Breaking

Friday, September 12, 2025

पिल्लूखेड़ा के जाबांज शहीद सौरभ गर्ग को नही मिला सम्मान, खुद की जान की बाजी लगा 11 लोगों की जान बचाई थी जांबाज सौरभ गर्ग ने

पिल्लूखेड़ा के जाबांज शहीद सौरभ गर्ग को नही मिला सम्मान
खुद की जान की बाजी लगा 11 लोगों की जान बचाई थी जांबाज सौरभ गर्ग ने

मुख्य सचिव छह सप्ताह में बताएं देरी क्यों हुई और जिम्मेदारी भी तय करें : हरियाणा मानव अधिकार आयोग
जींद : हरियाणा मानव अधिकार आयोग ने पिल्लूखेड़ा निवासी स्वर्गीय शहीद सौरभ गर्ग के मामले में महत्वपूर्ण आदेश पारित किया है। आयोग की पीठ जिसमें आयोग के अध्यक्ष न्यायमूर्ति ललित बत्तरा सदस्य (न्यायिक) कुलदीप जैन एवं सदस्य दीप भाटिया सम्मिलित रहे ने यह आदेश शिकायत संख्या 1995/8/2023 में पारित किया। 
शुक्रवार को शहीद सौरभ के पिता चंद्रभान ने शिकायत दी थी कि आठ दिसंबर 2012 को जिला जींद के पिल्लूखेड़ा में 11 लोगों की जान बचाते हुए सौरभ ने अपने प्राण न्यौछावर कर दिए। घर रसोई गैस सिलेंडर से गैस रिसाव के कारण आग की लपटों में घिर गया था। सौरभ गर्ग ने अपनी जान की परवाह न करते हुए सभीजन को बचाने का काम किया। स्व. सौरभ गर्ग का बलिदान न केवल उनके परिवार का निजी शोक है बल्कि संपूर्ण समाज और राज्य का गौरव भी है। चंद्रभान ने कहा कि वो पिछले एक दशक से इस बलिदान की मान्यता हेतु निरंतर प्रयासरत हैं। अभिलेख से स्पष्ट है कि उपायुक्त जींद ने घटना के एक सप्ताह के भीतर ही मामले की संस्तुति गृह विभाग हरियाणा सरकार को भेज दी थी। इसके बाद बार-बार पत्राचार हुआ। 22 फरवरी 2013 को हरियाणा विधानसभा में इस घटना पर चर्चा हुई। जहां सदस्यों ने दिवंगत की स्मृति में मौन खड़े होकर श्रद्धांजलि दी। लगातार पत्राचार किया गया लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नही आया। यह उल्लेखनीय है कि उस समय भारत सरकार की ओर से साहसिक कार्यों एवं जीवन रक्षा के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार देने हेतु एक सुव्यवस्थित नीति पहले से ही लागू थी। हरियाणा सरकार इस नीति के अंतर्गत नामांकन भेज सकती थी। किंतु संबंधित अधिकारियों द्वारा निर्धारित समयसीमा में फाइल आगे न बढ़ाने के कारण मृतक को इस लाभ से वंचित होना पड़ा। 
11 लोगों की जान बचाने वाले शहीद सौरभ को शत-शत नमन
अखिल भारतीय अग्रवाल समाज के प्रधान राजकुमार गोयल ने कहा कि पिल्लूखेड़ा कस्बे में 18 फुट ऊंचा भव्य शहीद सौरभ गर्ग स्मारक स्थापित किया है। यह स्मारक आने वाली पीढिय़ों को सौरभ के साहस और बलिदान से प्रेरणा देता रहेगा। खुद की जान कुर्बान कर 11 लोगों की जान बचाने वाले शहीद सौरभ गर्ग को शत-शत नमन।

No comments:

Post a Comment