*हरियाणा में भाजपा सरकार की लूट, घोटाले और भ्रष्टाचार का कैग रिपोर्ट ने किया पर्दाफाश : रणदीप सुरजेवाला*
*रणदीप सुरजेवाला ने कहा : भाजपा और मुख्यमंत्री नायब सैनी ने किया किसानों, नौजवानों के साथ धोखा और बच्चों की शिक्षा पर हमला*
*भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस महासचिव एवं सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने सुनी किसान भवन पर जन समस्याएं*
कैथल : हरियाणा की जनता लंबे समय से भाजपा सरकार की लूट, हेराफेरी और भ्रष्टाचार की गवाह रही है। अब कैग की ताजा रिपोर्ट ने इस काले कारनामे को पूरी तरह बेनकाब कर दिया है। ऊपर से नीचे तक की मिलीभगत से हरियाणा के सरकारी खजाने को हजारों करोड़ का चूना लगाया गया है। यह भाजपा सरकार का असली चेहरा है, जो हरियाणा के भविष्य को तबाह करने पर तुली है। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला ने भाजपा सरकार व मुख्यमंत्री नायब सैनी पर हमला बोला।
*रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कैग की रिपोर्ट से सनसनीखेज खुलासे किए*
किसान भवन कैथल पर जनता की समस्याएं सुनते हुए रणदीप सिंह सुरजेवाला ने भाजपा सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि कैग की रिपोर्ट से सनसनीखेज खुलासे हुए जिसमें गेहूं खरीद और भंडारण में घोटाला हुआ। जिससे सरकारी खजाने को ₹232 करोड़ का नुकसान हुआ। साल 2017-2021 के बीच 79,967 मीट्रिक टन गेहूं भंडारण में सड़ा दिया गया, और निस्तारण के नाम पर बजट डकार लिया गया। उन्होंने कहा कि महिला श्रमिकों की योजना में हेराफेरी हुई। मुख्यमंत्री महिला निर्माण श्रमिक योजना में ₹5,100 की सहायता पुरुषों को बांट दी गई। आवेदनों की जांच में लापरवाही और हेराफेरी का खेल हुआ। श्रमिक कल्याण के लिए आवंटित दो-तिहाई राशि का उपयोग ही नहीं हुआ, लेकिन 577 अपात्रोंको लाभ दे दिया गया। खर्च में बेतहाशा गड़बड़ी हुई। कई सरकारी विभागों और उपक्रमों में बिना सक्षम अधिकारी की मंजूरी के सैकड़ों करोड़ रुपये का बंदरबांट किया गया। योजनाओं में देरी और मनमाने भुगतान से जनता के पैसे का भारी नुकसान।
सुरजेवाला ने भाजपा सरकार पर कचरा प्रबंधन में घपलेबाजी का आरोप लगाते हुए कहा कि साल 2017-2022 के बीच 103.58 लाख टन कचरे में से 64.86 लाख टन (63%) बिना निस्तारण के डंप साइटों पर फेंका गया। इससे प्रदूषण बढ़ा और सरकारी खजाने से दोबारा खर्च निकालने का खेल रचा गया। इसके साथ ही राजस्व को भारी चपत लगाई गई। 24,362 मामले लंबित छोड़कर 2.23 लाख करोड़ रुपये का राजस्व नुकसान हुआ। 1,500 करोड़ रुपये का खुला घोटाला हुआ। फिजूलखर्ची, नियमों की अनदेखी और अधूरे कामों से 75,000 करोड़ रुपये से अधिक की चपत लगाई गई।
*रणदीप सुरजेवाला ने कहा, भाजपा शासन में हरियाणा के नौजवानों का भविष्य दांव पर*
रणदीप सुरजेवाला ने भाजपा सरकार पर युवा विरोधी सरकार होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि हरियाणा के नौजवानों का भविष्य दांव पर है। भाजपा ने अपने चुनावी जुमलापत्र में 2 लाख सरकारी नौकरियों का वादा किया था, लेकिन अब खुद स्वीकार किया है कि 4,25,000 सरकारी पद खाली पड़े हैं। पेपर लीक, रिजल्ट में देरी, और कोर्ट-कचहरी के चक्कर में नौजवानों की उम्र निकल रही है। हरियाणा कौशल रोजगार निगम (HKRN) के जरिए कम वेतन पर कच्ची नौकरियां थोपी जा रही हैं। नशाखोरी और संगठित अपराध के दलदल में फंसे हरियाणा के युवा और परिवार भारी कर्ज लेकर बच्चों को विदेश भेजने को मजबूर हैं, जो कई बार जानलेवा साबित हो रहा है।
*रणदीप सुरजेवाला बोले, भाजपा शासन में शिक्षा पर महंगाई का पहाड़*
सुरजेवाला ने कहा कि भाजपा राज में शिक्षा पर महंगाई का पहाड़ टूटा हुआ है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय नमूना सर्वेक्षण (NSS) 2025 की रिपोर्ट के अनुसार, हरियाणा में स्कूली शिक्षा देशभर में सबसे महंगी है। प्रति छात्र ₹27,720 का खर्च, जो राष्ट्रीय औसत से दोगुना है। प्राइवेट स्कूलों में ₹48,636 और चंडीगढ़ में ₹49,711 प्रति छात्र का बोझ है। सरकारी स्कूलों का बुरा हाल है व उनकी हालात दयनीय है।
*रणदीप सुरजेवाला ने भाजपा पर किसानों और उद्योगों पर हमला करने का लगाया आरोप*
सुरजेवाला ने कहा कि भाजपा ने किसानों और उद्योगों पर हमला बोला हुआ है। अमेरिकी टैरिफ भारतीयों पर कहर बरपा रहा है अमेरिका ने भारतीय उत्पादों पर 50% टैरिफ लगाकर $1.2 बिलियन के निर्यात को निशाना बनाया है। इससे हरियाणा के पानीपत, रोहतक, गुड़गांव, फरीदाबाद, अंबाला जैसे औद्योगिक केंद्रों में हजारों करोड़ के काम-धंधों पर ताला लगने का खतरा है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने अमेरिकी दबाव में 31 दिसंबर 2025 तक कपास आयात शुल्क हटा दिया, जिससे 3.5 करोड़ किसान-बुनकर बर्बाद हो रहे हैं। भाजपा का मेक इन इंडिया और आत्मनिर्भर भारत का नारा खोखला साबित हुआ, क्योंकि आयात माफिया और सूट-बूट वाले पूंजीपतियों को फायदा पहुंचाया जा रहा है।
*सुरजेवाला ने भाजपा सरकार से सवाल पूछे और उनकी जवाबदेही मांगी*
कांग्रेस महासचिव एवं सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने भाजपा सरकार पर सवाल दागते हुए कहा कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह द्वारा लोकसभा में पढ़ाए गए नैतिकता के पाठ के बाद, क्या हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर की जवाबदेही तय होगी? क्या वर्तमान मुख्यमंत्री नायब सैनी इस महाघोटाले के बाद इस्तीफा देंगे? हरियाणा की जनता को लूटने वाली भाजपा सरकार अब जवाब दें कि इन घोटालों का जिम्मेदार कौन है?
उन्होंने कहा कि हरियाणा की जनता अब भाजपा सरकार की और ठगी बर्दाश्त नहीं करेगी। भाजपा के कुशासन को उखाड़ फेंकने और कांग्रेस के सुशासन को लाने का समय आ गया है।
No comments:
Post a Comment