Breaking

Friday, September 5, 2025

शिकायतों का त्वरित निपटान सुनिश्चित करें- एडीसी विवेक आर्य

शिकायतों का त्वरित निपटान सुनिश्चित करें- एडीसी विवेक आर्य

पोर्टल पर एक्शन टेकन रिपोर्ट पूरी तरह से भरी जाए और संबंधित फोटो सहित समय पर अपलोड की जाए-अतिरिक्त उपायुक्त विवेक आर्य
जींद :  लघु सचिवालय स्थित सभागार में शुक्रवार को अतिरिक्त उपायुक्त विवेक आर्य ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर समाधान शिविर, जन संवाद तथा सीएम विंडो के माध्यम से प्राप्त शिकायतों की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक विभाग यह सुनिश्चित करे कि पोर्टल पर एक्शन टेकन रिपोर्ट पूरी तरह से भरी जाए और संबंधित फोटो सहित समय पर अपलोड की जाए।
इससे पूर्व चंडीगढ़ मुख्यालय से वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से लंबित मामलों की समीक्षा की गई है। उन शिकायतों को विशेष रूप से चिह्नित किया गया है जिन पर त्वरित व गंभीर कार्रवाई की आवश्यकता है। इस संबंध में सभी उपायुक्तों को लंबित मामलों का शीघ्र निपटारा करने के निर्देश दिए गए हैं।
एडीसी विवेक आर्य ने कहा कि विकास एवं पंचायत, राजस्व, नगर परिषद तथा पुलिस विभाग में अपेक्षाकृत अधिक शिकायतें लंबित हैं, इसलिए इन विभागों को प्राथमिकता के आधार पर निपटान करना होगा। उन्होंने कहा कि यदि शिकायतों का समाधान समय पर नहीं किया गया तो संबंधित विभाग स्वयं इसके लिए जवाबदेह होंगे।
उन्होंने कहा कि शिकायतों को निपटाने में तेजी और गंभीरता दोनों आवश्यक हैं।यदि किसी मामले में स्वाभाविक रूप से अधिक समय लगना है तो शिकायतकर्ता को स्पष्ट कारण बताकर संतुष्ट किया जाए, ताकि मामले को बार-बार रिओपन न करना पड़े। साथ ही पोर्टल पर एटीआर अपडेट करते समय देरी के कारणों का उल्लेख करें और स्पष्ट एटीआर भरें ।  एडीसी ने जानकारी दी कि अब तक समाधान प्रकोष्ठ पर कुल 9720 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनमें से 8420 मामलों का निपटारा किया जा चुका है, जबकि शेष शिकायतों पर कार्रवाई प्रक्रिया में है और जल्द ही उनका निस्तारण कर दिया जाएगा। बैठक में डीएमसी सुरेंद्र सिंह, सीटीएम मोनिका, डीआरओ राजकुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment