Breaking

Thursday, June 1, 2023

परिवर्तन यात्रा है सैर सपाटा; सबको दुष्यंत फोबिया, जाति-क्षेत्रवाद कर रहे हुड्‌डा : दिग्विजय चौटाला

परिवर्तन यात्रा है सैर सपाटा; सबको दुष्यंत फोबिया, जाति-क्षेत्रवाद कर रहे हुड्‌डा : दिग्विजय चौटाला
हिसार : हरियाणा में जननायक जनता पार्टी (JJP) नेता दिग्विजय चौटाला ने गुरुवार को हिसार के मंगाली में जनसभा को संबोधित किया। दिग्विजय ने अपने भाषण में पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्‌डा पर क्षेत्रवाद और जातिवाद के आरोप लगाए। वहीं, अपने चाचा इनेलो नेता अभय चौटाला की परिवर्तन यात्रा को सैर-सपाटा बताया।
डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला के भाई दिग्विजय ने कहा कि मैं आपका हालचाल जानने आया हूं। आप लोगों से चार पीढ़ी का नाता है। दुष्यंत को आपकी सेवा करने का पांच साल मौका मिला। 10 सीट से सरकार नहीं बनती। एक रास्ता कांग्रेस के साथ विपक्ष में बैठे, दूसरा भाजपा के साथ सरकार में शामिल होकर जींद में किए वादे को पूरा करना था।

दिग्विजय ने कहा कि 15 साल पहले ही विपक्ष में बैठे थे, पांच साल और बैठ जाते तो 20 साल में एक पीढ़ी बदल जाती। आप लोगों से जिन कामों के वादे किए थे, उन्हें पूरा नहीं किया जा सकता था। दुष्यंत ने वादे पूरा करने के लिए भाजपा के साथ समझौता किया।
अभय चौटाला परिवर्तन यात्रा में चलते हुए।

*20 से 50 लोग यात्रा में*
दिग्विजय ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि INLD की परिवर्तन यात्रा की प्रदेश में कोई चर्चा नहीं है। 20 से 50 लोग इस यात्रा में चल रहे हैं, या ये कहें कि सैर सपाटा कर रहे हैं। सुबह से शाम तक उन्हें केवल दुष्यंत नजर आता है। उन सभी 50 लोगों को दुष्यंत फोबिया है।
*दुष्यंत की कलम की ताकत अभी कमजोर*

दिग्विजय ने इस सरकार के ठाठ के बयान पर जवाब दिया कि ये बात आज जनता कह रही है कि चौधरी देवीलाल के जो राज में ठाठ हुआ करते थे, वे अब नहीं हैं। 5100 रुपए पेंशन में विलंब है, ये मुद्दे पूरे हो जाने चाहिए थे। इससे पता चलता है कि दुष्यंत की कलम की ताकत अभी कमजोर है।

हरियाणा की जनता दुष्यंत की कलम को पूरी ताकत देनी चाहती है। क्योंकि कम ताकत के कारण उसने अच्छा काम किया है। हरियाणा की जनता अब दुष्यंत को आजमाना चाहती है।
*90 विधानसभा सीटों पर करेंगे संवाद*

भाजपा के रैलियों पर कहा कि हर पार्टी चुनावी तैयारियां कर रही है, क्योंकि एक साल शेष रह गया है। हम प्रदेश की 90 विधानसभा सीटों पर लोगों के बीच जाएंगे और संवाद करेंगे। आगामी चुनाव पर दिग्विजय ने कहा कि एक साल में मेरा कोई चुनाव लड़ने का मूड नहीं है। पार्टी जो तय करेगी वह मेरे लिए मान्य है।

भाजपा- जजपा गठबंधन पर कहा कि गठबंधन मजबूत है और पांच साल चलेगा। इसके बाद दोनों पार्टियों के नेता तय करेंगे कि आगे क्या करना है।

No comments:

Post a Comment