राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा का अपमान:हिसार में BJP मंत्री कमल गुप्ता ने जूते पहनकर माला पहनाई, तिरंगा यात्रा निकाल रहे थे भाजपाई
निकाय मंत्री कमल गुप्ता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माला अर्पित करते समय जूते पहनकर चढ़ गए।
हरियाणा के हिसार जिले में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा का अपमान हुआ है। भाजपा मंत्री ने तिरंगा यात्रा के दौरान जूते पहनकर उनकी प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
दरअसल, भाजपा 7 अगस्त से हरियाणा में तिरंगा यात्रा निकाल रही है। यह यात्रा हर विधानसभा क्षेत्र में निकाली जा रही है, लेकिन इस तिरंगा यात्रा में महापुरुषों को भाजपाई जूते पहनकर श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं। प्रदेश के निकाय मंत्री कमल गुप्ता ने 11 अगस्त को हिसार शहर में तिरंगा यात्रा निकाली, लेकिन महापुरुष की प्रतिमा पर जब फूल अर्पित करने के लिए चढ़े तो जूते पहनकर।
निकाय मंत्री तिरंगा यात्रा निकालते समय इतने जोश में थे कि उन्हें जूते उतारने का समय ही नहीं मिला। जूते पहनकर जब वे राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और लाला लाजपत राय की प्रतिमा को माल्यार्पण कर रहे थे तो उनके समर्थक और कमांडो उनके पांवों को कसकर पकड़े हुए थे, ताकि मंत्री जी का संतुलन न बिगड़ जाए। निकाय मंत्री की तिरंगा यात्रा का वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड हुआ है।
जूते पहनकर महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करते हुए मंत्री कमल गुप्ता।
राजेश हिंदुस्तानी ने उठाए सवाल
सामाजिक कार्यकर्ता एवं जागो मानव बनो इंसान संस्था के अध्यक्ष गंगापुत्र राजेश हिन्दुस्तानी भी भाजपा की तिरंगा यात्रा में शामिल हुए। राजेश हिन्दुस्तानी ने आरोप लगाते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी की तिरंगा यात्रा में कैबिनेट मंत्री एवं हिसार के विधायक ने स्वयं और उनकी उपस्थिति में राष्ट्रीय ध्वज व देशभक्तों का अपमान किया।
राजेश हिन्दुस्तानी ने बताया कि विधायक डॉ. कमल गुप्ता ने तिरंगा यात्रा के दौरान नागोरी गेट स्थित लाला लाजपतराय की प्रतिमा पर जूतों सहित माल्यार्पण करके उनका अनादर किया। इसके बाद वे गांधी चौक स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने पहुंचे तो वहां भी जूते सहित ही प्रतिमा पर चढ़ गए और जूतों सहित ही माल्यार्पण किया।
सफेद कपड़ों में तिरंगा यात्रा में शामिल हुए राजेश हिंदुस्तानी
तिरंगा हाथ में लेकर पांवों को हाथ लगाया
राजेश हिंदुस्तानी के अनुसार, जब वे महात्मा गांधी की प्रतिमा पर जूतों सहित चढ़े हुए थे तो नीचे खड़े लोगों हाथों में तिरंगा झंडा लिए महात्मा गांधी की प्रतिमा के ऊपर जूते पहनकर चढ़े मंत्री के पांवों को हाथ लगा रहे थे। इससे राष्ट्रीय ध्वज का भी अपमान हो रहा था। एक जिम्मेदार नेता और जन प्रतिनिधि का ऐसा व्यवहार निंदनीय है।
राजेश हिन्दुस्तानी ने कहा कि विधायक कमल गुप्ता को अपनी भूल का तब भी अहसास नहीं हुआ। इसके बाद वे राजगुरु मार्केट गए और वहां लगी शहीद राजगुरु की प्रतिमा पर जूते पहनकर ही माल्यार्पण किया। उनके साथ आए काफी लोगों ने शहीद के प्रति कोई आदर नहीं रखते हुए जूतों सहित माल्यार्पण किया। यह पूरा मामला फेसबुक पर लाइव चल रही एक वीडियो में प्रमाण के तौर मौजूद भी है।
No comments:
Post a Comment