चंडीगढ़ : आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता अनुराग ढांडा ने कहा कि दिल्ली के कथित शराब घोटाले पर राउस एवेन्यू कोर्ट से भाजपा और CBI-ED के गठजोड़ को जबरदस्त झटका लगा है। कोर्ट के आदेश से साफ हो गया है कि दिल्ली में कोई शराब घोटाला नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि पूरा शराब घोटाला फर्जी है। इसका मकसद केवल आम आदमी पार्टी को बदनाम करना है।
इस मामले में गिरफ्तार राजेश जोशी और गौतम मल्होत्रा को कोर्ट ने जमानत दे दी है। कोर्ट ने भाजपा और CBI-ED द्वारा लगाए गए 100 करोड़ रुपए के घोटाले के आरोप को मनगढ़ंत बताया है।
अनुराग ढांडा ने कहा कि असलियत में शराब घोटाला हरियाणा में हुआ है। खट्टर सरकार के इस घोटाले की जांच CBI-ED को करनी चाहिए। हरियाणा में शराब घोटाला लॉकडाउन के दौरान हुआ था। इससे खट्टर सरकार ने राजस्व में हजारों करोड़ रुपए का नुकसान पहुंचाया है। हजारों करोड़ के इस घोटाले में गोदाम से शराब की हजारों पेटी गायब हुई थीं।
इसमें आबकारी विभाग, पुलिस और शराब कारोबारियों की मिलीभगत सामने आई थी। इसके अलावा शराब तस्करी के मामले में एक जजपा नेता का नाम भी सामने आया था।
शराब घोटाला सामने आने के बाद गृह मंत्री अनिल विज के आदेश पर जांच कमेटी गठित की गई थी। इसमें SIT ने 2000 पेज की रिपोर्ट भी बनाई थी। जोकि सरकार ने दबाने का काम किया। इस रिपोर्ट को विधानसभा के पटल पर भी नहीं रखा गया। उन्होंने कहा कि खट्टर सरकार ने इस घोटाले में 2-4 अफसरों को सस्पेंड करने का काम किया, जबकि घोटाले के मास्टरमाइंड नेता खुले घूम रहे हैं।
वहीं, विजिलेंस की रिपोर्ट अभी तक भी नहीं आई है। इसमें सरकार की मिलीभगत स्पष्ट नजर आ रही है। उन्होंने कहा कि CBI-ED को हरियाणा में दिन रात बिकने वाली अवैध शराब की जांच करनी चाहिए।
आप नेता ने कहा कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस ने नकली शराब को सरकारी शराब दुकान से बेचकर 2000 करोड़ का घोटाला किया है। इस मामले में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को तुरंत गिरफ्तार किया जाना चाहिए। इसमें कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की क्या संलिप्तता है, इसकी भी जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा और कांग्रेस दोनों भ्रष्टाचार में लिप्त और घोटालेबाज सरकार हैं।
No comments:
Post a Comment