Breaking

Tuesday, December 23, 2025

एग्रीस्टैक किसान पंजीकरण अभियान शुरू, गांवों में लगेंगे विशेष शिविर

एग्रीस्टैक किसान पंजीकरण अभियान शुरू, गांवों में लगेंगे विशेष शिविर
एग्रीस्टैक से किसानों तक सरकारी योजनाओं का लाभ होगा तेज : डीसी
जींद : उपायुक्त मोहम्मद इमरान रजा के मार्गदर्शन में जिला जींद में केंद्र सरकार के डिजिटल एग्रीकल्चर मिशन के तहत एग्रीस्टैक किसान पंजीकरण अभियान की शुरुआत कर दी गई है। इस अभियान का उद्देश्य किसानों का प्रमाणिक डिजिटल डाटाबेस तैयार कर सरकारी योजनाओं का लाभ उन्हें समयबद्ध, पारदर्शी और सरल तरीके से उपलब्ध कराना है। उपायुक्त ने किसानों से आह्वान किया कि वे अपने गांव में आयोजित होने वाले विशेष शिविरों में पहुंच कर पंजीकरण करवाएं और इस डिजिटल पहल से जुड़ें। उपायुक्त ने बताया कि एग्रीस्टैक एक आधुनिक डिजिटल कृषि प्लेटफॉर्म है,  जिसके माध्यम से किसानों की पहचान, भूमि रिकॉर्ड, फसल संबंधी विवरण, आय, ऋण और बीमा जैसी महत्वपूर्ण जानकारियां एक ही स्थान पर सुरक्षित की जाएंगी। पंजीकरण के उपरांत प्रत्येक किसान को एक यूनिक किसान आईडी प्रदान की जाएगी। जिससे पीएम किसान योजना, फसल बीमा योजना,  कृषि ऋण, सब्सिडी सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे डीबीटी के माध्यम से उनके बैंक खातों में प्राप्त हो सकेगा। उन्होंने बताया कि पंजीकरण प्रक्रिया को प्रभावी बनाने के लिए कृषि विभाग और राजस्व विभाग की संयुक्त टीमें गठित की गई हैं। जिन्हें आवश्यक प्रशिक्षण दिया जा चुका है। एग्रीस्टैक के माध्यम से किसानों को मौसम पूर्वानुमानए मिट्टी स्वास्थ्य रिपोर्ट, बाजार भाव और बेहतर फसल सलाह जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी। इससे किसानों को बार-बार दस्तावेज जमा करने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी और समय की बचत होगी। उपायुक्त ने किसानों से अपील की कि वे पंजीकरण शिविर में आधार कार्ड, भूमि रिकॉर्ड और अन्य आवश्यक दस्तावेज साथ लेकर आएं। उन्होंने बताया कि पहले चरण में जिले के सभी उपमंडलों से दो-दो गांव चयनित कर कुल 14 गांवों में शिविरों का शेड्यूल जारी किया गया है। इसके बाद शेष गांवों को कवर करने के लिए अगले चरण का शेड्यूल भी जारी किया जाएगा ताकि पूरे जिले को इस अभियान के अंतर्गत शामिल किया जा सके। 
*आज इन गांवों में लगेंगे शिविर*

उन्होंने जानकारी दी कि 23 दिसंबर तक ये पंजीकरण शिविर अलेवा ब्लॉक के दुड़ाना व रायचंदवाला, जींद ब्लॉक के जलालपुर कलां व जुलानी, जुलाना ब्लॉक के बुआना व जैजैवंती, सफीदों ब्लॉक के बड़ौद व खरकड़ा, पिल्लूखेड़ा ब्लॉक के ढाठरथ व कालवा, नरवाना ब्लॉक के गुरथली व रसीदां तथा उचाना ब्लॉक के धनखड़ी व डोहाना खेड़ा गांवों में आयोजित किए जाएंगे।

No comments:

Post a Comment