Breaking

Sunday, September 21, 2025

अग्रसेन जयंती के मौके पर अग्रसेन जयंती को राष्ट्रीय पर्व घोषित करे केंद्र सरकार : राजकुमार गोयल

अग्रसेन जयंती के मौके पर अग्रसेन जयंती को राष्ट्रीय पर्व घोषित करे केंद्र सरकार : राजकुमार गोयल
जींद : अखिल भारतीय अग्रवाल समाज हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष एवं प्रमुख समाजसेवी डा. राजकुमार गोयल ने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मांग की है कि महाराजा अग्रसेन जयंती को देश का राष्ट्रीय पर्व घोषित किया जाए। गोयल का कहना है कि 22 सितम्बर को पूरा देश अग्रसेन जयंती मना रहा है। अगर देश के प्रधानमंत्री इस दिन अग्रसेन जयंती को राष्ट्रीय पर्व घोषित करते है तो यह करोड़ो देशवासियों के लिए खुशी की बात होगी। गोयल का कहना है कि अग्रवाल समाज पिछले कई दशको से अग्रसेन जयंती को देश का राष्ट्रीय पर्व घोषित करने की मांग को लेकर संघर्षरत है।
गोयल का कहना है कि महाराजा अग्रसेन पहले ऐसे महापुरूष हुए हैं जिन्होंने एक रूपया एक ईंट के संदेश के साथ पूरी दुनिया को समाजवाद का पाठ पढ़ाया। उनके राज्य में जो भी जरूरतमंद बसने के लिए आता था उन्हें अग्रोहा का हर परिवार एक रुपया एक ईंट देकर अपना बराबर का बना लेता था। ईंटो से जहां वह जरूरतमंद व्यक्ति अपना मकान बना लेता था वही रुपयों से अपना काम धंधा शुरू कर लेता था। समाज के गरीब तबके को अपने बराबर का बनाने को ही समाजवाद का नाम दिया गया है। महाराजा अग्रसेन को समाजवाद का अग्रदूत कहा जाता है। उन्होने अपनी शासन प्रणाली में इस नई व्यवस्था को जन्म दिया। वे एक ऐसे अहिंसा के पुजारी थे जिनके राज्य में रहने वाली जनता के दिलों में समानता का भाव कूट कूट कर भरा जाता था और दान देने की प्रवृति का समावेश किया जाता था जिसके चलते जनता में हमेशा समाज सेवा की प्रवृति प्रबल रहती थी।
गोयल का कहना है कि समाजवाद के प्रतीक ऐसे युग पुरुष की जयंती के उपलक्ष्य में हरियाणा सरकार ने तो पिछले लंबे समय से सार्वजनिक अवकाश घोषित किया हुआ है लेकिन केन्द्र सरकार ने अभी तक इस पर्व को राष्ट्रीय पर्व घोषित नहीं किया है। लम्बे समय से यह मांग अधर में लटकी पडी है। पिछले लगातार कई सालों से वे केन्द्र सरकार से अग्रसेन जयंती को राष्ट्रीय पर्व घोषित करने की मांग करते आ रहे हैं। इस बार फिर अग्रसेन जयंती के मौके पर उनकी देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मांग है कि इस जयंती पर्व को राष्ट्रीय पर्व घोषित किया जाए ताकि महाराजा अग्रसेन की जयंती को पूरे देश के लोग पर्व के रूप में मना सकें।
राजकुमार गोयल का यह भी कहना है कि वे पिछले कई सालों से देश के प्रधानमंत्री को पत्र लिखते आ रहे है। उनका कहना है कि 2017 में तो उनके इस सुझाव को सरकार द्वारा स्वीकार भी किया गया था। पूरे देश से आए हजारों सुझावों में से जो 16 सुझाव सरकार द्वारा स्वीकार किए गए थे उनमें से एक सुझाव यह भी था। गोयल का कहना है कि उसके बाद भी यह मांग आज तक अधूरी पड़ी है। गोयल की देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मांग है कि महाराजा अग्रसेन जयंती को राष्ट्रीय पर्व घोषित किया जाए।

No comments:

Post a Comment