Breaking

Wednesday, September 13, 2023

आयुष्मान भव' अभियान के तहत बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक दिया जाएगा स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ: श्री देवेंद्र सिंह बबली

आयुष्मान भव' अभियान के तहत बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक दिया जाएगा स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ: श्री देवेंद्र सिंह बबली
चंडीगढ़, 13 सितम्बर -  हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री श्री देवेंद्र सिंह बबली ने कहा है कि आम जन मानस के स्वास्थ्य की पूर्ण जांच के साथ स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ देने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग के तत्वावधान में 17 सितम्बर 2023 से दो अक्तूबर 2023 तक सेवा पखवाड़ा मनाया जाएगा। इस जागरूकता अभियान के अंतर्गत सभी स्वास्थ्य केन्द्रों पर स्वच्छता, पौधारोपण, रक्तदान शिविर, अंगदान शपथ कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
 पंचायत मंत्री टोहाना स्थित नागरिक अस्पताल में आयोजित  महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु द्वारा किए गए राष्ट्रव्यापी 'आयुष्मान भव' अभियान के शुभारंभ कार्यक्रम का  सीधा प्रसारण देख रहे थे।  कार्यक्रम में श्री देवेंद्र सिंह बबली ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कैबिनेट मंत्री ने उपस्थित जनों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा 13 सितम्बर 2023 से 31 दिसम्बर 2023 'आयुष्मान भव' विशेष अभियान चलाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि लगभग चार माह तक चलने वाले इस अभियान से हर घर तक पहुंच कर सभी लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं में शामिल किया जायेगा। इस अभियान के तहत आयुष्मान आपके द्वार, आयुष्मान सभाएं, आयुष्मान मेले और बच्चों की स्क्रीनिंग सहित सात मुख्य स्वास्थ्य विषयों पर विभाग के पदाधिकारी नागरिकों तक पहुंच बनाएंगे। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि आयुष्मान आपके द्वार के तहत गांव, खण्ड व जिला स्तर पर आयुष्मान भारत चिरायु स्कीम के तहत एक लाख 80 हजार रुपये तक आय वाले परिवारों के निशुल्क तथा तीन लाख तक की आय वाले परिवारों से 15 सौ रुपये प्रति परिवार प्रति वर्ष लेकर लगभग 8 लाख नागरिकों के स्वास्थ्य कार्ड बनाएं जायेंगे।
उन्होंने कहा कि 'आयुष्मान भव' कार्यक्रम में बच्चों से लेकर बुजुर्गों को शामिल तक को शामिल कर सेवाओं का लाभ दिया जाएगा। इस कार्यक्रम के अंतर्गत ही आयुष्मान आपके द्वार कार्यक्रम का तीसरा चरण भी आयोजित किया जाएगा। जिसके तहत आयुष्मान सभाओं का आयोजन होगा जिनके माध्यम से लोगों को स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी देते हुए जागरूक किया जायेगा। श्री बबली ने कहा कि इसके साथ ही स्वास्थ्य मेलों का आयोजन किया जायेगा, जिनके माध्यम से लोगों की स्वास्थ्य जांच के साथ उन्हें दवाइयों का वितरण भी किया जायेगा। इस मौके पर एक नाटक के माध्यम से आम नागरिकों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक किया गया।

No comments:

Post a Comment