पुलिस विभाग ने निभाया मानवता का धर्म
जींद : पुलिस ने अपने 13 दिवंगत कर्मचारियों के परिजनों का मंगलवार को सम्मान किया। इन सभी परिजनों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी गई। पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह ने कहा कि जिन 13 कर्मचारियों के परिजनों की आर्थिक मदद की है, उन्होंने अपने कर्तव्यपथ पर अपने जीवन का अमूल्य योगदान दिया है। इन कर्मचारियों के परिजनों की सहायता करने के लिए यह राशि दी गई है ताकि उनकी कुछ मदद हो सके। एसपी ने दिवंगत कर्मचारियों के परिजनों से आत्मीय संवाद करते हुए उनका कुशल क्षेम जाना। उनकी पीड़ा को समझा और उन्हें भरोसा दिलाया कि जींद पुलिस केवल एक विभाग नही बल्कि एक परिवार है। हमारे किसी भी सदस्य या परिवार पर कोई कठिन समय आता है तो जींद पुलिस पूरी मजबूती से उनके साथ खड़ी रहती है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी यदि परिजन को किसी प्रकार की पारिवारिक, सामाजिक या प्रशासनिक समस्या आती है तो वह निसंकोच पुलिस प्रशासन के समक्ष रख सकते हैं, उन्हें हरसंभव सहायता प्रदान की जाएगी। यह पहल जींद पुलिस की उस मानवीय सोच को दर्शाती है, जिसमें वह अपने कर्मियों को केवल वर्दी तक सीमित नहीं मानती बल्कि उनके परिवारों को भी अपने बड़े पुलिस परिवार का अभिन्न हिस्सा मानती है।
No comments:
Post a Comment