौरान फोन के उपयोग पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।

15 राज्यों के आएंगे स्वयंसेवक
हरियाणा के कैथल, कुरुक्षेत्र, हिसार और रेवाड़ी में पांच राष्ट्रीय एकता शिविर आयोजित किए जाएंगे, जिसमें 15 अन्य राज्यों के एनएसएस स्वयंसेवक भी भाग लेंगे। हरियाणा उच्च शिक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार बल्लभगढ़, फतेहाबाद, अंबाला, जींद और महेंद्रगढ़ जिलों में पांच राज्य स्तरीय एनएसएस शिविर आयोजित किए जाएंगे।

एक कैंप में 200 स्वयंसेवक
राज्य में होने वाले प्रत्येक शिविर में 200 स्वयंसेवक होंगे। राष्ट्रीय शिविर में 100 स्वयंसेवक अन्य राज्यों से होंगे। 14-20 जून तक कैथल और कुरुक्षेत्र में एक साथ दो राष्ट्रीय एकता शिविर आयोजित किए जाएंगे, जबकि तीसरा शिविर 18-24 जुलाई तक एचएयू, हिसार में आयोजित किया जाएगा। इसी तरह, शेष दो राष्ट्रीय शिविर 25-31 जुलाई से रेवाड़ी में इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय (आईजीयू) और कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में एक साथ आयोजित किए जाएंगे।

No comments:

Post a Comment